Last Updated:February 28, 2026, 11:01 IST
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि रमन प्रभाव की खोज ने भारतीय विज्ञान को वैश्विक पहचान दिलाई और सरकार युवाओं, शोध और नवाचार को सशक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है.

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि आज का दिन उस शोध, नवाचार और वैज्ञानिक जिज्ञासा के जज़्बे का उत्सव है, जो भारत को आगे बढ़ा रहा है.
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘आज राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर हम उस शोध, नवाचार और वैज्ञानिक जिज्ञासा की भावना का उत्सव मना रहे हैं, जो हमारे राष्ट्र को आगे बढ़ाती है. यह दिन महान वैज्ञानिक सी. वी. रमन द्वारा रमन प्रभाव की ऐतिहासिक खोज को समर्पित है. इस खोज ने भारतीय शोध को वैश्विक मंच पर मजबूती से स्थापित किया.’
उन्होंने आगे कहा, ‘हम अपने युवाओं को सशक्त बनाने, शोध पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और राष्ट्रीय विकास व वैश्विक कल्याण के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के उपयोग के अपने संकल्प को दोहराते हैं.’
Today, on Science Day, we celebrate the spirit of research, innovation and scientific curiosity that drives our nation forward.
This day commemorates the groundbreaking discovery of the Raman Effect by Sir CV Raman. This discovery placed Indian research firmly on the… pic.twitter.com/YcjOAdPosr
इस मौके पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी वैज्ञानिकों और नवोन्मेषकों को बधाई दी. उन्होंने कहा, ‘राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर उन सभी वैज्ञानिकों और नवप्रवर्तकों को शुभकामनाएं, जिनकी लगन और मेहनत ज्ञान की सीमाओं का विस्तार कर रही है. एआई, अंतरिक्ष, रक्षा और आईटी से लेकर स्वास्थ्य, कृषि और नवीकरणीय ऊर्जा तक- आपकी उपलब्धियां भारत के युवाओं को प्रेरित कर रही हैं, अर्थव्यवस्था को सशक्त बना रही हैं, राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत कर रही हैं और जीवन को बेहतर बना रही हैं.’
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर देशभर के वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों की नवाचार और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता देश के भविष्य को दिशा देती है. अमित शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर सभी वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को शुभकामनाएं. आपकी खोज और जिज्ञासा हमारे बेहतर भविष्य के समाधान गढ़ती है. यह दिन हमें नवाचार और अपने भाग्य को स्वयं गढ़ने के संकल्प को नई ऊर्जा दे.’
भारत में हर वर्ष 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है. यह दिन वर्ष 1928 में सी. वी. रमन द्वारा की गई रमन प्रभाव की ऐतिहासिक खोज की स्मृति में मनाया जाता है. प्रकाश के प्रकीर्णन पर किए गए इस मौलिक शोध के लिए उन्हें वर्ष 1930 में भौतिकी का नोबेल पुरस्कार मिला था. इसके साथ ही वे विज्ञान के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार पाने वाले पहले एशियाई बने.
हर साल 28 फरवरी को मनाया जाने वाला राष्ट्रीय विज्ञान दिवस अब केवल एक स्मृति दिवस नहीं रह गया है, बल्कि यह वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने, शोध और नवाचार को प्रोत्साहित करने और युवाओं को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करने का एक राष्ट्रीय आंदोलन बन चुका है.
इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर के समारोह विज्ञान भवन में आयोजित किए जा रहे हैं. ये कार्यक्रम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के तत्वावधान में हो रहे हैं. समारोह की शुरुआत विशेष व्याख्यानों से होगी, जिनकी अध्यक्षता प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रोफेसर अजय कुमार सूद करेंगे.
About the Author
An accomplished digital Journalist with more than 13 years of experience in Journalism. Done Post Graduate in Journalism from Indian Institute of Mass Comunication, Delhi. After Working with PTI, NDTV and Aaj T...और पढ़ें
Location :
New Delhi,Delhi
First Published :
February 28, 2026, 11:01 IST

1 hour ago
