देश का सबसे बड़ा जिला कौन सा, जिससे छोटे कई राज्य, दिल्ली का 31 गुना

5 hours ago

Last Updated:October 28, 2025, 15:32 IST

क्या आपको मालूम है कि देश में एक ऐसा जिला भी है, जो क्षेत्रफल के लिहाज से इतना बड़ा है, कई राज्य भी उसके सामने छोटे पड़ जाते हैं. इस जिले को कई बार तोड़ने पर भी विचार हो चुका है.

देश का सबसे बड़ा जिला कौन सा, जिससे छोटे कई राज्य, दिल्ली का 31 गुना(WIKI COMMONS)

भारत में एक जिला ऐसा है, जो क्षेत्रफल के लिहाज से बहुत बड़ा है. इतना बड़ा कि उसके आगे कई राज्य भी पानी भरते हैं यानि वो देश के ही कई राज्यों से एरिया के हिसाब से बड़ा है. उसका प्रशासन एक कलेक्टर देखता है जबकि इससे छोटे राज्यों को मुख्यमंत्री और कई कलेक्टर मिलकर चलाते हैं. समुद्र से छूता हुआ ये जिला सामरिक तौर पर भी खासा अहम है.

अब हम आपको ये बता देते हैं कि ये जिला ना तो उत्तर प्रदेश में है और ना ही मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसे बड़े राज्यों में. ये गुजरात राज्य का एक जिला है. क्या अब आप अंदाज लगा सकते हैं. इसका जवाब तो हम आगे बताएंगे ही और इस जिले की खासियतों के बारे मे भी बताएंगे. लेकिन ये बता देते हैं कि यहां खूब नमक बनाया जाता है. औद्योगिक तौर पर ये काफी समृद्ध जिला है.

इस जिले का नाम कच्छ है. जी हां, कच्छ जिला क्षेत्रफल में वास्तव में भारत के कई राज्यों से बड़ा है. इसका क्षेत्रफल 45,674 वर्ग किमी है. यानि हरियाणा, केरल, गोवा जैसे राज्य इससे छोटे हैं तो केंद्र शासित राज्यों में दिल्ली, पुडुचेरी,चंडीगढ़, लक्षदीव और अंडमान-निकोबार से भी ये बड़ा है.

ये जिला किन राज्यों से बड़ा

कच्छ जिला                         – 45,674 वर्ग किलोमीटर
हरियाणा                             – 44,212 वर्ग किलोमीटर
केरल                                 – 38,863 वर्ग किलोमीटर
दिल्ली                                – 1,484 वर्ग किमी
गोवा                                  – 3,702 वर्ग किमी
पुदुचेरी                               – 479 वर्ग किमी
चंडीगढ़                              – 114 वर्ग किमी

दिल्ली से 31 गुना और गोवा से 12 गुना

कच्छ का क्षेत्रफल भारत के लगभग सभी केंद्र शासित प्रदेशों के कुल क्षेत्रफल से कहीं अधिक है. ये दिल्ली से लगभग 31 गुना है तो गोवा से 12 गुना से भी अधिक बड़ा. ये गुजरात राज्य का करीब 23.27% हिस्सा कवर करता है.

2011 की जनगणना के अनुसार कच्छ जिले की कुल जनसंख्या 20,92,371 थी. इसका जनसंख्या घनत्व (प्रति वर्ग किलोमीटर) काफी कम है क्योंकि इसका अधिकांश भाग कच्छ के रण के रूप में दलदली या रेगिस्तानी है.

कई बार इसे तोड़कर नए जिले बनाने पर भी विचार

कई बार कच्छ के इतने बड़े आकार और प्रशासनिक प्रबंधन की चुनौतियों को देखते हुए इसको तोड़कर नए जिले बनाने पर कई बार विचार और मांग उठती रही है. कच्छ का बड़ा हिस्सा दुर्गम रेगिस्तानी और नमक के मैदान (रन) से घिरा है, जिससे यातायात और संचार में दिक्कतें आती हैं. कच्छ को विभाजित करके इससे दो जिले बनाने की बात होती रही है.

