देशभर में सर्दी खत्म होने के साथ गर्मी ने दस्तक देनी शुरू कर रही है. दिल्ली-एनसीआर सहित देश के कई हिस्सों में दिन का तापमान 30 डिग्री से ऊपर जा पहुंचा है. राष्ट्रीय राजधानी में अभी से पारा 31 डिग्री के पार जा चुका है, जो कि सामान्य से 7 डिग्री अधिक है. वहीं केरल का कोच्ची देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री दर्ज किया गया. इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के 10 राज्यों में आज बारिश होने की संभावना जताई है. इनमें यूपी, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश, राजस्थान, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और तमिलनाडु शामिल हैं.
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 18 फरवरी को और उत्तराखंड में 18 और 19 फरवरी को अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है. वहीं अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 18 फरवरी तक गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. इसी तरह 17 और 18 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में भी आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. 18 फरवरी को मध्य प्रदेश में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
दक्षिण भारत की बात करें तो 21 और 22 फरवरी को तमिलनाडु के दक्षिणी हिस्सों और केरल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इसके अलावा तटीय कर्नाटक के कुछ इलाकों में गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति बनी रह सकती है.
सुबह-शाम वाली ठंड भी खत्म
न्यूनतम तापमान के पूर्वानुमान की बात करें तो उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है, इसके बाद अगले दो दिनों में इतनी ही गिरावट आ सकती है और फिर तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. मध्य भारत में अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी और उसके बाद चार दिनों तक स्थिर स्थिति रहने की संभावना है.
दिल्ली में अचानक बढ़ी गर्मी
इस बीच राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में मौसम ने असामान्य गर्मी का रुख अपना लिया है. IMD के अनुसार सोमवार को दिल्ली में इस साल का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया. शहर के बेस स्टेशन सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 7.2 डिग्री अधिक है. इसके साथ ही पिछले 24 घंटों में तापमान में 3.1 डिग्री का तेज उछाल देखा गया, जिससे अचानक गर्मी बढ़ने के संकेत मिले हैं.
आगे कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली के मौसम को लेकर IMD ने बताया कि अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है और उसके बाद ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है. आने वाले 7 दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहने की आशंका है. 16, 19, 20, 21 और 22 फरवरी को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, जबकि 17 फरवरी को दोपहर या शाम के समय बादल छा सकते हैं और 18 फरवरी को आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रह सकता है. सुबह के समय हल्की धुंध रहने की संभावना अगले एक सप्ताह तक बनी रहेगी. कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
देश में किन राज्यों में बारिश या बर्फबारी की संभावना है?
18 फरवरी को हिमाचल प्रदेश में और 18–19 फरवरी को उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है.
किन इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट है?
अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में 16 से 18 फरवरी तक, जबकि 17 और 18 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 18 फरवरी को मध्य प्रदेश में भी ऐसी ही स्थिति बन सकती है.
कहां भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है?
21 और 22 फरवरी को दक्षिण तमिलनाडु, केरल और माहे के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
देश के किन हिस्सों में गर्म और उमस भरा मौसम रहेगा?
तटीय कर्नाटक के कुछ इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की चेतावनी दी गई है.
दिल्ली में मौसम का मिजाज कैसा है?
राजधानी नई दिल्ली में इस साल का अब तक का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया है. सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 7.2 डिग्री ज्यादा है.
दिल्ली में आगे कैसा मौसम रहने वाला है?
अगले 7 दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहेगा. न्यूनतम तापमान में भी 3–4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है. सुबह के समय हल्की धुंध बनी रह सकती है.
इसके अलावा ओडिशा के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की गई है, जबकि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और श्रीलंका तट के आसपास के समुद्री इलाकों में 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज और झोंकेदार हवाओं के साथ समुद्र में उथल-पुथल की स्थिति बनी रह सकती है.
कुल मिलाकर, आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आएगा, कहीं बारिश और आंधी-तूफान तो कहीं असामान्य गर्मी लोगों को प्रभावित कर सकती है.

2 hours ago
