LPG Cylinder Crisis LIVE: तेल संकट से निपटने के लिए हमारे पास 'सप्लाई चेन मैनेजमेंट सिस्टम', कैबिनेट मीटिंग में बोले पीएम मोदी

2 hours ago

होमताजा खबरदेश

LIVE: भारत के पास सप्लाई चेन मैनेजमेंट सिस्टम, तेल संकट पर बोले पीएम

Last Updated:March 10, 2026, 18:33 IST

LPG Cylinder Crisis LIVE: मिडिल ईस्ट में इजरायल, अमेरिका और ईरान जंग के कराण बढ़ते संकट के बीच भारत के कई शहरों में एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई है. बेंगलुरु, जयपुर, मुंबई और चेन्नई में कमर्शियल गैस की किल्लत की खबरें सामने आई हैं. सरकार का कहना है कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और जमाखोरी रोकने के लिए बुकिंग नियमों में बदलाव किए गए हैं. वहीं मुंबई-चेन्नई में संकट का असर दिखने लगा है. रेस्टोरेंट मालिकों ने चेतावनी दी है. वहीं अब अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है. साथ ही UBT सांसद प्रियंका चतुर्वेदी केंद्र सरकार को इस मामले पर घेरने की कोशिश की है हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है. गैस सिलेंडर संकट पर पढ़े कहां क्या हालात हैं वह भी लाइव अपडेट के साथ.

 भारत के पास सप्लाई चेन मैनेजमेंट सिस्टम, तेल संकट पर बोले पीएमZoom

ईरान-इजरायल जंग के बीच भारत में LPG सिलेंडर की सप्लाई को लेकर हलचल तेज है. (फोटो PTI)

Gas Cylinder Crisis LIVE: मिडिल ईस्ट में ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जंग जारी है. जंग के कारण बढ़ते तनाव और ईंधन आपूर्ति में आ रही रुकावटों के बीच भारत में एलपीजी सिलेंडर को लेकर चिंता बढ़ने लगी है. कई शहरों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होने की खबरें सामने आ रही हैं. होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग इंडस्ट्री सबसे ज्यादा प्रभावित बताई जा रही है. केंद्र सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है. राज्यों के साथ बैठक कर यह साफ किया गया है कि घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी. हालांकि बाजार में बढ़ती बुकिंग और सप्लाई चेन पर दबाव के कारण कई जगहों पर वेटिंग बढ़ गई है. वहीं LPG सिलेंडर संकट का असर अब दिखने लगा है. मुंबई और चेन्नई के रेस्टोरेंट मालिकों ने चेतावनी दी है. इधर खबर है कि AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है. साथ ही शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने सरकार पर सवाल उठाए हैं.

इसी बीच देश के अलग-अलग शहरों से अलग-अलग तस्वीर सामने आ रही है. कहीं कमर्शियल गैस की सप्लाई रोक दी गई है तो कहीं घरेलू सिलेंडर की बुकिंग अवधि बढ़ा दी गई है. जयपुर, बेंगलुरु, मुंबई और चेन्नई जैसे शहरों में होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री चिंता जता रही है. वहीं सरकार का कहना है कि फिलहाल देश में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और घबराने की जरूरत नहीं है. लेकिन अंतरराष्ट्रीय हालात बिगड़ने पर सप्लाई मैनेजमेंट के लिए कई एहतियाती कदम उठाए गए हैं.

LPG सिलेंडर संकट पर लाइव अपडेट्स: 

मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने आश्वस्त किया है कि ईरान-इजरायल युद्ध का राज्य में रसोई गैस की आपूर्ति पर कोई संकट नहीं आएगा. कैबिनेट बैठक के बाद मंत्री चैतन्य कश्यप ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सरकार स्थिति पर सतत निगरानी रख रही है. एहतियात के तौर पर केंद्र के निर्देशानुसार केवल कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई में मामूली कटौती की गई है, ताकि घरेलू उपभोक्ताओं को कोई तकलीफ न हो. उन्होंने स्पष्ट किया कि युद्ध की अनिश्चितता को देखते हुए यह सावधानी बरती जा रही है और प्रशासनिक स्तर पर मुस्तैदी कायम है. ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन के कार्यकारी अध्यक्ष पी.एन. सेठ ने स्पष्ट किया है कि देश में एलपीजी की कोई किल्लत नहीं है. आपूर्ति सामान्य बनाए रखने के लिए सरकार ने दो सिलेंडर वाले उपभोक्ताओं पर 25 दिन का प्रतिबंध लगाया है ताकि जमाखोरी रोकी जा सके. फेडरेशन का पूरा ध्यान घरेलू उपभोक्ताओं पर है, जिनमें एक सिलेंडर वालों को प्राथमिकता दी जा रही है. उन्होंने साफ किया कि अस्पताल, स्कूल और डिफेंस संस्थानों को प्राथमिकता मिलेगी, जबकि होटल्स जैसे व्यावसायिक संगठनों को विकल्प तलाशने होंगे. घरेलू सिलेंडर की डिलीवरी अब बिना बुकिंग और OTP के नहीं की जाएगी. केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मीडिया से बातचीत में देश को ऊर्जा सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि युद्ध की स्थिति के बावजूद भारत की ऊर्जा आपूर्ति निर्बाध जारी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू उपभोक्ताओं को सीएनजी (CNG) और पीएनजी (PNG) की 100 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं, जबकि उद्योगों को भी 70-80 प्रतिशत आपूर्ति मिल रही है. पुरी ने जोर दिया कि भारत अलग-अलग स्रोतों और रास्तों से तेल-गैस का आयात कर रहा है. सरकार सस्ती और निरंतर ऊर्जा आपूर्ति के लिए प्रतिबद्ध है, इसलिए जनता को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैबिनेट बैठक में मंत्रियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मिडिल ईस्ट संकट का बोझ आम आदमी पर नहीं पड़ना चाहिए. पीएम ने कहा कि वैश्विक उथल-पुथल के इस दौर में जनता का भरोसा कायम रखना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने मंत्रियों को जनता के बीच जाकर यह बताने को कहा कि देश में तेल की कीमतें स्थिर हैं और हमारे पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. पीएम ने जोर दिया कि भारत ने इस संकट से निपटने के लिए एक मजबूत ‘सप्लाई चेन मैनेजमेंट सिस्टम’ तैयार किया है, जिससे नागरिकों को आश्वस्त किया जा सके. महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) मंत्री छगन भुजबल ने होटल उद्योग को लेकर चल रहे एलपीजी (LPG) आपूर्ति संकट पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है. भुजबल के अनुसार, होटल इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों ने उनसे मुलाकात कर अपनी चिंताएं व्यक्त की हैं. व्यवसायियों का कहना है कि यदि एलपीजी की आपूर्ति में 25% से अधिक की कटौती की जाती है तो होटल उद्योग को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा. इस गंभीर विषय पर मंत्री भुजबल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से चर्चा की है. हालांकि, केंद्र सरकार के वर्तमान दिशा-निर्देशों के अनुसार, पेट्रोलियम कंपनियों को स्पष्ट आदेश दिए गए हैं कि वे फिलहाल घरेलू गैस (Home Supply) की निर्बाध आपूर्ति पर ही पूरा ध्यान केंद्रित करें. इस गतिरोध को सुलझाने के लिए मुख्यमंत्री अगले 2 से 4 दिनों में एक समीक्षा बैठक बुलाने वाले हैं, जिसमें होटल एसोसिएशन की मांगों और केंद्र के निर्देशों के बीच संतुलन बनाने पर विचार किया जाएगा. Gas Cylinder Crisis LIVE: AHAR के प्रेसिडेंट विजय शेट्टी ने LPG की किल्लत को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अगर अगले 2 से 3 दिनों में हालात नहीं सुधरे तो महाराष्ट्र के लगभग सभी होटल और रेस्टोरेंट बंद होने के कगार पर पहुंच सकते हैं. इस समस्या को लेकर AHAR ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को भी चिट्ठी लिखकर तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है. LPG Cylinder Crisis LIVE: पुणे में LPG से चलने वाले कुछ श्मशान घाटों को फिलहाल अस्थायी रूप से बंद किया गया है. पुणे म्युनिसिपल कमिश्नर ने कहा कि यह फैसला सिर्फ LPG पर पड़ रहे लोड को कम करने के लिए लिया गया है और फिलहाल गैस की कोई कमी नहीं है. उनका कहना है कि कमर्शियल LPG के उपयोग को कम करना जरूरी है, क्योंकि मौजूदा हालात और युद्ध की स्थिति में LPG एक अहम मुद्दा बन गया है. उन्होंने यह भी कहा कि इससे लोगों को कोई परेशानी नहीं होगी. पुणे में रोजाना औसतन 112 दाह संस्कार होते हैं और शहर में कुल 56 श्मशान स्थल हैं, इनमें से 18 जगहों पर दाह संस्कार LPG के जरिए किए जाते हैं. Gas Cylinder Crisis LIVE: घरेलू गैस पर एस्मा कानून लागू किए जाने को लेकर आप सांसद संजय सिंह ने सरकार पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि सरकार पहले कह रही थी कि सब कुछ ठीक है, फिर ऐसी स्थिति क्यों आ गई कि एस्मा लगाने की जरूरत पड़ गई. संजय सिंह ने कहा कि हकीकत यही है कि सरकार से इस समस्या को संभाला नहीं जा रहा है. LPG Cylinder Crisis LIVE: गैस और पेट्रोल की कीमतों को लेकर शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने सरकार पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि जब सरकार खुद कह रही है कि कोई संकट नहीं है, तो फिर ऐसी स्थिति क्यों पैदा हो गई है. उनका कहना है कि इससे साफ जाहिर होता है कि सरकार इस समस्या को हल करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है. Gas Cylinder Crisis LIVE: गैस संकट को लेकर AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है. उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए कहा कि देशभर में शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों को छोड़कर बाकी सभी कमर्शियल संस्थानों को LPG गैस की सप्लाई बंद कर दी गई है और फिलहाल सिर्फ घरेलू उपयोग के लिए गैस दी जा रही है. केजरीवाल ने कहा कि आने वाले दिनों में गैस और तेल की स्थिति और खराब हो सकती है. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी जी अपनी कुछ मजबूरियों के चलते ट्रंप के सामने नतमस्तक हैं और सवाल उठाया कि क्या आज देश उसी की सजा भुगत रहा है.

