होली में उड़द-मूंग दाल से तैयार करें स्वादिष्ट और मुलायम दही बड़ा, जानें खास रेसिपी

2 hours ago

होमताजा खबरदेश

होली में उड़द-मूंग दाल से तैयार करें स्वादिष्ट और मुलायम दही बड़ा, जानें खास र

Last Updated:March 03, 2026, 18:20 IST

सबसे पहले उड़द दाल और मूंग दाल को साफ पानी में 2 से 3 घंटे के लिए भिगो दें. जब दाल अच्छी तरह फूल जाए, तो उसे छानकर अदरक और हरी मिर्च के साथ दरदरा पीस लें. ध्यान रखें कि पेस्ट पूरी तरह महीन न हो, बल्कि हल्का दरदरा रहे, ताकि बड़े का टेक्सचर बेहतर बने. इसके बाद पीसी हुई दाल में नमक, थोड़ा सा बेकिंग सोडा, लाल मिर्च पाउडर और जीरा पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें.

कोडरमा: होली का त्योहार आते ही रसोई में पकवानों की खुशबू महकने लगती है. रंगों के इस पावन पर्व पर दही बड़ा एक ऐसा पारंपरिक व्यंजन है, जो लगभग हर घर की थाली की शान बढ़ाता है. कोडरमा की गृहिणी राधिका प्रजापति ने नरम, फूले-फूले और स्वादिष्ट दही बड़ा बनाने की आसान विधि साझा की है. उनका कहना है कि सही तरीके से तैयारी की जाए तो घर पर ही बाजार जैसा स्वाद पाया जा सकता है.

दाल की सही तैयारी है पहला कदम
राधिका बताती हैं कि सबसे पहले उड़द दाल और मूंग दाल को साफ पानी में 2 से 3 घंटे के लिए भिगो दें. जब दाल अच्छी तरह फूल जाए, तो उसे छानकर अदरक और हरी मिर्च के साथ दरदरा पीस लें. ध्यान रखें कि पेस्ट पूरी तरह महीन न हो, बल्कि हल्का दरदरा रहे, ताकि बड़े का टेक्सचर बेहतर बने. इसके बाद पीसी हुई दाल में नमक, थोड़ा सा बेकिंग सोडा, लाल मिर्च पाउडर और जीरा पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. यह मिश्रण स्वाद और फुलावट दोनों के लिए जरूरी है. तैयार घोल को लगभग 15 मिनट तक ढककर रख दें, ताकि वह अच्छी तरह फूल सके.

ऐसे करें मिश्रण की जांच
करीब 15 मिनट बाद घोल को एक बार फिर अच्छे से फेंट लें. अब एक बर्तन में पानी भरकर उसमें थोड़ा सा घोल डालकर जांच करें. यदि मिश्रण पानी की सतह पर तैरने लगे, तो समझ लें कि बड़ा तलने के लिए तैयार है. इसका मतलब है कि घोल में पर्याप्त हवा भर चुकी है और बड़ा नरम बनेंगे. इसके बाद एक कढ़ाई में मध्यम आंच पर तेल गर्म करें. घोल के छोटे-छोटे गोले बनाकर तेल में डालें और सुनहरा होने तक तलें. ध्यान रखें कि बड़ा दोनों तरफ से अच्छी तरह पकें, ताकि वे बाहर से हल्के कुरकुरे और अंदर से मुलायम रहें.

पानी में भिगोने का खास तरीका
राधिका के अनुसार, तले हुए बड़ा को तुरंत नमक और हींग मिले गुनगुने पानी में डालकर लगभग 10 मिनट तक छोड़ दें. इससे बड़ा पानी सोख लेते हैं और भीतर से बेहद नरम हो जाते हैं. दही बड़ा के स्वाद और मुलायमपन के लिए यह प्रक्रिया बेहद महत्वपूर्ण है. इसी दौरान एक अलग बर्तन में दही लें और उसमें जरूरत के अनुसार पानी मिलाकर पतला घोल तैयार करें. इसमें नमक, लाल मिर्च पाउडर और जीरा पाउडर डालकर अच्छी तरह फेंट लें. चाहें तो ऊपर से भुना हुआ जीरा भी छिड़क सकते हैं.

अब पानी में भीगे बड़ा को निकालकर हल्के हाथों से दबाकर अतिरिक्त पानी निकाल दें और उन्हें तैयार दही में डाल दें. कुछ देर दही में रखने से बड़ा उसका स्वाद अच्छी तरह सोख लेते हैं. इस तरह नरम, स्वादिष्ट और चटपटा दही बड़ा तैयार हो जाता है. परोसते समय ऊपर से इमली की चटनी, हरी चटनी या चाट मसाला डालकर इसका स्वाद और भी बढ़ाया जा सकता है.

About the Author

Amita kishor

न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क...और पढ़ें

Location :

Kodarma,Jharkhand

First Published :

March 03, 2026, 18:20 IST

Read Full Article at Source