यूक्रेन के निहत्थे नागरिकों पर रूसी 'सुसाइड ड्रोन' का कहर, धू-धू कर जली बस, चारों ओर बिछी लाशें

2 hours ago

Drone attack on ukraine pavlohrad miner: यूक्रेन के पाव्लोहराद जिले में शनिवार को एक भयावह घटना हुई है. यहां रूस के ड्रोन ने खानों में काम करने वाले माइनर्स को ले जा रहे सर्विस बस को निशाना बनाया है. इस हमले में कम से कम 15 लोग मारे गए और 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं. हादसे के तुरंत बाद बस में आग लग गई थी, जिसे फायर ब्रिगेड ने समय रहते बुझा दिया है.

हमले को बताया आतंकवादी हमला
इस बस पर हमला डीटीईके कोल कंपनी के पास हुआ है. कंपनी के सीईओ मैक्सिम टिमचेंको ने इसे निहत्थे नागरिकों पर किया गया आतंकवादी हमला बताया है. उन्होंने कहा कि यह डीटीईके कर्मचारियों के बीच अब तक का सबसे बड़ा नुकसान है और कंपनी के इतिहास का सबसे काला दिन है. टिमचेंको ने घायल और मृतकों के परिवारों को हर तरह की सहायता और देखभाल देने का आश्वासन दिया है.

यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने भी इस घटना पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि पाव्लोहराद जिले की टर्निव्का क्षेत्र में रूस के ड्रोन ने आम बस को निशाना बनाया है, जिसमें कई लोग मारे गए हैं. जेलेंस्की ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है. इसके साथ ही उन्होंने सभी क्षेत्रों में स्थिति की जानकारी लेने के लिए एक कॉल भी किया था.

Add Zee News as a Preferred Source

अबू धाबी में होगी त्रिपक्षीय बैठक 
हालांकि, इस हमले के बीच यूक्रेन और रूस के बीच शांति स्थापित करने की कूटनीतिक कोशिशें भी जारी हैं. राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बताया कि अगली त्रिपक्षीय बैठक अमेरिका की मध्यस्थता में 4 और 5 फरवरी को अबू धाबी में होगी. उन्होंने कहा कि यूक्रेन इस बैठक में सार्थक चर्चा के लिए तैयार है और उनका मकसद युद्ध का सम्मानजनक और वास्तविक अंत सुनिश्चित करना है.

इस घटना ने यूक्रेन में रूस के हमलों के भयावह प्रभाव को फिर से उजागर किया है. डीटीईके और आपातकालीन सेवाएं लगातार घायल और परिवारों की मदद कर रही हैं. साथ ही राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इस हमले के बावजूद युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में बातचीत जारी रखने पर जोर दिया है. पूरे देश में सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित करने के लिए सभी कदम उठाए जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें: ट्रंप के दावे की खुली पोल! सीनेटर वार्नर बोले- भारत-पाक ने खुद सुलझाया था विवाद, अमेरिका सिर्फ ले रहा है क्रेडिट

Read Full Article at Source