Last Updated:February 25, 2026, 12:47 IST
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम शहर की डम्माला वीधी कॉलोनी में गंदा पानी पीने से एक व्यक्ति की मौत, जबकि 70 से ज्यादा लोग बीमार पड़ गए. इस घटना ने हाल ही में इंदौर में सामने आए दूषित पानी कांड की याद ताजा कर दी है, जिसमें करीब 35 लोगों की मौत हो गई थी.

आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम शहर की डम्माला वीधी कॉलोनी में गंदा पानी पीने से एक व्यक्ति की मौत, जबकि 70 से ज्यादा लोग बीमार पड़ने की खबर है. इन सभी बीमार लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. इस घटना ने हाल ही में इंदौर में सामने आए दूषित पानी कांड की याद ताजा कर दी है, जिसमें करीब 35 लोगों की मौत हो गई थी.
वहीं श्रीकाकुलम की जिला चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी के. अनिता के मुताबिक, 22 जनवरी को कॉलोनी के कई लोगों को हल्के दस्त की शिकायत हुई थी, जिसके बाद इलाके में निगरानी और सैनिटेशन अभियान तेज कर दिया गया. उन्होंने बताया कि दूषित पानी के कारण बीमारी फैलने की आशंका है, हालांकि सटीक वजह जानने के लिए पानी और अन्य सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं. पूरे इलाके में डोर-टू-डोर स्क्रीनिंग की जा रही है और हल्के लक्षण वाले मरीजों को मौके पर ही इलाज दिया जा रहा है.
स्वास्थ्य विभाग ने एहतियातन कॉलोनी की पूरी पाइपलाइन से जलापूर्ति बंद कर दी है और टैंकरों के जरिए सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है. गंभीर मरीजों को नजदीकी मेडिकल कैंपों के साथ-साथ सरकारी और निजी अस्पतालों में रेफर किया गया है. फिलहाल 70 से अधिक लोग इलाजरत हैं.
इस बीच एन चंद्रबाबू नायडू ने वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों और जिला प्रशासन के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिए कि गंभीर मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर इलाज मिले और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
वहीं, विपक्षी दल वाईएसआरसीपी प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने भी इस घटना पर गहरी चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि श्रीकाकुलम में जिस तरह दूषित पानी के कारण लोग बीमार पड़े हैं, वह बेहद गंभीर मामला है और सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए.
स्थानीय लोग इस घटना की तुलना मध्य प्रदेश के इंदौर में हाल ही में सामने आए गंदे पानी से फैली बीमारी से कर रहे हैं. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने पेयजल की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
First Published :
February 25, 2026, 12:47 IST

2 hours ago
