Last Updated:March 06, 2026, 12:17 IST
हिंदू धर्म में शुक्रवार का दिन धन, समृद्धि और सुख-समृद्धि की देवी मां महालक्ष्मी को समर्पित माना जाता है. इस दिन विशेष रूप से माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की जाती है. मान्यता है कि शुक्रवार को विधि-विधान से मां लक्ष्मी की पूजा करने से घर में धन-धान्य की कमी नहीं होती और परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है. आइए जानते हैं शुक्रवार को ही क्यों की जाती है महालक्ष्मी की पूजा...
हर दिन किसी ना किसी देवी-देवता को समर्पित है. सोमवार का दिन जिस तरह देवों के देव महादेव को समर्पित है, उसी तरह शुक्रवार का दिन माता लक्ष्मी को समर्पित है. यह दिन धन और पैसे को आकर्षित करने के लिए बेहद शुभ माना जाता है. हिंदू धर्म में देवी लक्ष्मी भगवान विष्णु की पत्नी हैं और इस दिन बड़ी संख्या में लोग माता लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए वैभव लक्ष्मी व्रत रखते हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शुक्रवार के दिन का व्रत रखकर माता लक्ष्मी की विधि विधान के साथ पूजा अर्चना करने पर सुख-संपत्ति और धन की प्राप्ति होती है और हर कार्य में सफलता मिलती है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर शुक्रवार के दिन ही माता लक्ष्मी की पूजा अर्चना क्यों की जाती है और इस दिन तुलसी पूजन का क्या महत्व है...
मंत्र जप करना सबसे फायदेमंद - शुक्रवार के दिन व्रत रखना बेहद शुभ माना जाता है. लोग देवी लक्ष्मी का आशीर्वाद पाने के लिए सच्चे मन से प्रार्थना करते हैं. इस दिन विधि विधान के साथ पूजा अर्चना और मंत्रों का जप करना शुभ फलदायी माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कमल गट्टे की माला से ॐ महालक्ष्म्यै नमः मंत्र का सुबह शाम जप करना माता लक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त करने का सबसे शक्तिशाली तरीका बताया गया है.
शुक्रवार को माता लक्ष्मी की पूजा कैसे करें? - शास्त्रों के अनुसार, शुक्रवार के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करने के बाद घर की साफ-सफाई करनी चाहिए. घर के मंदिर या पूजा स्थल को स्वच्छ करके वहां माता लक्ष्मी और गणेशजी की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें. इसके बाद लाल या गुलाबी रंग के वस्त्र पहनकर माता लक्ष्मी की पूजा करना शुभ माना जाता है. पूजा के दौरान दीपक जलाकर, धूप-अगरबत्ती, पुष्प, रोली, चावल और मिठाई अर्पित की जाती है. माता लक्ष्मी की पूजा में कमल का फूल, शंख, कौड़ी, नारियल और खीर या सफेद मिठाई का विशेष महत्व माना गया है. मान्यता है कि मां लक्ष्मी को कमल का फूल अत्यंत प्रिय है, इसलिए पूजा में कमल का फूल अर्पित करना शुभ फलदायी होता है. इसके अलावा लक्ष्मी मंत्र या लक्ष्मी चालीसा का पाठ करने से भी विशेष लाभ मिलता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
माता लक्ष्मी की पूजा के नियम - माता लक्ष्मी की पूजा करते समय कुछ बातों का विशेष ध्यान रखना जरूरी माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पूजा के दिन घर में गंदगी नहीं होनी चाहिए और किसी से विवाद या कलह करने से बचना चाहिए. माना जाता है कि जहां स्वच्छता, शांति और सकारात्मक वातावरण होता है, वहीं मां लक्ष्मी का वास होता है. इसके साथ ही शुक्रवार के दिन जरूरतमंदों को दान करना भी अत्यंत शुभ माना गया है. गरीबों को भोजन, वस्त्र या धन का दान करने से माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है. वहीं शाम के समय घर के मुख्य द्वार पर घी का दीपक जलाने की भी परंपरा है, जिससे घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.
शुक्रवार के दिन माता लक्ष्मी की पूजा - शुक्रवार का दिन माता लक्ष्मी के साथ भौतिक सुख-सुविधा के स्वामी शुक्र ग्रह से भी जुड़ा हुआ है. ज्योतिष शास्त्र में शुक्र ग्रह को ऐश्वर्य, सौंदर्य, सुख-सुविधा और वैभव का कारक बताया गया है. मां लक्ष्मी भी धन और वैभव की अधिष्ठात्री देवी हैं, इसलिए शुक्रवार को उनकी पूजा विशेष फलदायी मानी जाती है. कहा जाता है कि इस दिन श्रद्धा और भक्ति से की गई पूजा से मां लक्ष्मी जल्दी प्रसन्न होती हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करती हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अगर कोई व्यक्ति लगातार 16 शुक्रवार तक व्रत रखकर माता लक्ष्मी की पूजा करता है तो उसके जीवन में आने वाली आर्थिक परेशानियां दूर हो सकती हैं और घर में सुख-समृद्धि का आगमन होता है.
स्तोत्रों का जाप करें - शुक्रवार को विशेष रूप से श्री सूक्तम, कनकधारा स्तोत्र और महालक्ष्मी अष्टकम का जाप करने की सलाह दी जाती है. इन स्तोत्रों का पाठ करने से माता लक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त होता है और हर सुख की प्राप्ति भी होती है. यह आध्यात्मिक क्रिया स्नान करने के बाद, माता लक्ष्मी की मूर्ति को वेदी पर स्थापित करके और देशी घी का दीपक जलाकर करनी चाहिए.
तुलसी की पूजा करें - शुक्रवार के दिन माता लक्ष्मी के साथ तुलसी के पौधे की पूजा अवश्य करनी चाहिए. तुलसी को देवी लक्ष्मी का अवतार माना जाता है, लोगों को सलाह दी जाती है कि वे बाजार से एक तुलसी का पौधा खरीदें और उसे मंदिर में दान करें ताकि अन्य भक्त भी उसकी पूजा कर सकें. तुलसी हिंदू धर्म में सबसे शुभ और पवित्र पौधों में से एक है. यह देवी का आशीर्वाद पाने का सबसे अच्छा तरीका है और इससे आपके जीवन की सभी आर्थिक बाधाएं भी दूर हो जाएंगी.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। बजट 2026 की लाइव खबर यहां पढ़ें |
First Published :
March 06, 2026, 12:17 IST

3 hours ago
