Last Updated:February 26, 2026, 16:26 IST
अमेरिका द्वारा रूस से कच्चा तेल खरीद को लेकर भारत पर दबाव बनाए जाने की खबरों के बीच राजस्थान से चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है. बाड़मेर जिले में एक किसान के खेत से अचानक क्रूड ऑयल जैसी धारा फूट पड़ी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. घटना नागाणा काऊ का खेड़ा क्षेत्र की बताई जा रही है. बुधवार दोपहर एक किसान के खेत में जमीन फटने के साथ तेल निकलने लगा.

बाड़मेर: रूस से क्रूड ऑयल खरीदी रोकने के लिए अमेरिका लगातार भारत पर दबाव बना रहा है. वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से दबाव बनाए जाने के चलते वेनेजुएला सुपर टैंकरों के जरिए कच्चा तेल भारत को भेजेगा. इन खबरों के बीच राजस्थान के बाड़मेर में कच्चा तेल यानी क्रूड ऑयल खेत में बहने की खबर सामने आई है. आलम यह है कि यहां के स्थानीय किसान टैंकरों में कच्चा तेल भरकर ले जा रहे हैं, लेकिन बहाव को अब तक रोका नहीं जा पाया है.
जमीन से तेल निकलने पर किसानों में भय
बाड़मेर जिले के नागाणा काऊ का खेड़ा इलाके में तेल उत्खनन क्षेत्र के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किसान के खेत से अचानक जमीन फटने के साथ क्रूड ऑयल जैसी धारा फूट पड़ी. यह घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है. क्षेत्र में संचालित तेल कंपनी केयर्न वेदांताके वेल पैड संख्या 8 के निकट हुई इस घटना से किसानों और ग्रामीणों में भय का माहौल है.
24 घंटे बाद भी नहीं रोका गया तेल का रिसाव
ग्रामीणों ने तुरंत कंपनी अधिकारियों और जिला प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद कंपनी की तकनीकी टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. हालांकि 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न तो रिसाव पूरी तरह रोका जा सका है और न ही यह स्पष्ट हो पाया है कि पदार्थ किस स्रोत से निकल रहा है.
खेत मालिक का आरोप है कि लंबे समय से क्षेत्र में जमीन और मकानों में दरारें आ रही हैं, जिसकी शिकायत कई बार कंपनी को दी गई, लेकिन समाधान नहीं हुआ.
घटना की सूचना पर बीजेपी नेता दीपक कड़वासरा भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने कंपनी प्रतिनिधियों से बातचीत कर किसान को उचित मुआवजा दिलाने और समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया.
पीड़ित किसान ने News18 से बातचीत में कहा- ‘कल सुबह मुझे किसी ने बताया कि आपके खेत में तेल बह रहा है. जब मैं वहां पहुंचा तो तेल पूरी तरह से बह रहा था. उससे तमाम खेत खराब हो रहे थे. अधिकारी जब यहां पहुंचे तो उन्होंने कहा कि पहले इसे कंट्रोल करने दो फिर बात करेंगे. जमीन के काफी नीचे से तेल आ रहा है. रातभर में तेल टैंकर में कम से कम 50 टैंकर तेल भर लिया गया है.’
किसान ने बताया कि उनका 100 बीघा जमीन बर्बाद हो गया, तेल की वजह से उसमें खेती करने लायक नहीं बची है. उन्होंने कहा कि ऑयल और गैस की पाइपलाइन के चलते जमीनें खराब हो रही है. ये तेल 12 फुट नीचे जमीन से आ रही है. किसान ने बर्बाद हुए खेत के लिए मुआवजे की मांग की.
भाजपा नेता दीपक कड़वासरा ने बताया कि दिन में करीब तीन बजे पता चला कि फव्वारे के साथ तेल निकल रहा है. इसके बाद मैं करीब पांच साढ़े पांच बजे यहां आया तब कंपनी की तरफ से वैक्यूम टैंक की मदद से तेल को जमा किया जा रहा था. उन्होंने बताया कि कंपनी के लोगों ने बताया कि हमारे वेलपैड नंबर आठ की जो हमारी लाइंस है वहां हम खोदकर देखेंगे कि उसमें से किसी में लीकेज है या नहीं. अगर लीकेज की संभावना खत्म हो जाएगी तो इस बात की जांच की जाएगी कि यह जमीन के नीचे से कोई सोर्स है क्या. कंपनी अधिकारियों से बातचीत हुई है कि किसान के खेतों को जो नुकसान हुआ है उसका मुआवजा दिया जाएगा.
About the Author
अभिषेक कुमार News18 की डिजिटल टीम में बतौर एसोसिएट एडिटर काम कर रहे हैं. वे यहां बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तसीगढ़, उत्तराखंड की राजनीति, क्राइम समेत तमाम समसामयिक मुद्दों पर लिखते ...और पढ़ें
Location :
Barmer,Barmer,Rajasthan
First Published :
February 26, 2026, 16:26 IST

1 hour ago
