Last Updated:March 06, 2026, 07:54 IST
Ind Vs Eng: टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है. इस जीत की खबर मिलते ही जोधपुर में क्रिकेट प्रेमियों का सैलाब उमड़ पड़ा. सड़कों पर तिरंगा यात्रा निकाली गई, आतिशबाजी हुई और भारत माता के जयकारे लगे. अब रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला होगा जिसे लेकर जोधपुर में भारी उत्साह है.
Ind Vs Eng: गुरुवार रात क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार बन गई. जैसे ही भारतीय टीम ने आईसीसी मेंस टी-20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड की टीम को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह पक्की की, वैसे ही जोधपुर में खुशी की लहर दौड़ पड़ी. शहर के अलग-अलग इलाकों में लोगों ने सड़कों पर उतरकर जीत का जश्न मनाया. युवाओं से लेकर बच्चों और बुजुर्गों तक हर कोई टीम इंडिया की जीत पर झूमता नजर आया. मैच के आखिरी ओवरों में जैसे ही भारत की जीत तय हुई, पूरा शहर जश्न के माहौल में डूब गया.
जोधपुर की बी रोड और अन्य प्रमुख सड़कों पर युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था. मैच के दौरान शहर के कई क्लबों, कैफे और सार्वजनिक स्थानों पर बड़ी एलईडी वॉल लगाई गई थी जहाँ क्रिकेट प्रेमी बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर मैच देख रहे थे. जैसे ही भारत की जीत हुई, लोगों ने जोरदार तालियां बजाईं और एक-दूसरे को बधाइयां दीं. कई स्थानों पर लोग तिरंगा लेकर नाचते-गाते दिखाई दिए. भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा माहौल और सड़कें गूंज उठीं. शहर के कई इलाकों में पटाखे भी फोड़े गए और लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया.
रविवार को न्यूजीलैंड से महामुकाबला
सेमीफाइनल में शानदार जीत के बाद अब क्रिकेट प्रेमियों की नजरें फाइनल मुकाबले पर टिक गई हैं. भारत का खिताबी मुकाबला रविवार को न्यूजीलैंड के साथ खेला जाएगा. सेमीफाइनल की इस जीत ने प्रशंसकों का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है. जोधपुर के क्रिकेट प्रेमियों को पूरी उम्मीद है कि टीम इंडिया फाइनल में भी ऐसा ही शानदार प्रदर्शन कर विश्व कप अपने नाम करेगी. शहर में अभी से फाइनल मुकाबले को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं और कई स्थानों पर फिर से बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच दिखाने की व्यवस्था की जा रही है.
जीत के बाद उमड़ा क्रिकेट का जुनून
भारत की जीत के बाद शहर के कई प्रमुख चौराहों और बाजारों में भी जबरदस्त जश्न देखने को मिला. युवाओं की टोलियां हाथों में तिरंगा लहराते हुए सड़कों पर निकल पड़ीं और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया. कई जगहों पर लोग गाड़ियों के काफिले के साथ शहर में घूमते हुए भारत की जीत का संदेश देते दिखे. क्रिकेट के प्रति जोधपुर का यह जुनून साफ दिखाई दे रहा था कि लोग अपनी टीम की जीत के लिए कितने उत्साहित थे. अब हर किसी को बस रविवार का इंतजार है जब भारत विश्व विजेता बनने के लिए मैदान में उतरेगा.
About the Author
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a seasoned multimedia journalist and digital content specialist with 8 years of experience across digital media, social media management, video production, editing, content...और पढ़ें
Location :
Jodhpur,Jodhpur,Rajasthan
First Published :
March 06, 2026, 07:54 IST

2 hours ago
