Last Updated:September 09, 2025, 10:11 IST
भारत में लड़कियों की शादी की उम्र में साल दर साल बढ़ोत्तरी हो रही है. हाल ही में आई रिपोर्ट के अनुसार, देशभर में लड़कियों का शादी की औसतन उम्र 22.9 साल है. हालांकि, शहरी और ग्रामीण इलाकों में अब भी शादी की उम्र...और पढ़ें

Average Age of Marriage for Women in India: भारत में कभी बाल विवाह की प्रथा खूब प्रचलित थी, जब लड़कियों की शादी 10 से 13 साल की उम्र में कर दी जाती थी. लेकिन आज हालात कुछ और हैं. आज भारत में लड़कियों की शादी की उम्र 22.9 साल हो गई है, जो धीरे-धीरे बढ़ते हुए यहां तक पहुंच गई है. यह आंकड़ा साल 2022 में 22.7 था, लेकिन अब इसमें फिर से सुधार हुआ है.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, यह जानकारी सैंपल रजिस्ट्रेशन सिस्टम (SRS) की स्टैटिस्टिकल रिपोर्ट 2023 के जरिए प्राप्त हुई है. रिपोर्ट के अनुसार, भारत के ज्यादातर राज्यों में लड़कियों की शादी 18 साल की उम्र के बाद ही हो रही है. हालांकि, अब भी कुछ राज्य ऐसे है, जहां 18 साल से पहले ही लड़कियों की शादी कर दी जाती है. इसमें पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ जैसे राज्य शामिल हैं.
इस राज्य में हो रही लड़कियों की सबसे कम उम्र में शादी
इसके अलावा, अलग-अलग राज्यों में लड़कियों की शादी की औसतन उम्र में भी फर्क देखा जा सकता है. जहां पश्चिम बंगाल में यह उम्र सबसे कम 21.3 साल है, वहीं जम्मू-कश्मीर में यह सबसे ज्यादा 26.3 साल है. पिछले कुछ सालों के आंकड़ों को उठाकर देखें, तो लड़कियों की शादी की औसतन उम्र में लगातार बढ़ोत्तरी हुई है.
2019 – 22.1 साल
2020 – 22.7 साल
2021 – 22.5 साल
2022 – 22.7 साल
गांव और शहर में अब भी उम्र का अंतर
दरअसल, गांव और शहर में लड़कियों की शादी की औसतन उम्र में अभी भी काफी बड़ा अंतर है. साल 2023 में जहां ग्रामीण इलाकों में लड़कियों की औसतन शादी की उम्र 22.4 साल थी, वहीं यह उम्र शहरी इलाकों में 24.3 साल थी. इसके अलावा, साल 2022 में यह आंकड़ा ग्रामीण इलाकों में 22.2 था, जबकि शहरी इलाकों में 23.9 साल रहा.
देश में इतनी लड़कियां कर रही 18 साल से पहले शादी
राष्ट्रीय स्तर पर अगर लड़कियों की शादी की औसतन उम्र को देखें, तो 2.1% लड़कियां 18 साल से कम उम्र में ही शादी कर लेती हैं. वहीं, देश की 25% लड़कियां 18 से 20 साल की उम्र के बीच शादी कर रही हैं. इसके अलावा, 21 साल या उससे अधिक उम्र में शादी करने वाली लड़कियों की संख्या 72.9% है.
हालांकि, इस आंकड़े को ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के अनुसार देखा जाए, तो दोनों में काफी अंतर देखने को मिलेगा. यह आंकड़े कुछ इस प्रकार हैं:
ग्रामीण इलाकों में: 2.5% (18 से पहले), 28.1% (18-20 साल), 69.4% (21 साल या उससे अधिक)
शहरी इलाकों में: 1.2% (18 से पहले), 17% (18-20 साल), 81.8% (21 साल या उससे अधिक)
इस राज्य में ना के बराबर 18 साल से कम उम्र में शादी
इसके अलावा, अगर देश के बड़े राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की बात करें, जहां लड़कियां 18 साल की उम्र से पहले शादी कर लेती है, तो इसमें सबसे ऊपर पश्चिम बंगाल का नाम शुमार है. यहां सबसे ज्यादा करीब 6.3% लड़कियां 18 साल से पहले शादी कर लेती है, जबकि यह आंकड़ा सबसे कम केरल में है, जहां केवल 0.1% लड़कियां ही 18 की उम्र से पहले शादी के बंधन में बंधती हैं.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
First Published :
September 09, 2025, 10:11 IST