भारतीय वायुसेना का लोहा अब दुनियाभर में माना जाने लगा है. इंडियन एयरफोर्स ने ऐसे कारनामा किया है, जो अमेरिका, चीन और रूस तक नहीं कर पाए हैं. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वायुसेना के अत्याधुनिक S-400 एयर डिफेंस सिस्टम की मार से पाकिस्तान अब भी कराह रहा है. वहीं अब एयरफोर्स ने S-400 का एक ऐसा वीडियो जारी किया है, जिससे असीम मुनीर के घाव जरूर हरे हो गए हैं.
एस-400 की ऑपरेशनल क्षमता दिखाने वाले इस वीडियो ने दुनिया भर के सैन्य विशेषज्ञों का ध्यान खींच लिया है. वायुसेना का दावा है कि इस सिस्टम के जरिये सैन्य इतिहास का अब तक का सबसे लंबी दूरी का ‘किल’ दर्ज किया गया है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे रडार बेहद दूर मौजूद हवाई लक्ष्य को पकड़ता है और मिसाइल उसे हवा में ही तबाह कर देती है.
वीडियो में स्क्रीन पर लिखा संदेश, ‘Enemy may be out of sight but never out of reach’— इस बात का खुला संकेत है कि दुश्मन भले ही आंखों से ओझल हो, लेकिन भारत की पहुंच से बाहर कभी नहीं है. सैन्य हलकों में इसे सीधे तौर पर पाकिस्तान के लिए चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है.
#WATCH | For the first time, the Indian Air Force shares a video showcasing the Sudarshan S-400 long-range air defence missile system in operation, along with a caption of scoring the longest ever kill recorded in military history.
ऑपरेशन सिंदूर की याद दिलाता वीडियो
वायुसेना के मुताबिक, यह वीडियो पिछले साल मई में हुए ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ा है, जब S-400 सिस्टम ने निर्णायक भूमिका निभाई थी. वायुसेना अधिकारियों का कहना है कि उस दौरान एस-400 के जरिये पाकिस्तान के भीतर करीब 300 किलोमीटर अंदर स्थित लक्ष्य को सफलतापूर्वक निशाना बनाया गया था. यही वह वार था, जिसके बाद इस्लामाबाद में खलबली मच गई थी और आज भी उसके रणनीतिक असर महसूस किए जा रहे हैं.
रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह खुलासा ऐसे समय किया गया है, जब भारत अपनी वायु शक्ति के प्रदर्शन की तैयारी में जुटा है. यह वीडियो वायु शक्ति -2026 सैन्य अभ्यास से पहले जारी किया गया है, जो पोखरण में होने वाला एक बड़ा एयर पावर शो होगा.
एस-400 ‘सुदर्शन चक्र’: भारत की ढाल
रूस की अल्माज़-एंते कंपनी द्वारा विकसित S-400 ट्रायम्फ, जिसे भारत में ‘सुदर्शन चक्र’ नाम दिया गया है, दुनिया के सबसे उन्नत लंबी दूरी के एयर डिफेंस सिस्टम्स में गिना जाता है. यह फाइटर जेट, ड्रोन, क्रूज़ मिसाइल और चुनिंदा बैलिस्टिक मिसाइलों तक को मार गिराने में सक्षम है.
2018 में भारत ने रूस के साथ 5.4 अरब डॉलर का सौदा कर पांच S-400 रेजिमेंट खरीदने का करार किया था. इसकी डिलीवरी 2021 से शुरू हुई. इस सिस्टम में 40N6 जैसी लंबी दूरी की मिसाइलें शामिल हैं, जिनकी मारक क्षमता करीब 400 किलोमीटर तक बताई जाती है. शक्तिशाली रडार अनुकूल परिस्थितियों में 600 किलोमीटर दूर तक लक्ष्य भांप सकते हैं.
पाकिस्तान के लिए सीधा संदेश
वीडियो में दिखाए गए ‘लॉन्गेस्ट एवर किल’ के दावे को भारत की रणनीतिक बढ़त के तौर पर देखा जा रहा है. सैन्य जानकारों के मुताबिक, अमेरिका, चीन और रूस जैसी महाशक्तियों के पास भी ऐसा सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित रिकॉर्ड नहीं है. यही वजह है कि यह दावा वैश्विक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है.
यह वीडियो पाकिस्तान के पुराने जख्मों को फिर हरा करने जैसा है. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हुए हमलों के बाद पाकिस्तानी सैन्य नेतृत्व, खासकर सेना प्रमुख असीम मुनीर, पर जबरदस्त दबाव देखा गया था. रक्षा विश्लेषकों का कहना है कि यह वीडियो उस दौर की याद दिलाकर साफ संदेश देता है… भारत की वायु रक्षा क्षमता न सिर्फ मजबूत है, बल्कि निर्णायक भी.
वायु शक्ति का भव्य प्रदर्शन
वायु शक्ति -2026 में भारतीय वायुसेना अपने बेड़े की ताकत भी दिखाने जा रही है. इसमें तेजस, राफेल, जगुआर, मिराज-2000, सुखोई-30 MKI, मिग-29 और हॉक जैसे फाइटर जेट्स के साथ-साथ ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और हेलिकॉप्टर शामिल होंगे. S-400 को आकाश और अन्य मध्यम दूरी के एयर डिफेंस सिस्टम्स के साथ जोड़कर भारत ने एक मजबूत लेयर्ड एयर डिफेंस ग्रिड तैयार कर ली है.
कुल मिलाकर एस-400 का यह वीडियो सिर्फ एक तकनीकी प्रदर्शन नहीं, बल्कि रणनीतिक संदेश है… दुश्मन चाहे जितना दूर क्यों न हो, भारत की मार उसकी पहुंच से बाहर नहीं.

1 hour ago
