अगले 3 महीने में कैसे करें UPSC सिविल सेवा प्रीलिम्स 2026 की तैयारी? यहां देखें पूरा रोडमैप

1 hour ago

UPSC CSE Prelims 2026: यूपीएससी (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे प्रतिष्ठित और चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में से एक है. इसका पहला चरण प्रीलिम्स होता है, जिसे पार किए बिना आगे बढ़ना संभव नहीं है. जैसे-जैसे परीक्षा नजदीक आती है, तैयारी का दबाव बढ़ता जाता है. इसी तरह यूपीएससी सिविल सेवा प्रीलिम्स परीक्षा 2026 में अब सिर्फ 3 महीने बचे हैं, तो यह घबराने का नहीं बल्कि रणनीति के साथ काम करने का समय है.

ये आखिरी 90 दिन नई किताबें पढ़ने या नई रणनीति आजमाने के लिए नहीं हैं. यह समय है अब तक की गई पढ़ाई को मजबूत करने, बार-बार दोहराने और परीक्षा जैसी स्थिति में खुद को तैयार करने का. सही योजना, रेगुलर प्रैक्टिस और मानसिक संतुलन से इन 3 महीनों में अपनी तैयारी को बेहतर स्तर पर पहुंचाया जा सकता है.

परीक्षा की तैयारी का सबसे निर्णायक दौर

प्रीलिम्स के आखिरी तीन महीने पूरी तैयारी का निचोड़ होते हैं. इस समय कई अभ्यर्थी असमंजस में आ जाते हैं और सोचते हैं कि शायद उन्होंने कुछ मिस कर दिया है. कुछ लोग नई किताबें खरीद लेते हैं या फिर शुरुआत से सबकुछ दोबारा पढ़ने लगते हैं.

असल में यह समय निरंतरता बनाए रखने का है. सिलेबस कम से कम एक बार पूरा हो चुका होना चाहिए. अब फोकस होना चाहिए रिवीजन पर. हर विषय – पॉलिटी, हिस्ट्री, ज्योग्राफी, इकोनॉमिक्स, एनवायरनमेंट, साइंस एंड टेक्नोलॉजी और करंट अफेयर्स की बार-बार रिवीजन की जरूरत है.

प्रीलिम्स सिर्फ जानकारी की परीक्षा नहीं है, बल्कि सही विकल्प पहचानने और गलत विकल्प हटाने की क्षमता की भी परीक्षा है. इसलिए इस समय की तैयारी परीक्षा जैसी परिस्थितियों में होनी चाहिए.

पहले महीने की रणनीति – कमजोरी पहचानें और सुधारें

आखिरी तीन महीनों के पहले चरण में हर विषय का विस्तार से रिवीजन करें. मॉक टेस्ट देकर यह समझें कि किन टॉपिक्स में बार-बार गलती हो रही है. जिन टॉपिक में कमजोरी नजर आए, उन्हें तुरंत मजबूत करें.

इस दौरान अपनी बेसिक किताबों और खुद के बनाए नोट्स पर भरोसा रखें. बार-बार सोर्स बदलने से भ्रम पैदा होता है. कोशिश करें कि हर विषय को एक व्यवस्थित तरीके से दोहराया जाए, ताकि बेसिक कॉन्सेप्ट पूरी तरह क्लियर हो जाएं.

दूसरे महीने की रणनीति – एक्टिव रिवीजन और याददाश्त मजबूत करना

दूसरे महीने में पढ़ाई का तरीका थोड़ा बदलना चाहिए. अब सिर्फ पढ़ना काफी नहीं है. किताब बंद करके खुद से सवाल पूछें कि आपने क्या पढ़ा था. किसी टॉपिक को याद करने की कोशिश करें और फिर उसे किताब से मिलाएं.

