Last Updated:February 22, 2026, 14:07 IST
Bhupen Borah joins BJP: भूपेन कुमार बोरा ने गुवाहाटी में वाजपेयी भवन में भाजपा जॉइन कर लिया है. उन्होंने इस मौके पर कांग्रेस पर कई आरोप लगाए. दिलीप सैकिया और जयंत मल्ला बरुआ ने स्वागत किया. संजू बोरा भी BJP में शामिल हुए.

Bhupen Borah joins BJP: असम प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने रविवार को औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल होकर राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर किया. यह कदम 2026 विधानसभा चुनाव से ठीक पहले आया है, जब भाजपा राज्य में अपनी स्थिति मजबूत करने में जुटी है और कांग्रेस आंतरिक चुनौतियों से जूझ रही है. भूपेन बोरा ने गुवाहाटी में असम भाजपा मुख्यालय ‘वाजपेयी भवन’ में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. इस मौके पर असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया, राज्य मंत्री जयंत मल्ला बरुआह और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे. साथ ही पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ता संजू बोरा भी BJP में शामिल हुए.
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में बोरा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि मैंने 32 साल कांग्रेस में काम किया. आज जो कपड़े मैं पहने हूं, उन पर मेरे खून के धब्बे हैं. ये धब्बे राहुल गांधी की मौजूदगी में लगे थे. भावुक होते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राष्ट्रीय गौरव को ठेस पहुंचाई है. मैंने कांग्रेस की सेवा 32 साल तक ईमानदारी और समर्पण से की, लेकिन कांग्रेस ने राष्ट्रीय आत्मसम्मान को चोट पहुंचाई है. यह मैं बर्दाश्त नहीं कर सकता. बोरा ने जब पार्टी छोड़ी थी तब कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने फोन पर बात की थी. उन दोनों ने उनसे पार्टी नहीं छोड़ने की अपील की थी. लेकिन, वह नहीं माने.
भूपेन बोरा के पास लंबा राजनीतिक अनुभव
उन्होंने पार्टी के वैचारिक आधार से दूर होने का जिक्र किया. भाजपा की ओर से उनका स्वागत करते हुए असम के अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कह कि भूपेन बोरा के पास लंबा राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक कौशल है. उनकी सदस्यता पार्टी को मजबूती देगी और विकास तथा सुशासन को हर वर्ग तक पहुंचाने के हमारे प्रयासों को नई गति मिलेगी. राज्य मंत्री जयंत मल्ला बरुआ ने कहा कि बोराह का कदम बीजेपी की नीतियों और नेतृत्व में बढ़ते विश्वास को दर्शाता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के विकास-उन्मुख शासन में लोग विश्वास कर रहे हैं, इसलिए और लोग बीजेपी में शामिल हो रहे हैं.
भूपेन बोराह असम के वरिष्ठ नेता हैं, जो 2006 से 2016 तक बिहपुरिया विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर विधायक रहे. 2016 और 2021 में वे BJP से हार गए थे. 2021 से 2024 तक वे असम कांग्रेस के अध्यक्ष रहे. पिछले दिनों उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद पार्टी हाईकमान ने इसे स्वीकार नहीं किया और राहुल गांधी सहित वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें मनाने की कोशिश की. बोरा ने कुछ समय मांगा, लेकिन मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने उनके घर जाकर 22 फरवरी को BJP जॉइन की घोषणा कर दी.
About the Author
न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स...और पढ़ें
First Published :
February 22, 2026, 14:07 IST

2 hours ago