देश भर में, शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों को छोड़कर, बाक़ी सभी कमर्शियल संस्थानों को LPG गैस की सप्लाई बंद कर दी गई है। केवल घरेलू उपयोग के लिए गैस दी जाएगी।

आने वाले दिनों में गैस और तेल की स्थिति और खराब होने के आसार हैं।

LPG Cylinder Crisis LIVE: मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष का असर अब मुंबई और मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में एलपीजी गैस सप्लाई पर भी दिखने लगा है. TOI की रिपोर्ट के मुताबिक गैस की सप्लाई कम आने के कारण घरेलू सिलेंडर की बुकिंग के बाद 2 से 3 दिन की देरी हो रही है. एक उपनगरीय डीलर ने बताया कि पेट्रोलियम मंत्रालय की नई अधिसूचना के अनुसार अब घरेलू उपभोक्ता एक सिलेंडर मिलने के 25 दिन बाद ही अगला रीफिल बुक कर सकते हैं, जबकि पहले एक-दो दिन में ही नई बुकिंग हो जाती थी. गैस एजेंसियों का कहना है कि होटल और रेस्टोरेंट में इस्तेमाल होने वाले कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई लगभग ठप हो गई है. एक रेस्टोरेंट मालिक ने बताया कि फिलहाल 14.2 किलो वाला घरेलू सिलेंडर मिल रहा है. लेकिन कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई रविवार से बंद है, इससे ढाबों और छोटे रेस्टोरेंट्स पर संकट खड़ा हो सकता है. कुछ लोग मजबूरी में काले बाजार से घरेलू सिलेंडर खरीद सकते हैं, जो गैरकानूनी और खतरनाक है. वहीं ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के सूत्रों का दावा है कि घरेलू एलपीजी की सप्लाई में कोई कमी नहीं है. Gas Cylinder Crisis LIVE: चेन्नई में भी गैस किल्लत के कारण रेस्टोरेंट और होटल कारोबार पर असर पड़ा है. चेन्नई के रेस्टोरेंट मालिकों के संघ ने इस मुद्दे को केंद्र सरकार के संज्ञान में लाया है. उन्हें आशंका है कि अगर आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं हुई तो खाद्य पदार्थों की कीमतें बढ़ जाएंगी या बिक्री प्रभावित होगी.
LPG Cylinder Crisis LIVE: TOI की रिपोर्ट के अनुार पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण भारत के लगभग 40% LNG सप्लाई प्रभावित हुई है. ऐसे में सरकार उद्योगों के लिए एक ‘ऑप्टिमाइजेशन प्लान’ पर काम कर रही है. इसमें उर्वरक जैसे प्राथमिकता वाले सेक्टर भी शामिल हैं. चर्चा से जुड़े लोगों के मुताबिक पेट्रोलियम मंत्रालय इस व्यवस्था को मंगलवार तक अंतिम रूप दे सकता है. Gas Cylinder Crisis LIVE: हालांकि उर्वरक क्षेत्र को मिलने वाली गैस सप्लाई में कुछ कमी से इनकार नहीं किया गया है. सूत्रों का कहना है कि उर्वरक इकाइयों को इतना गैस सप्लाई जरूर दी जाएगी, जिससे वे अपने संयंत्रों को बेहतर स्तर पर चला सकें और उत्पादन प्रभावित न हो.