इस मुद्दे पर स्थानीय नेताओं, समुदायों और राजनीतिक दलों के बीच एकराय नहीं है. कुछ लोग विभाजन के पक्ष में हैं, तो कुछ का मानना है कि कच्छ की पहचान और सांस्कृतिक एकता बनी रहनी चाहिए.

यहां सबसे ज्यादा नमक बनता है

विशाल नमक का रेगिस्तान कच्छ की सबसे बड़ी पहचान है. मानसून के दौरान ये जलमग्न रहता है.सर्दियों में ये सफेद नमक का एक विशाल, खूबसूरत मैदान में बदल जाता है. कच्छ अपने शिल्प के लिए दुनियाभर में मशहूर है. यहां की कढ़ाई, आभूषण, लकड़ी का काम, और हस्तनिर्मित टेक्सटाइल बेहद लोकप्रिय हैं. देश का अकेला जंगली गधा अभयारण्य यहीं पर है.

यहां पवनचक्कियां और सोलर पार्क

यहां सिंधु घाटी सभ्यता का एक महत्वपूर्ण पुरातात्विक स्थल धोलावीरा भी है, जो यूनेस्को का विश्व धरोहर स्थल है. कच्छ की अर्थव्यवस्था बहुआयामी और तेजी से विकसित हो रही है. ये भारत के नवीकरणीय ऊर्जा का एक प्रमुख केंद्र बन गया है. यहां विशाल विंड एनर्जी फार्म और सोलर पार्क हैं. कच्छ से लगा मुंद्रा बंदरगाह भारत के सबसे बड़े निजी बंदरगाहों में से एक है, जो व्यापार और लॉजिस्टिक्स का एक बड़ा केंद्र है. यहां बड़े पैमाने पर उद्योग धंधे हैं.

सबसे छोटा जिला कौन सा

क्षेत्रफल के लिहाज से भारत का सबसे छोटा जिला माहे है, जो पुदुचेरी केंद्रशासित प्रदेश का एक हिस्सा है. इसका क्षेत्रफल केवल 9 वर्ग किलोमीटर है. ये पूरी तरह से केरल राज्य से घिरा हुआ है. यहां की जनसंख्या करीब 40,000 है.

वैसे आपको बता दें कि पुदुचेरी का ही यानम जिला देश का दूसरा सबसे छोटा जिला है, जिसका क्षेत्रफल करीब 30 वर्ग किमी है. लक्षद्वीप का कावरत्ती जिला देश के सबसे छोटे जिलों में गिना जाता है. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के सभी जिले क्षेत्रफल में बहुत छोटे हैं.

आबादी के हिसाब से देश का सबसे बड़ा शहर

मुंबई की अनुमानित जनसंख्या लगभग 2 करोड़ (20 मिलियन) से भी अधिक है. यह जनसंख्या भारत के कई राज्यों की जनसंख्या से अधिक है. 2011 की जनगणना के आधार पर, मुंबई की जनसंख्या गोवा, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय से कम है

Sanjay Srivastavaडिप्टी एडीटर

लेखक न्यूज18 में डिप्टी एडीटर हैं. प्रिंट, टीवी और डिजिटल मीडिया में काम करने का 30 सालों से ज्यादा का अनुभव. लंबे पत्रकारिता जीवन में लोकल रिपोर्टिंग से लेकर खेल पत्रकारिता का अनुभव. रिसर्च जैसे विषयों में खास...और पढ़ें

लेखक न्यूज18 में डिप्टी एडीटर हैं. प्रिंट, टीवी और डिजिटल मीडिया में काम करने का 30 सालों से ज्यादा का अनुभव. लंबे पत्रकारिता जीवन में लोकल रिपोर्टिंग से लेकर खेल पत्रकारिता का अनुभव. रिसर्च जैसे विषयों में खास...

और पढ़ें

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

Location :

Noida,Gautam Buddha Nagar,Uttar Pradesh

First Published :

October 28, 2025, 15:32 IST

homeknowledge

देश का सबसे बड़ा जिला कौन सा, जिससे छोटे कई राज्य, दिल्ली का 31 गुना

Read Full Article at Source