IMD Weather News: कोहरे की चादर में लिपटी दिल्ली, सड़क पर थमी रफ्तार, विमानों के लिए भी एडवाइजरी

1 hour ago

Last Updated:February 02, 2026, 10:10 IST

IMD Weather forecast: सोमवार सुबह दिल्ली घने कोहरे की चपेट में रही, जिससे शहर के कई इलाकों में दृश्यता काफी कम हो गई. कम विजिबिलिटी का असर सड़क यातायात के साथ-साथ हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला. हालात को देखते हुए दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) ने उड़ानों में देरी की चेतावनी जारी की है.

कोहरे की चादर में लिपटी दिल्ली, सड़क पर थमी रफ्तार, विमानों के लिए भी एडवाइजरीउत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी 2 फरवरी को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है

देशभर में आज यानी 2 फरवरी मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं, जिसके चलते उत्तर भारत से लेकर पहाड़ी इलाकों तक मौसम का असर देखने को मिलेगा. बर्फबारी, बारिश और घना कोहरा आम जनजीवन को प्रभावित कर सकता है. सोमवार सुबह दिल्ली घने कोहरे की चपेट में रही, जिससे शहर के कई इलाकों में दृश्यता काफी कम हो गई. कम विजिबिलिटी का असर सड़क यातायात के साथ-साथ हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला. हालात को देखते हुए दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) ने उड़ानों में देरी की चेतावनी जारी की है.

आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नए शीतकालीन दौर की शुरुआत होने जा रही है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के साथ कई जगहों पर व्यापक असर देखने को मिल सकता है. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की संभावना है, जो कुछ जगहों पर 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं.

मैदानी इलाकों में भी मौसम बदला-बदला रहेगा. पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी 2 फरवरी को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. राजधानी दिल्ली में आसमान आमतौर पर बादलों से ढका रहेगा. सुबह के समय कई इलाकों में हल्का कोहरा, जबकि कुछ जगहों पर मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

कोहरा आने वाले दिनों में यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन सकता है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 3 फरवरी तक सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रह सकता है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 5 फरवरी तक घना कोहरा बने रहने का अनुमान है. इसके अलावा पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में भी दृश्यता कम रह सकती है.

तापमान को लेकर भी बदलाव के संकेत हैं. अगले तीन दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है. वहीं उत्तर प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अस्थायी तौर पर 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिसके बाद एक और ठंडा दौर आने की संभावना है.

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर उन इलाकों में जहां घना कोहरा और खराब मौसम की आशंका जताई गई है.

About the Author

Saad Omar

An accomplished digital Journalist with more than 13 years of experience in Journalism. Done Post Graduate in Journalism from Indian Institute of Mass Comunication, Delhi. After Working with PTI, NDTV and Aaj T...और पढ़ें

Location :

New Delhi,Delhi

First Published :

February 02, 2026, 06:46 IST

homenation

कोहरे की चादर में लिपटी दिल्ली, सड़क पर थमी रफ्तार, विमानों के लिए भी एडवाइजरी

Read Full Article at Source