World News In Hindi: जर्मनी में एक हैरान करने वाला मामला देखने को मिला है. यहां 80 साल से भी ज्यादा उम्र की महिला अपनी 100 साल से भी ज्यादा उम्र की मां के ममीफाइड शरीर के साथ रह रही थी. इसके लिए उसने सालों तक अपनी मां की लाश को छिपाए रखा. महिला का इस हरकत को अंजाम देने के पीछे का कारण मंथली पेंशन थी. वह शव छिपाकर लगभग हर महीने अपनी मां के नाम की पेंशन लेती रही.
पेंशन के लिए छिपाया शव
जर्मन पुलिस ने सोमवार को 'बिल्ड' अखबार के हवाले से बताया कि उन्हें 100 साल से भी ज्यादा उम्र की एक महिला का ममीफाइड शव मिला है. यह शव उस घर में मिला है, जहां वह अपनी 82 साल की बेटी के साथ रहती थी. पुलिस को संदेह है कि बेटी ने महिला के शव को सालों तक छिपाए रखा ताकि वह उसकी लगभग 1,500 यूरो (1 लाख 60 हजार रुपये) की हर महीने की पेंशन पाती रहे.
मां को न मिलने का बताती रही बहाना
पुलिस को यह जानकारी बवेरिया के छोटे से शहर रुहमान्सफेल्डेन के मेयर ने दी. वह पिछले 8 सालों से हर साल 1922 में पैदा हुई सोफी बी से मिलने और उन्हें जन्मदिन की बधाई देने की कोशश कर रहे थे. मेयर वर्नर ट्रोइबर ने 'बिल्ड' को बताया कि जब भी वे मिलने जाते थे तो या तो उन्हें दरवाजा बंद मिलता था या फिर महिला की बेटी क्रिस्टा बी उनसे न मिलने का कोई न कोई कारण बताती थी. आखिर में उन्होंने साल 2025 के अंत में पब्लिक प्रॉसिक्यूटर को सूचित किया, जब बेटी ने उन्हें बताया कि उसकी मां की 2 साल पहले चेक गणराज्य में मृत्यु हो गई थी.
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस को फरवरी की शुरुआत में मां का ममीफाइड शव मिला. उन्होंने पिछले हफ्ते एक बयान जारी कर कहा कि शव परीक्षण किया गया था, लेकिन उसमें मृत्यु का कारण या तारीख निर्धारित नहीं हो पाई, सिवाय इसके कि यह घटना कई साल पहले हुई थी. उन्होंने हत्या की संभावना को खारिज कर दिया है, लेकिन पेंशन धोखाधड़ी के संदेह में जांच शुरू कर दी है.

1 hour ago