कहां-कहां क्या हालात?

बेंगलुरु में कमर्शियल गैस की सप्लाई बाधित होने के कारण हजारों होटल-रेस्टोरेंट बंद होने की चेतावनी दी गई है. होटल एसोसिएशन ने कहा है कि सप्लाई बहाल नहीं हुई तो शहर के 3000 से ज्यादा होटल प्रभावित हो सकते हैं. जयपुर में घरेलू गैस को प्राथमिकता देने का आदेश जारी किया गया है, जिससे शादियों और होटल इंडस्ट्री में सिलेंडर की किल्लत की आशंका बढ़ गई है. पंजाब में ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने नॉन-डोमेस्टिक सिलेंडर की सप्लाई रोक दी है. वहीं मुंबई, पुणे और नागपुर में कमर्शियल एलपीजी की उपलब्धता तेजी से कम हो रही है. तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी कमर्शियल गैस डिस्पैच सीमित कर दिए गए हैं. तमिलनाडु के चेन्नई और कोयंबटूर में नए कमर्शियल सिलेंडर की डिलीवरी अस्थायी रूप से रोक दी गई है. हिमाचल प्रदेश में नया नियम लागू किया गया है, जिसके तहत उपभोक्ता 25 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक कर पाएंगे. कोलकाता में भी लॉक-इन पीरियड लागू कर दिया गया है ताकि जमाखोरी रोकी जा सके. भारत में फिलहाल सरकार स्थिति को नियंत्रण में बताने की कोशिश कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई को व्यवस्थित करने के लिए ही बुकिंग नियमों में बदलाव किया गया है. हालांकि बाजार में अचानक बढ़ी बुकिंग और अंतरराष्ट्रीय संकट के कारण अस्थायी दबाव जरूर बना है. दूसरी ओर दुनिया के कई देशों में ईंधन संकट और ज्यादा गंभीर होता दिख रहा है. पाकिस्तान में स्कूल-कॉलेज बंद करने और वर्क फ्रॉम होम लागू करने जैसे कदम उठाए गए हैं. बांग्लादेश में ईंधन बिक्री पर प्रतिबंध लगाए गए हैं. म्यांमार में वाहनों के लिए ऑड-ईवन सिस्टम लागू कर दिया गया है. इन हालातों के बीच भारत सरकार लगातार सप्लाई चेन को स्थिर रखने की कोशिश कर रही है.

क्या भारत में सच में गैस सिलेंडर का बड़ा संकट आने वाला है?

सरकार का कहना है कि फिलहाल देश में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. हालांकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित होने के कारण सप्लाई चेन पर दबाव जरूर बढ़ा है. इसी वजह से घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने और जमाखोरी रोकने के लिए बुकिंग अवधि बढ़ाने जैसे कदम उठाए गए हैं.

किन शहरों में कमर्शियल गैस की सबसे ज्यादा दिक्कत देखी जा रही है?

बेंगलुरु, हैदराबाद, जयपुर, मुंबई, पुणे और चेन्नई जैसे शहरों से कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई प्रभावित होने की खबरें आई हैं. होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री ने चिंता जताई है कि अगर सप्लाई जल्द सामान्य नहीं हुई तो हजारों प्रतिष्ठानों का संचालन प्रभावित हो सकता है.

सरकार ने स्थिति संभालने के लिए क्या कदम उठाए हैं?

केंद्र सरकार ने राज्यों के साथ बैठक कर एलपीजी सप्लाई की समीक्षा की है. घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं. कई जगहों पर सिलेंडर बुकिंग का अंतराल बढ़ाया गया है ताकि जमाखोरी और घबराहट में खरीदारी को रोका जा सके.

वैश्विक संकट का असर

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और गैस आपूर्ति में रुकावटों का असर दुनिया के कई देशों पर दिखने लगा है. पाकिस्तान, बांग्लादेश और म्यांमार जैसे देशों में ईंधन संकट के कारण प्रशासनिक कदम उठाए जा रहे हैं. भारत में अभी हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं, लेकिन सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.

About the Author

Sumit Kumar

सुमित कुमार News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वे पिछले 3 साल से यहां सेंट्रल डेस्क टीम से जुड़े हुए हैं. उनके पास जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री है. News18 हिंदी में काम करने से पहले, उन्ह...और पढ़ें

First Published :

March 10, 2026, 06:28 IST

Read Full Article at Source