Last Updated:March 03, 2026, 20:35 IST
कृषि कीट विज्ञान के क्षेत्र में उनका शोध विशेष रूप से उल्लेखनीय है. उन्होंने लीची, केला, अमरूद, आलू, प्याज, बैंगन और टमाटर जैसी महत्वपूर्ण फसलों में लगने वाले हानिकारक कीटों की पहचान और उनके वैज्ञानिक नियंत्रण पर व्यापक अध्ययन किया है. उनके शोध-पत्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए हैं.
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर की धरती ने एक बार फिर विश्व पटल पर अपनी बौद्धिक क्षमता का परचम लहराया है. राज्य के प्रख्यात कीट वैज्ञानिक प्रो. (डॉ.) मनेन्द्र कुमार को University of Oxford, यूनाइटेड किंगडम द्वारा कृषि कीट विज्ञान (एग्रीकल्चरल एंटोमोलॉजी) के क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान के लिए मानद डॉक्टरेट (Honorary Doctorate) से सम्मानित किया गया है. यह सम्मान उनके चार दशक से अधिक लंबे शैक्षणिक और शोध जीवन की वैश्विक मान्यता है.
15 जनवरी 1957 को बिहार के मुजफ्फरपुर में जन्मे प्रो. मनेन्द्र कुमार ने अपना संपूर्ण जीवन शिक्षा, अनुसंधान और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित किया है. वर्ष 1978 में उन्होंने मुजफ्फरपुर स्थित एम.एस.के.बी. कॉलेज के जंतु विज्ञान विभाग में व्याख्याता के रूप में अपने शिक्षण करियर की शुरुआत की. अपनी मेहनत, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के बल पर वे प्रोफेसर, विभागाध्यक्ष, विज्ञान संकाय के डीन, प्राचार्य तथा यूजीसी-एचआरडीसी के निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर आसीन रहे. उनके प्रशासनिक और अकादमिक नेतृत्व ने संस्थानों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया.
प्रो. मनेंद्र की शैक्षणिक उपलब्धियां भी अत्यंत प्रभावशाली रही हैं. उन्होंने एल.एल.बी., एम.एससी., पीएच.डी., विद्यावाचस्पति जैसी उपाधियों के साथ-साथ अमेरिका से मानद डी.लिट् और डी.एससी. की डिग्रियां भी प्राप्त की हैं. उनका अकादमिक जीवन निरंतर उत्कृष्टता, शोध के प्रति समर्पण और विद्यार्थियों के मार्गदर्शन का उदाहरण रहा है.
कृषि कीट विज्ञान के क्षेत्र में उनका शोध विशेष रूप से उल्लेखनीय है. उन्होंने लीची, केला, अमरूद, आलू, प्याज, बैंगन और टमाटर जैसी महत्वपूर्ण फसलों में लगने वाले हानिकारक कीटों की पहचान और उनके वैज्ञानिक नियंत्रण पर व्यापक अध्ययन किया है. उनके शोध-पत्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए हैं, जिससे किसानों और कृषि वैज्ञानिकों को व्यावहारिक लाभ मिला है. उनके शोध ने टिकाऊ कृषि और पर्यावरण संतुलन की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है.
वर्ष 2022 में औपचारिक सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका शैक्षणिक योगदान थमा नहीं है. वे वर्तमान में Nalanda Open University में जंतु विज्ञान के समन्वयक के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से मिला यह सम्मान न केवल प्रो. मनेन्द्र कुमार के लिए, बल्कि बिहार और देश के वैज्ञानिक समुदाय के लिए भी गर्व का क्षण है. उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को ज्ञान, अनुसंधान और समर्पण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहेगी.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क...और पढ़ें
Location :
Muzaffarpur,Bihar
First Published :
March 03, 2026, 20:35 IST

3 hours ago
