आज के दौर में हमें लगता है कि ज्यादा ऑप्शन होना ही आजादी है। लेकिन इंडियन फिलॉसफी इसे अलग नजरिए से देखता है। महान फिलॉसफर विनोबा भावे का मानना था कि असली स्वतंत्रता वह नहीं है जब आप जो चाहें वह कर सकें बल्कि तब है जब आप सही काम करने के लिए खुद पर कंट्रोल रख सकें। अगर एक मोबाइल नोटिफिकेशन, गुस्सा या छोटी-सी इच्छा भी आपको अपने लक्ष्य से भटका दे तो सवाल यह है कि मालिक कौन है 'आप या आपकी आदतें?' यही सोच आज भी हमें सच्ची आजादी का मतलब समझाती है। ऐसे में इंडिपेंडेंस डे के इस वीक में समझिए आजादी का फिलॉसिफकल मीनिंग।
आप आदतों को कंट्रोल करते हैं या आदतें आपको
जरा अपने दिन की शुरुआत याद कीजिए। सुबह उठते ही कितने लोग सबसे पहले मोबाइल उठाकर नोटिफिकेशन चेक करते हैं? कई बार हम किसी जरूरी काम या पढ़ाई में लगे होते हैं लेकिन फोन पर एक मैसेज या सोशल मीडिया नोटिफिकेशन आते ही हमारा ध्यान भटक जाता है। कुछ मिनट के लिए फोन उठाते हैं और पता ही नहीं चलता कि एक घंटा कब निकल गया। यहीं से विनोबा भावे का विचार समझ आता है। उनका कहना था कि आजादी का मतलब यह नहीं कि हम जो चाहें वह कर लें। असली आजादी तब है जब हम वही कर सकें जो हमारे लिए सही और जरूरी है। अगर हमारी इच्छाएं, गुस्सा, लालच या मोबाइल की आदतें हमें कंट्रोल कर रही हैं तो हम पूरी तरह आजाद नहीं हैं।
रिसर्च भी यही बात कहती है
आज की साइंस भी इस सोच का सपोर्ट करती है। अमेरिकन साइकोलॉजिकल एसोसिएशन (APA) की 'द साइकोलॉजिकल साइंस ऑफ सेल्फ-कंट्रोल' पर बेस्ड रिपोर्ट बताती है कि जिन लोगों में सेल्फ-कंट्रोल अच्छा होता है वे कम तनाव महसूस करते हैं और अपने फैसले बेहतर तरीके से ले पाते हैं।
वहीं यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो के रिसर्चर विल्हेम हॉफमैन द्वारा किए गए और 'साइकोलॉजिकल साइंस' जर्नल की 'एवरीडे टेम्पटेशन्स' स्टडी में यह सामने आया कि आज के समय में सोशल मीडिया और इंटरनेट की आदत पर कंट्रोल करना कई लोगों के लिए सिगरेट या शराब जैसी लत छोड़ने से भी ज्यादा मुश्किल हो गया है। इसकी वजह हमारे दिमाग का डोपामीन सिस्टम है जो बार-बार फोन चेक करने की इच्छा पैदा करता है। इसलिए अगर हम अपने समय और आदतों पर कंट्रोल नहीं करेंगे तो धीरे-धीरे तकनीक ही हमें कंट्रोल करने लगेगी।
इन आसान तरीकों से खुद पर बढ़ाएं कंट्रोल
अगर आप सच में अपनी जिंदगी को बेहतर बनाना चाहते हैं तो कुछ छोटी-छोटी आदतें अपनाकर शुरुआत कर सकते हैं।
गैर-जरूरी नोटिफिकेशन बंद करें:
हर ऐप का नोटिफिकेशन ऑन रखना जरूरी नहीं है। केवल जरूरी ऐप्स के अलर्ट रखें और सोशल मीडिया देखने का एक तय समय बनाएं।
10 मिनट का नियम अपनाएं:
जब भी कोई गलत आदत या बेवजह फोन चलाने का मन करे खुद से कहें कि 10 मिनट बाद करेंगे. कई बार इतनी देर में वह इच्छा अपने आप कम हो जाती है।
जरूरत और इच्छा में फर्क समझें:
कुछ भी खरीदने, देखने या करने से पहले खुद से पूछें कि क्या यह सच में जरूरी है या सिर्फ मन का लालच है। यह छोटी-सी आदत बेहतर फैसले लेने में मदद करती है।
रोज थोड़ा समय खुद के लिए निकालें:
दिन में 10–15 मिनट ध्यान, गहरी सांस या बिना मोबाइल के शांत बैठने की आदत डालें। इससे मन शांत रहता है और फैसले लेने की क्षमता बेहतर होती है।
सच्ची आजादी भीतर से शुरू होती है
15 अगस्त हमें सिर्फ देश की आजादी की याद नहीं दिलाता बल्कि यह भी सिखाता है कि हमें अपनी बुरी आदतों, गुस्से, लालच और डिजिटल लत से भी आजाद होना चाहिए। विनोबा भावे का मैसेज आज भी उतना ही जरूरी है जितना पहले था। जिस दिन हम अपने मन और अपनी आदतों पर कंट्रोल करना सीख जाएंगे उसी दिन सच्चे मायनों में खुद को आजाद महसूस करेंगे. इस स्वतंत्रता दिवस पर देश के साथ-साथ खुद को भी बेहतर बनाने का प्रॉमिज करें।

1 hour ago
