Last Updated:February 13, 2026, 14:50 IST
Mamata Banerjee congratulates Tariq Rahman: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पीएम नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश चुनाव में BNP की जीत पर तारिक रहमान को बधाई दी है. दोनों नेताओं ने भारत-बांग्लादेश संबंधों को मजबूत करने की उम्मीद जताई है.

Mamata Banerjee Congratulates Tariq Rahman: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बांग्लादेश में 12 फरवरी को हुए आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की निर्णायक जीत पर खुशी जताते हुए तारिक रहमान को तारिक भाई कहकर बधाई दी है. ममता ने एक्स पर अपनी पोस्ट में बांग्लादेश के लोगों को दिल से शुभकामनाएं भेजीं और रामजान की अग्रिम मुबारकबाद दी. उन्होंने लिखा- मेरे सभी भाइयों-बहनों, बांग्लादेश के सभी लोगों को दिल से बधाई, शुभानंदन. सबको एडवांस रामजान मुबारक. इस महान जीत के लिए मेरी बधाई मेरे तारिक भाई, उनकी पार्टी और सभी पार्टियों को. प्रार्थना है कि आप सब स्वस्थ और खुश रहें. कामना है कि हमारे बांग्लादेश के साथ संबंध हमेशा सौहार्दपूर्ण रहें.
यह संदेश बांग्लादेश चुनाव नतीजों के तुरंत बाद आया है, जहां अनौपचारिक आंकड़ों के मुताबिक बीएमपी ने 200 से अधिक सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल की है. तारिक रहमान लंबे निर्वासन के बाद वापस स्वदेश लौटे हैं. अब प्रधानमंत्री पद की ओर बढ़ रहे हैं. ममता की पोस्ट में “शुभानंदन” शब्द और “भाई-बहनों” का संबोधन बंगाली सांस्कृतिक निकटता को दर्शाता है. रामजान मुबारक की शुभकामनाएं भी खास हैं, क्योंकि रमजान जल्द शुरू होने वाला है और बांग्लादेश में मुस्लिम बहुल आबादी है.
पीएम मोदी ने दी बधाई
ममता की बधाई से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी तारिक रहमान को बधाई दी थी. मोदी ने एक्स पर लिखा, “श्री तारिक रहमान को बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में BNP को निर्णायक जीत दिलाने पर हार्दिक बधाई. यह जीत बांग्लादेश के लोगों के आपके नेतृत्व में विश्वास को दर्शाती है. भारत एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के समर्थन में खड़ा रहेगा. मैं आपके साथ मिलकर हमारे बहुआयामी संबंधों को मजबूत करने और साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने का इंतजार कर रहा हूं.”
पीएम मोदी के संदेश में लोकतंत्र, प्रगतिशीलता और समावेशिता पर जोर दिया गया, जो अल्पसंख्यक सुरक्षा और द्विपक्षीय संबंधों के संदर्भ में महत्वपूर्ण है. ममता और मोदी दोनों की बधाइयां भारत की ओर से नई बांग्लादेश सरकार के साथ सकारात्मक शुरुआत दिखाती हैं. हालांकि, BNP की “फ्रेंड येस, मास्टर नो” नीति, शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग और तीस्ता जल बंटवारे जैसे मुद्दे भविष्य में चुनौतियां पेश कर सकते हैं.
पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के बीच साझा भाषा, संस्कृति और सीमा की वजह से ममता अक्सर बांग्लादेश के मुद्दों पर बोलती रही हैं. उनकी पोस्ट में व्यक्तिगत स्पर्श (“तारिक भाई”) और सांस्कृतिक सद्भाव का संदेश है. BNP ने दोनों नेताओं की बधाइयों का स्वागत किया है और मजबूत भारत-बांग्लादेश संबंधों की उम्मीद जताई है.
About the Author
न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स...और पढ़ें
First Published :
February 13, 2026, 14:50 IST

1 hour ago