इस तरह की एक्टिव रिवीजन से जानकारी लंबे समय तक याद रहती है. यह तरीका परीक्षा में सवाल पहचानने और सही विकल्प चुनने में बहुत मदद करता है. इसी समय मॉक टेस्ट की संख्या भी धीरे-धीरे बढ़ाएं. हर टेस्ट के बाद उसका गहराई से एनालिसिस करें. समझें कि गलती जानकारी की कमी से हुई या जल्दबाजी में निर्णय लेने से.

तीसरे महीने की रणनीति – स्पीड, एक्यूरेसी और आत्मविश्वास

आखिरी महीने में तैयारी का फोकस स्पीड और एक्यूरेसी पर होना चाहिए. अब रिवीजन तेज गति से होना चाहिए. छोटे-छोटे नोट्स, महत्वपूर्ण फैक्ट, संविधान के अनुच्छेद, रिपोर्ट्स और पर्यावरण से जुड़े समझौते बार-बार दोहराएं.

फुल लेंथ मॉक टेस्ट परीक्षा जैसे माहौल में दें. तय समय में पेपर सॉल्व करें और बीच में कोई रुकावट न रखें. इससे परीक्षा हॉल में आत्मविश्वास बढ़ता है और टाइम मैनेजमेंट बेहतर होता है.

मॉक टेस्ट का सही उपयोग कैसे करें?

मॉक टेस्ट का मकसद सिर्फ अंक देखना नहीं है. असली फायदा उनकी समीक्षा में छिपा होता है. हर टेस्ट के बाद अपनी गलतियों की लिस्ट बनाएं. देखें कि कौन-से विषयों में आप ओवरकॉन्फिडेंट हो रहे हैं और कहां पर बार-बार चूक रहे हैं.

प्रीलिम्स में कई सवाल ऐसे होते हैं, जिनमें पूरी जानकारी नहीं होती, लेकिन लॉजिकल थिंकिंग और एलिमिनेशन तकनीक से सही उत्तर चुना जा सकता है. इसलिए विकल्पों को हटाने की कला पर काम करना जरूरी है.

करंट अफेयर्स को जोड़कर पढ़ें, अलग से नहीं

आखिरी महीनों में सबसे बड़ी गलती होती है नए करंट अफेयर्स सोर्स जोड़ना. इससे भ्रम बढ़ता है और रिवीजन का समय कम हो जाता है. पूरे साल जो नोट्स बनाए हैं, उन्हीं को दोहराएं. करंट अफेयर्स को स्टैटिक विषयों से जोड़कर पढ़ें. जैसे पर्यावरण की खबरों को पर्यावरण के मूल सिद्धांतों से जोड़ें, या आर्थिक नीतियों को अर्थव्यवस्था के बेसिक कॉन्सेप्ट से मिलाकर समझें. जब जानकारी आपस में जुड़ती है, तो उसे याद रखना आसान हो जाता है.

CSAT को हल्के में न लें

कई बार अभ्यर्थी जनरल स्टडीज पेपर-1 (GS Paper – 1) पर ज्यादा ध्यान देते हैं और CSAT को नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन CSAT पास करना अनिवार्य है. आखिरी 3 महीनों में नियमित रूप से पैसेज, मैथ, रीजनिंग और डेटा इंटरप्रिटेशन की प्रैक्टिस करें. अगर CSAT कमजोर है तो रोज थोड़ा समय जरूर दें.

मानसिक संतुलन और दिनचर्या का महत्व

प्रीलिम्स के अंतिम महीनों में मानसिक दबाव बढ़ना स्वाभाविक है. मॉक टेस्ट के अंक कभी ज्यादा तो कभी कम आ सकते हैं. इससे घबराने की जरूरत नहीं है. नियमित दिनचर्या बनाए रखें. पर्याप्त नींद लें और छोटे-छोटे ब्रेक लेते रहें. दूसरों से तुलना करने से बचें. हर अभ्यर्थी की तैयारी अलग होती है. आत्मविश्वास आखिरी दिनों में अचानक नहीं आता, बल्कि पूरे तीन महीनों की अनुशासित तैयारी से बनता है.

Read Full Article at Source