बजट के अगले दिन ही धड़ाम हुआ सोना-चांदी, 72500 रुपये गिर गए दाम, क्या खरीदने का है सुनहरा मौका

1 hour ago

देश का आम बजट पेश होने के अगले ही दिन सोने-चांदी के भाव में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. सोमवार को अंतरराष्ट्रीय संकेतों, मजबूत डॉलर और मुनाफावसूली के दबाव के बीच कीमती धातुओं के दाम धड़ाम हो गए. सोने की कीमतों में जहां करीब 3 फीसदी की गिरावट आई, वहीं चांदी के दामों में 9 फीसदी तक की तेज गिरावट देखी गई.

ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार, चांदी की कीमत 72,500 रुपये यानी 18.85 फीसदी टूटकर 3,12,000 रुपये प्रति किलो (सभी करों सहित) पर आ गई. यह लगातार दूसरा दिन है जब चांदी में भारी गिरावट दर्ज की गई. इससे पहले गुरुवार को चांदी ने 4,04,500 रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड उच्च स्तर छुआ था. हालांकि, इस बड़ी गिरावट के बावजूद जनवरी महीने में चांदी ने मजबूत बढ़त दर्ज की. दिसंबर 2025 के अंत में 2,39,000 रुपये प्रति किलो के मुकाबले जनवरी में चांदी 73,000 रुपये यानी 30.5 फीसदी मजबूत रही.

कितनी पहुंची सोने की कीमत?

सोने की कीमतों में भी कमजोरी देखने को मिली. सोना 3,500 रुपये यानी 2.07 फीसदी गिरकर 1,65,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर आ गया. पिछले सत्र में 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने ने 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम का रिकॉर्ड स्तर छूने के बाद 7.6 फीसदी की गिरावट दर्ज की थी. हालांकि मासिक आधार पर सोना भी फायदे में रहा और जनवरी में इसमें 27,800 रुपये यानी 20.2 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई.

क्यों गिर रहा सोने-चांदी का दाम?

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिकी डॉलर की मजबूती और अमेरिका में फेड चेयरमैन पद के लिए डोनाल्ड ट्रंप की पसंद केविन वॉर्श के संभावित ब्याज दर रुख को लेकर निवेशक सतर्क हैं. इसके अलावा, बजट में सोना-चांदी के आयात पर कस्टम ड्यूटी में कोई बदलाव नहीं किए जाने से भी बाजार की उम्मीदों को झटका लगा.

देश के घरेलू बाजार में 2 फरवरी की सुबह सोने के दाम 1.60 लाख रुपये के आसपास स्थिर नजर आए, जबकि चांदी में बीते दो-तीन दिनों में करीब 1 लाख रुपये की गिरावट दर्ज की गई है. शादी-ब्याह की तैयारियों में जुटे लोगों के लिए यह राहत की खबर है, जबकि ऊंचे स्तर पर निवेश करने वालों को नुकसान झेलना पड़ा है.

दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 1,60,720 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 1,47,340 रुपये पर कारोबार कर रहा है. मुंबई, चेन्नई, कोलकाता और हैदराबाद में भी 24 कैरेट सोना 1,60,570 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,47,190 रुपये के आसपास पहुंच गया है.

प्रमुख शहरों में सोने के भाव (₹/10 ग्राम)

शहर22 कैरेट24 कैरेट
दिल्ली1,47,3401,60,720
मुंबई1,47,1901,60,570
अहमदाबाद1,47,2401,60,620
जयपुर1,47,3401,60,720
लखनऊ1,47,3401,60,720

इंडियन बुलियन एसोसिएशन के मुताबिक, मुंबई में 24 कैरेट सोना 1,51,804 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,39,140 रुपये के स्तर पर दर्ज किया गया, जबकि चांदी के भाव 2,75,419 रुपये प्रति किलो बताए गए.

विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव 5,087 डॉलर प्रति औंस और चांदी 95.26 डॉलर प्रति औंस तक फिसलने का असर भारतीय बाजार पर पड़ा है. डॉलर के मजबूत होने से कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ा है. इसके अलावा, बजट में सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) पर कैपिटल गेन टैक्स में राहत दिए जाने से फिजिकल सोने की मांग पर भी असर पड़ रहा है.

फिलहाल बाजार में अस्थिरता बनी हुई है. जहां निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं, वहीं आभूषण खरीदने वालों के लिए यह गिरावट किसी राहत से कम नहीं मानी जा रही है.

Read Full Article at Source