NEET छात्रा मौत विवाद: 26 दिनों बाद CCTV फुटेज लीक, उस रात कमरे में क्या-क्या हुआ? देखें वीडियो

2 hours ago

Last Updated:February 01, 2026, 18:27 IST

पटना में NEET छात्रा की मौत का मामला अब एक नया मोड़ ले चुका है. सामने आए CCTV फुटेज में हॉस्टल स्टाफ छात्रा को बेहोशी की हालत में ले जाते दिख रहे हैं, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे सीबीआई को सौंप दिया है. घटना के दिन से लेकर आज तक क्या-क्या हुआ और किन सबूतों ने इस केस को उलझा दिया है, देखिए इस विशेष रिपोर्ट में.

26 दिनों बाद नीट छात्रा का CCTV फुटेज लीक, देखें उस रात कमरे में क्या हुआ था?

पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल की नीट (NEET) छात्रा की संदिग्ध मौत के 26 दिनों बाद एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इस सीसीटीवी वीडियो में छात्रा को अस्पताल ले जाते वक्त बेहोशी की हालत में कुछ लोग गोद में उठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं. यह फुटेज घटना वाली रात के अगले दिन यानी 6 जनवरी का है. लेकिन बड़ा सवाल यह कि इस घटना के 26 दिनों बाद यह वीडियो अब क्यों जारी किया गया है? क्या यह वीडियो घटना की कड़ियों को जोड़ने में अहम साबित हो सकता है या किसी ने जानबूझकर यह वीडियो लीक किया है? जब मामला सीबीआई को सौंप दिया गया है तो इस वीडियो को किसने और किस मकसद से जारी किया है? इस सीसीटीवी फुटेज के सार्वजनिक होने के बाद क्या छात्रा के परिवार के आरोप और गहरे हो गए हैं?

सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि पटना के उस निजी हॉस्टल में अफरा-तफरी का माहौल है जहां छात्रा रहती थी. घटना के तुरंत बाद दो से तीन स्टाफ सदस्य छात्रा को संदिग्ध तरीके से सीढ़ियों से नीचे लाते हैं और उसे गाड़ी में बिठाने की कोशिश करते हैं. लेकिन परिजनों का सवाल है कि अगर छात्रा की तबीयत बिगड़ी थी, तो तत्काल एम्बुलेंस को क्यों नहीं बुलाया गया? स्टाफ ने उसे जिस तरह से उठाया, वह किसी प्रोफेशनल मेडिकल प्रोटोकॉल का हिस्सा नहीं लग रहा था? जांच टीम अब इस फुटेज के आधार पर उन सभी कर्मचारियों की पहचान कर रही है जो उस समय वहां मौजूद थे.

उस दिन से अब तक क्या-क्या हुआ?

घटना का दिन: 5 जनवरी और 6 जनवरी की रात यह घटना शंभू गर्ल्स हॉस्टल में घटी. NEET की तैयारी कर रही छात्रा अपने कमरे में संदिग्ध अवस्था में मिली. हॉस्टल प्रशासन ने इसे आत्महत्या करार दिया, लेकिन कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ. परिजनों का हंगामा: छात्रा के माता-पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी बहादुर थी और वह ऐसा कदम नहीं उठा सकती. उन्होंने हॉस्टल के अंदर प्रताड़ना और सुरक्षा में चूक की शिकायत की. पुलिस की प्रारंभिक जांच: स्थानीय पुलिस ने मामले को दर्ज किया और कुछ लोगों को हिरासत में लिया, लेकिन परिजनों का आरोप था कि पुलिस जांच की दिशा भटकाने की कोशिश कर रही है. CCTV का खुलासा: आज जब यह वीडियो सामने आया, तो केस ने नया मोड़ ले लिया. वीडियो में छात्रा पूरी तरह अचेत दिख रही है, जिससे मौत के समय और कारण पर संदेह पैदा हो गया है. CBI को सौंपा गया मामला: परिजनों की बढ़ती मांग और सबूतों के अभाव के बीच, बिहार सरकार ने मामले को सीबीआई को ट्रांसफर करने की सिफारिश की.

गृह मंत्री सम्राट चौधरी का बड़ा बयान

बिहार के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने इस मामले पर कड़ा रुख अख्तियार किया है. उन्होंने मीडिया से बातचीत में साफ तौर पर कहा कि “नीतीश सरकार न्याय के साथ खड़ी है.” उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ने जांच में किसी भी तरह का हस्तक्षेप नहीं किया है. छात्रा का परिवार न्याय मांग रहा है और उनकी शंकाओं को दूर करना हमारी जिम्मेदारी है. इसीलिए हमने मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो को सौंप दी है. हमारी मंशा साफ है कि सच्चाई सामने आनी चाहिए और जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा.’

क्या सुसाइड की थ्योरी गलत थी?

जांच विशेषज्ञों का मानना है कि CCTV में छात्रा की शारीरिक स्थिति यह संकेत दे रही है कि वह उस समय बहुत ही गंभीर स्थिति में थी. यदि यह सुसाइड का मामला होता, तो आसपास के सबूतों और उसकी बॉडी लैंग्वेज में कुछ और संकेत मिलते. अब CBI की टीम छात्रा के कमरे की फॉरेंसिक जांच, उसके मोबाइल रिकॉर्ड्स और हॉस्टल के अन्य छात्रों के बयानों को नए सिरे से खंगालेगी.

नीट छात्रा की मौत के बाद लोग हॉस्टल की सुरक्षा और वहां के नियमों पर सवाल उठा रहे हैं. पटना नीट छात्रा डेथ केस अब केवल एक पुलिस डायरी का पन्ना नहीं, बल्कि बिहार की कानून व्यवस्था और न्याय के भरोसे की परीक्षा बन गया है. सीसीटीवी फुटेज ने शक की सुई हॉस्टल स्टाफ की ओर मोड़ दी है. अब देखना यह होगा कि सीबीआई की जांच में क्या निकलकर आता है और क्या पीड़िता के परिवार को वो न्याय मिल पाएगा जिसका इंतजार वे पिछले कई दिनों से कर रहे हैं.

About the Author

रविशंकर सिंहचीफ रिपोर्टर

भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई करने वाले रविशंकर सिंह सहारा समय न्यूज चैनल, तहलका, पी-7 और लाइव इंडिया न्यूज चैनल के अलावा फर्स्टपोस्ट हिंदी डिजिटल साइट में भी काम कर चुके हैं. राजनीतिक खबरों के अलावा...और पढ़ें

First Published :

February 01, 2026, 18:27 IST

homecrime

26 दिनों बाद नीट छात्रा का CCTV फुटेज लीक, देखें उस रात कमरे में क्या हुआ था?

Read Full Article at Source