Last Updated:February 22, 2026, 18:08 IST
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ जनसभा और इंडिया एआई इंपैक्ट समिट में कांग्रेस के संसद हंगामे के साथ ही शर्टलेस प्रदर्शन को लोकतंत्र और देश की गरिमा के लिए खतरा बताया. पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस को याद रखना चाहिए था कि एआई ग्लोबल समिट भाजपा का समारोह नहीं था. यह देश का कार्यक्रम था, लेकिन उसने सारी मर्यादाएं तोड़ दीं.

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में हुए हंगामे को लेकर कांग्रेस पर बहुत कड़ा प्रहार किया है. उन्होंने विपक्ष की राजनीति और उनके तरीकों पर गंभीर सवाल उठाए हैं. पीएम मोदी ने साफ कहा कि अगर आपको देश का प्रधानमंत्री बनना है तो पहले जनता का दिल जीतना होगा. महिला सांसदों को आगे करके पीएम की कुर्सी पर कब्जा करने से कोई प्रधानमंत्री नहीं बन जाता. यह घटना संसद की गरिमा और लोकतंत्र के लिए एक बहुत बड़ा खतरा है. पीएम ने कांग्रेस को पूरी तरह से खोखला बता दिया. यह बयान उस घटना के बाद आया है जब बीते 4 फरवरी को संसद में विपक्ष (मुख्य रूप से कांग्रेस) की कुछ महिला सांसद हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर सीधे पीएम की कुर्सी के पास जाकर हंगामा करने लगी थीं.
पीएम मोदी ने रविवार को मेरठ में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा, “अगर आपको प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठना है, तो पहले आपको जनता के दिल जीतने पड़ेंगे. महिला एमपी को भेज कर सीट पर कब्जा करने से आप प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हो. और माताओ-बहनों को इस तरह से आगे करने की क्या मजबूरी है आपकी, क्या इतने खोखले हो गए हो आपलोग.” उन्होंने आगे कहा, “कांग्रेस देश के लिए बोझ बन गई है. और मुझे इस बात का संतोष है, कि दिल्ली में जो घटना घटी कांग्रेस के सभी साथी दलों ने कांग्रेस की आलोचना करने की हिम्मत दिखाई. मैं विपक्ष के इन साथियों का सच्चाई के साथ और देश के गौरव के साथ खड़े रहने के लिए उनका सार्वजनिक रूप से आभार व्यक्त करता हूं.”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘इंडिया एआई इंपैक्ट समिट’ में कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन पर जोरदार निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया. उन्होंने कहा, “एक तरफ आज देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन देश में ही कुछ राजनीतिक दल हैं जो भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे. अभी आपने देखा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा एआई इम्पैक्ट समिट हुआ. दुनिया भर के 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि दिल्ली आए. दुनिया के विकासशील देशों में ऐसा सम्मेलन आज तक कभी नहीं हुआ. पूरा देश गर्व से भर गया, लेकिन कांग्रेस और इसके इकोसिस्टम ने क्या किया? कांग्रेस ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया.”
उन्होंने आगे कहा, ”समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतारकर पहुंच गए. मैं कांग्रेस पार्टी से पूछना चाहता हूं कि आपको कपड़े उतारने की जरूरत क्यों पड़ी. कांग्रेस के नेताओं ने वहां पर जो कुछ किया, वो दिखाता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी वैचारिक रूप से दिवालिया हो गई है. कांग्रेस तो अपने देश को ही बदनाम करने में जुटी है.”
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को मोदी से नफरत है, वे मेरी कब्र खोदना चाहते हैं, और उन्हें भाजपा और एनडीए से विरोध है. कांग्रेस को याद रखना चाहिए था कि एआई ग्लोबल समिट भाजपा का समारोह नहीं था. यह देश का कार्यक्रम था, देश के सम्मान का कार्यक्रम था. लेकिन, कांग्रेस ने परसों सारी मर्यादाएं तोड़ दी. आज पूरे देश में कांग्रेस की इस रीति-नीति पर थू-थू हो रही है, लेकिन दुर्भाग्य देखिए, इतनी पुरानी पार्टी के नेता लजाने के बजाय बेशर्मी के साथ गरजते हैं, और यह मामला कांग्रेस की हरकतों का लगातार चल रहा है.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h...और पढ़ें
Location :
Meerut,Uttar Pradesh
First Published :
February 22, 2026, 17:58 IST

2 hours ago
