संसद में बजट सत्र का पहला चरण पूरा: लोकसभा-राज्यसभा 9 मार्च तक के लिए स्थगित

1 hour ago

Parliament Budget Session First Phase Ends: संसद में शुक्रवार को बजट सत्र का पहला चरण संपन्न हो गया तथा लोकसभा एवं राज्यसभा की बैठक को नौ मार्च के लिए स्थगित कर दिया गया. लोकसभा में आज केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण प्रश्नकाल नहीं चल सका और सदन की बैठक एक बार के स्थगन के बाद नौ मार्च सुबह 11 बजे के लिए स्थगित कर दी गई.

सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे आरंभ हुई तो पीठासीन सभापति संध्या राय ने आवश्यक कागजात सदन के पटल पर रखवाए और फिर 12 बजकर छह मिनट पर सभा की बैठक नौ मार्च तक के लिए स्थगित कर दी.

इससे पहले, सुबह बैठक शुरू होते ही पीठासीन सभापति संध्या राय ने पूर्व सांसद डॉ. भगवान दास राठौड़ के निधन की सूचना सदन को दी और सदस्यों ने कुछ पल मौन रखकर दिवंगत पूर्व सदस्य को श्रद्धांजलि दी. इसके बाद जैसे ही पीठासीन सभापति ने प्रश्नकाल शुरू कराया, कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सदस्य केंद्रीय मंत्री पुरी के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाने लगे और आसन के समीप आ गए.

इस बीच कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने अपना पूरक प्रश्न पूछा जिसका जवाब स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने शोर-शराबे के बीच ही किया. पीठासीन सभापति संध्या राय ने हंगामा कर रहे सदस्यों से अपने स्थान पर जाकर बैठने और कार्यवाही चलने देने की अपील की. हंगामा नहीं थमने पर उन्होंने बैठक पांच मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी.

दो मार्च से राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा शुरू हुई

लोकसभा में दो मार्च से राष्ट्रपति अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई. धन्यवाद प्रस्ताव और इसका समर्थन करने के लिए भाजपा के दो सदस्यों के भाषण के बाद जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपनी बात रखनी शुरू की तो उनकी एक टिप्पणी को लेकर सदन में हंगामा शुरू हो गया. हंगामे के कारण चर्चा नहीं हुई और न ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का इस पर जवाब हो सका.

हालांकि लोकसभा में इस सप्ताह आम बजट पर चर्चा हुई और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बृहस्पतिवार को इसका जवाब दिया. नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सदन में बोलने की अनुमति नहीं देने और आठ विपक्षी सांसदों को निलंबित करने के मामले में कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के प्रस्ताव के लिए लोकसभा महासचिव को एक नोटिस दिया है. सूत्रों ने कहा कि नोटिस बजट सत्र के द्वितीय चरण की शुरुआत होने पर विचार के लिए सूचीबद्ध किया जा सकता है.

वहीं भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने बृहस्पतिवार को कहा था कि उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ ‘‘विशिष्ट प्रस्ताव’’ लाने के लिए एक नोटिस दिया है. उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की सदन की सदस्यता रद्द करने और उन्हें आजीवन चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित करने की मांग की है. दुबे के अनुसार, उन्होंने अपने नोटिस में कहा है कि कैसे नेता प्रतिपक्ष विदेश जाते हैं और भारत विरोधी तत्वों के साथ सांठगांठ करते हैं.

राहुल गांधी के भाषण पर बवाल

लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर जारी चर्चा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के एक अप्रकाशित संस्मरण का उल्लेख करने की अनुमति नहीं मिलने के विरोध में प्रदर्शन के दौरान आसन की अवमानना करने के मामले में आठ विपक्षी सदस्यों को निलंबित किया गया है.

इनमें कांग्रेस के अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, गुरदीप सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, प्रशांत पडोले, किरण कुमार रेड्डी और मणिकम टैगोर तथा माकपा सांसद एस वेंकटेशन हैं. राज्यसभा में पूर्वाह्न 11 बजे बैठक शुरू होने पर शून्यकाल हुआ जिसमें विभिन्न दलों के सदस्यों ने लोक महत्व के कई मुद्दे आसन की अनुमति से उठाये.

इसके बाद सदन में प्रश्नकाल चला. प्रश्नकाल पूरा होने के बाद सभापति सी पी राधाकृष्णन ने घोषणा की कि आज जिन सदस्यों द्वारा विशेष उल्लेख के जरिये लोक महत्व के मुद्दे उठाये जाने थे उन्हें सदन के पटल पर प्रस्तुत मान लिया गया है. सभापति ने इसके उपरांत बैठक को 9 मार्च पूर्वाह्न 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया.

संसद का बजट सत्र 28 जनवरी को लोकसभा एवं राज्यसभा की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति अभिभाषण के साथ शुरू हुआ. एक फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में बजट पेश किया और उसी दिन इसकी प्रति राज्यसभा में रखी गयी.

उच्च सदन में दो मार्च से राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई. इस चर्चा का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पांच फरवरी को जवाब दिया था. राज्यसभा में नौ मार्च से आम बजट 2026-27 पर चर्चा शुरू हुई थी जिसका जवाब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 12 फरवरी को दिया. कल ही उच्च सदन में औद्योगिक संबंध संहिता (संशोधन) विधेयक को संक्षिप्त चर्चा के बाद पारित किया गया था. कल ही इस विधेयक को लोकसभा में चर्चा के बाद पारित किया गया था. संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरूआत नौ मार्च से होगी और इसके दो अप्रैल तक चलने का कार्यक्रम है.

Read Full Article at Source