सड़क किनारे नारियल पानी पीने के बाद हमारा अगला कदम क्या होता है? मलाई खाना और उस भारी-भरकम खोल को सीधे डस्टबिन में डाल देना। हमें लगता है की नारियल का काम खत्म। लेकिन जिस चीज को हम मामूली 'कचरा' समझकर फेंक रहे हैं वही आज के समय में इंस्टाग्राम और पिंटरेस्ट पर 'जीरो-वेस्ट लाइफस्टाइल' का सबसे प्रीमियम ट्रेंड है। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले जिन खूबसूरत 'स्मूदी बाउल्स' या महंगे ईको-फ्रेंडली प्रोडक्ट्स को देखकर आप अट्रैक्ट होते हैं वो असल में इसी फेंके हुए नारियल का कमाल हैं। जानिए वो 4 हैक्स जो आपके नारियल का पूरा पैसा वसूल कराएंगे।
1. नारियल का खोल : एस्थेटिक 'स्मूदी बाउल' या इनडोर प्लांटर
यूएन एनवायरनमेंट प्रोग्राम (UNEP) की एक रिपोर्ट के मुताबिक प्लास्टिक के बर्तन और बाउल्स को डीकंपोज होने में सैकड़ों साल लगते हैं। वहीं नारियल का खोल 100% बायोडिग्रेडेबल होता है।
हैक: नारियल का पानी और मलाई निकालने के बाद उसके कठोर खोल को फेंके नहीं। इसे अंदर से अच्छे से साफ करें और सैंडपेपर (रेगमाल) से घिसकर चिकना कर लें। इस पर थोड़ा सा ऑलिव या नारियल तेल रगड़ें. आपका इंस्टाग्राम-रेडी 'एस्थेटिक बाउल' तैयार है. इसमें सुबह का ओट्स, स्मूदी या फ्रूट सलाद खाएं। आप चाहें तो इसमें मिट्टी भरकर इसे अपने वर्क-डेस्क के लिए एक खूबसूरत 'इनडोर प्लांटर' भी बना सकते हैं।
2. नारियल का छिलका : बर्तन साफ करने का 'ईको-फ्रेंडली स्क्रब'
माइक्रोप्लास्टिक पर हुई कई ग्लोबल एनवायरनमेंटल स्टडीज बताती हैं कि हमारे घरों में बर्तन धोने के लिए इस्तेमाल होने वाले हरे या पीले रंग के सिंथेटिक स्पंज हर दिन नालियों के जरिए नदियों और समुद्रों में 'माइक्रोप्लास्टिक्स' छोड़ते हैं।
हैक: बाजार के केमिकल वाले स्पंज को डस्टबिन में डालिए और नारियल के भूरे छिलके (Coir) का इस्तेमाल करें. यह नेचुरली एंटी-बैक्टीरियल होता है और बर्तनों की जिद्दी चिकनाई हटाने में सबसे कारगर है। इस्तेमाल के बाद आप इसे अपनी क्यारियों में फेंक सकते हैं जहां यह खाद बन जाएगा।
3. बची हुई मलाई: घर पर बनाएं सुपरहेल्दी 'वीगन कोकोनट मिल्क'
ग्लोबल मार्केट इनसाइट्स के डेटा के मुताबिक दुनिया भर में 'वीगन मिल्क' (प्लांट-बेस्ड दूध) की डिमांड तेजी से बढ़ रही है क्योंकि यह लैक्टोज-फ्री होता है। नारियल की मलाई में 'मीडियम-चेन ट्राइग्लिसराइड्स' (MCTs) होते हैं जो इंस्टेंट एनर्जी देते हैं और मेटाबॉलिज्म तेज करते हैं।
हैक: अगर नारियल में मोटी मलाई निकल आए तो उसे ब्लेंडर में डालें, थोड़ा गुनगुना पानी मिलाएं और पीस लें. इस मिश्रण को एक सूती कपड़े से छान लें। आपका ताजा, केमिकल-फ्री और स्वादिष्ट 'कोकोनट मिल्क' तैयार है. इसे आप कॉफी, स्मूदी या थाई करी बनाने में इस्तेमाल कर सकते हैं।
4. कोको-पीट : होम गार्डनिंग का अल्टीमेट सीक्रेट
नारियल के छिलके का चूरा अपने वजन से 8 से 10 गुना ज्यादा पानी सोखने की क्षमता रखता है। यह मिट्टी को हल्का रखता है और पौधों की जड़ों में फंगस नहीं लगने देता।
हैक: छिलकों को मिक्सी में बारीक पीस लें या छोटे टुकड़ों में काटकर पानी में भिगो दें। इसे अपनी बालकनी के पौधों की मिट्टी में मिलाएं. यह मिट्टी की नमी को लंबे समय तक बनाए रखेगा जिससे आपको पौधों में रोज पानी डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी और आपके पौधे गर्मियों में भी हरे-भरे रहेंगे।
जीरो-वेस्ट लाइफस्टाइल कोई बहुत मुश्किल काम नहीं है यह बस हमारे नजरिए का बदलाव है।

1 hour ago
