Bali जाने की कर रहे प्लानिंग तो और ढीली होने वाली है जेब, सरकार बदलने जा रही कई नियम

1 hour ago

Bali Visit Rule Changed: अगर आप भी इंडोनेशिया के सबसे लोकप्रिय द्वीप बाली का दीदार करने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण हो सकती है. बाली अपनी खूबसूरत छटा के लिए काफी मशहूर है और हर साल लाखों पर्यटक इस द्वीपर आते हैं. लेकिन अब यहां घूमने आने वाले लोगों को जल्द एक नए नियम से गुजरना पड़ सकता है. नए नियम के तहत अपने वित्तीय विवरणों का खुलासा करना पड़ सकता है.  रिपोर्ट्स में बताया जाता है कि अधिकारी ऐसे नियमों के बनाने पर जोर दे रहे हैं, जिनके तहत विदेशी पर्यटकों को धन का प्रमाण दिखाना होगा. अपने प्रवास के दौरान पूरी यात्रा योजना साझा करना अनिवार्य हो सकता है. 

दरअसल, जिन नए नियमों का प्रस्ताव रखा गया है, उनमें न्यूनतम खर्च और कोटा प्रणाली भी शामिल हो सकती है. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की एक रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि नए नियम बाली के नाजुक सांस्कृतिक और पारिस्थितिक परिदृश्य की रक्षा करने के लिए काफी आवश्क हैं. नए नियमों का मुख्य उद्देश्य बाली को पर्यटकों और स्थानीय लोगों दोनों के लिए अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और बेहतर बनाना है. 

कब की गई थी घोषणा? 

Add Zee News as a Preferred Source

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, करीब 1 महीने पहले बाली के गवर्नर वायन कोस्टर ने द्वीप पर आने वाले सभी विदेशियों की वित्तीय स्थिति की जांच करने की योजना की घोषणा की थी. ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले कुछ हफ्तों में नए नियम लागू हो जाएंगे. इन नियमों के लागू होने के बाद यात्रियों को द्वीप में प्रवेश करने से पहले अपनी यात्रा के लिए अपने बैंक खातों में एक निश्चित राशि दिखानी होगी. गवर्नर ने कहा था कि गुणवत्तापूर्ण पर्यटन के लिए जिन पहलुओं पर विचार किया जाता है, उनमें से एक यह है कि पिछले तीन महीनों में पर्यटकों की बचत कितनी है.

क्यों जरूरी माना जा रहा ये नियम? 

अधिकारियों का कहना है कि ऐसे नियम पर्यटकों को तय समय से पहले अधिक समय तक ठहरने और देश में अवैध रूप से काम करने में रोकने में मदद करेंगे. इसके साथ ही नियमों के लागू होने के बाद पर्यटकों के पास पैसे खत्म होने पर होने वाले अपराधों पर अंकुश लाएंगे. प्रस्तावित दिशानिर्देशों के तहत यात्रियों को बाली में प्रवास के दौरान न्यूनतम सीमा पूरी करनी होगी. 

यह भी पढ़ें: हर घंटे मिल रहे 450 रुपये, नौकरी खाने की जगह लोगों पर हो रही पैसों की बारिश, क्या है AI स्टार्टअप 'कार्या'

बाली के गवर्नर ने क्या कहा था

बाली के गवर्नर वायन कोस्टर ने कहा था कि यह नियम इसलिए बनाया जा रहा है ताकि बाली आने वाले पर्यटक बाली के नियमों और संस्कृति का सही मायने में सम्मान करें, बाली से प्यार करें और उनके पास पर्याप्त धन हो. उन्हें तीन सप्ताह तक केवल एक सप्ताह के लिए पर्याप्त धन के साथ रहने की नौबत नहीं आनी चाहिए, जिसके कारण वे फंसे रह जाएं और अपराध करने पर मजबूर हो जाएं.

पर्यटकों को क्या-क्या दिखाना होगा? 

प्रस्तावित नियमों के अनुसार, बाली आने वाले पर्यटकों को पिछले तीन महीनों के बैंक स्टेटमेंट, वापसी की हवाई टिकट और यात्रा योजनाओं व गतिविधियों का विस्तृत विवरण दिखाना होगा. अधिकारियों का मानना है कि जांच का तरीका यात्रा के प्रकार पर निर्भर करेगा. रिपोर्ट्स के अनुसार, कम लागत वाली छुट्टियों के लिए कम कागजों की आवश्यकता होगी और लंबे समय तक प्रवास के लिए धन का अधिक प्रमाण देना पड़ सकता है.

यह भी पढ़ें: राष्ट्रवाद पर डिबेट और थिएटर प्रतियोगिताओं, देशबंधु कॉलेज में ऐसे मनाया गया 'सबरंग' 2026

Read Full Article at Source