पीएम मोदी जाएंगे बांग्लादेश? तारिक रहमान की ताजपोशी का न्योता देगी BNP! कहा- सहयोग बढ़ेगा

2 hours ago

बीएनपी के शीर्ष नेता और तारिक रहमान के विदेश नीति सलाहकार हुमायूं कबीर ने कहा है कि नई सरकार क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत करना चाहती है. उनका कहना है कि भारत के साथ संबंधों में नई शुरुआत की उम्मीद है. यह बयान ऐसे समय में आया है जब शेख हसीना की अवामी लीग सरकार के हटने के बाद बांग्लादेश की राजनीति में बड़ा बदलाव हुआ है.

पीएम मोदी को भेजा जाएगा निमंत्रण
ढाका में के BNP के वरिष्ठ नेता हुमायूं कबीर ने एक इंटरव्यू में बताया कि पार्टी तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुलाने की योजना बना रही है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र उनके लिए बहुत अहम है. नई सरकार की विदेश नीति में पड़ोसी देशों को खास जगह दी जाएगी. कबीर ने आगे कहा कि समय कम है लेकिन निमंत्रण भेजने की तैयारी है. उन्होंने इसे एक सद्भावना कदम बताया है. उनका कहना था कि जब किसी को बुलाया जाता है तो उम्मीद भी होती है कि वह समारोह में शामिल हो.

क्षेत्रीय सहयोग पर जोर
हुमायूं कबीर ने कहा कि तारिक रहमान की अगुवाई में नई सरकार संतुलित और सहयोग वाली नीति अपनाने वाली है. उन्होंने कहा कि दक्षिण एशिया के लिए एक नई राजनीतिक सोच तैयार की जा सकती है. उन्होंने सार्क और बिम्सटेक जैसे मंचों का जिक्र करते हुए कहा कि इनका बेहतर इस्तेमाल किया जा सकता है. उनका मानना है कि इन मंचों के जरिए क्षेत्रीय सहयोग को आगे बढ़ाया जा सकता है.

Add Zee News as a Preferred Source

fallback

चुनाव में बड़ी जीत
हाल हीी में हुए संसदीय चुनाव में बीएनपी को भारी जीत मिली है. यह जीत बांग्लादेश की राजनीति में बड़ा बदलाव मानी जा रही है. 2024 में शेख हसीना की अवामी लीग सरकार हटने के बाद यह पहला बड़ा चुनाव था. बता दें, इस जीत के बाद कई देशों से बीएनपी को बधाइयां मिली हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी तारिक रहमान से फोन पर बात कर उन्हें जीत की शुभकामनाएं दीं हैं. उन्होंने बांग्लादेश के लोकतांत्रिक और प्रगतिशील भविष्य के लिए भारत का समर्थन जताया है.

रिश्तों में नई शुरुआत की उम्मीद
हुमायूं कबीर ने संकेत दिया कि भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में नई शुरुआत हो सकती है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि शेख हसीना की भारत में मौजूदगी को लेकर कुछ चिंताएं हैं. तारिक रहमान, जो पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे हैं वो लगभग दो दशक बाद निर्वासन से लौटकर अब प्रधानमंत्री पद संभालने जा रहे हैं. उनका शपथ ग्रहण समारोह आने वाले दिनों में होने की उम्मीद है और इसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं.

यह भी पढ़ें: सब ठीक है या अभी बाकी है तल्खी; पीएम मोदी की बधाई पर क्या बोली तारिक रहमान की BNP?

Read Full Article at Source