Last Updated:March 01, 2026, 15:10 IST
होली का त्योहार बॉलीवुड के यादगार गानों के बिना अधूरा है, जो हर उम्र के लोगों को जश्न में साथ लाते हैं. इस लिस्ट में 'रंग बरसे' (सिलसिला) और 'होली के दिन' (शोले) जैसे क्लासिक्स से लेकर 'बलम पिचकारी' (ये जवानी है दीवानी) और 'जय जय शिवशंकर' (वॉर) जैसे मॉडर्न सुपरहिट्स शामिल हैं. जहां 'सोनी सोनी' (मोहब्बतें) रोमांस की मिठास भरता है, वहीं 'बद्री की दुल्हनिया' और 'लेट्स प्ले होली' (वक्त) मस्ती भरा माहौल बनाते हैं. ये गाने पुरानी फिल्मों की मिठास और नई फिल्मों के जोश के साथ होली का रंग गाढ़ा कर देते हैं.

नई दिल्ली: होली 2026 की दस्तक बस होने ही वाली है और रंगों के इस त्योहार में जब तक बॉलीवुड के धमाकेदार गाने न बजें, तब तक मजा अधूरा ही रहता है. रंगों, मिठाइयों और नए कपड़ों की तैयारी के बीच, कुछ ऐसे सदाबहार गाने हैं जो आपकी होली पार्टी में जान फूंक देंगे. होली की बात हो और अमिताभ बच्चन का नाम न आए, ऐसा तो हो ही नहीं सकता. फिल्म ‘सिलसिला’ का ‘रंग बरसे भीगे चुनर वाली’ आज भी हर गली-मोहल्ले में फुल वॉल्यूम पर बजता सुनाई देता है. इसी तरह, फिल्म ‘शोले’ का ‘होली के दिन दिल खिल जाते हैं’ और ‘नदिया के पार’ का ‘जोगी जी धीरे धीरे’ ऐसे गाने हैं जो पीढ़ियों से लोगों को झूमने पर मजबूर कर रहे हैं. अगर आप परिवार के साथ होली मना रहे हैं, तो ‘बागबान’ का ‘होली खेले रघुबीरा’ और ‘मदर इंडिया’ का ‘होली आई रे कन्हाई’ त्योहार का आनंद दोगुना कर देते हैं.
रोमांस और मस्ती का मेल
कुछ गाने ऐसे हैं जो होली के रंगों में रोमांस की मिठास घोल देते हैं. फिल्म ‘मोहब्बतें’ का ‘सोनी सोनी अखियों वाली’ और फिल्म ‘कटी पतंग’ का ‘खेलेंगे हम होली’ (राजेश खन्ना और आशा पारेख स्टारर) आज भी उतने ही ताज़ा लगते हैं. वहीं, अक्षय कुमार और प्रियंका चोपड़ा का ‘लेट्स प्ले होली’ (वक्त) और फिल्म ‘डर’ का ‘अंग से अंग लगाना’ मौज-मस्ती के लिए एकदम परफेक्ट हैं.
नए जमाने का टशन
आज की पीढ़ी के लिए होली का मतलब ‘बलम पिचकारी’ (ये जवानी है दीवानी) बन चुका है, जिसके बिना कोई भी पार्टी पूरी नहीं होती. अगर आप डांस के शौकीन हैं, तो ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ का ‘जय जय शिवशंकर’ (वॉर) और वरुण-आलिया का ‘बद्री की दुल्हनिया’ आपके पैरों को रुकने नहीं देंगे. इसके अलावा, ‘नीला पीला हरा गुलाबी’ (आपबीती) और ‘होलिया में उड़े रे गुलाल’ जैसे लोकगीत भी होली की मस्ती को और भी गाढ़ा कर देते हैं. चाहे पुरानी फिल्मों की मिठास हो या नई फिल्मों का जोश, ये क्लासिक और ट्रेंडिंग गाने मिलकर आपकी होली 2026 को यादगार बना देंगे. अगर आप अपनी होली को यादगार बनाना चाहते हैं, इन गानों को जश्न के दिन अपने प्लेलिस्ट में जरूर शामिल करें.
About the Author
अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल...और पढ़ें
Location :
Delhi,Delhi,Delhi
First Published :
March 01, 2026, 15:10 IST

1 hour ago
