Last Updated:March 05, 2026, 08:59 IST
Rajgarh News: होली वाले दिन जब वह चाय बनाने के लिए उठा, तो मां झोपड़ी में नहीं थीं. उसने सोचा कि वह गांव में किसी काम से गई होंगी. काफी देर बाद भी वह नहीं लौटीं. गांव में तलाश करने पर भी कुछ पता नहीं चला. आसपास के खेतों में खोजबीन की गई.

राजगढ़. मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक बुजुर्ग महिला के साथ बेरहमी का मामला सामने आया है. 70 वर्षीय महिला की जीभ और नाक धारदार हथियार से काट दी गई. महिला के साथ रेप की आशंका जाहिर की जा रही है. वह दर्द से कराहती मिली. परिजन फौरन पुलिस की मदद से पीड़िता को अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. शव का पोस्टमार्टम किया गया. पुलिस पीएम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है. वहीं पूछताछ के आधार पर मृतका के पोते को हिरासत में लिया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
मिली जानकारी के अनुसार, घटना भोजपुर थाना क्षेत्र की है. मृतका के परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं. एक बेटे ने पुलिस को बताया कि लगभग 30 साल से उसकी मां, पिता और एक भाई गांव से करीब एक किमी दूर खेत में बनी झोपड़ी में रह रहे थे. दो साल पहले उनके पिता का स्वर्गवास हो गया. वर्तमान में मां, भाई और भाभी वहीं रह रहे थे. भाभी करीब 10 दिन पहले अपने मायके पक्ष के साथ मजदूरी करने के लिए राजस्थान गई हुई थीं. मंगलवार की रात भाई पास के खेत में सिंचाई करने गया था. झोपड़ी में मां अकेली रह गई थीं. वह देर रात लौटकर झोपड़ी में सो गया.
गेहूं के खेत में मिली बुजुर्ग महिला
होली वाले दिन यानी बुधवार सुबह जब वह चाय बनाने के लिए उठा, तो मां झोपड़ी में नहीं थीं. उसने सोचा कि वह गांव में किसी काम से गई होंगी लेकिन गांव में तलाश करने पर भी कुछ पता नहीं चला. इसके बाद आसपास के खेतों में तलाश किया गया. झोपड़ी से कुछ ही दूरी पर गेहूं के खेत में मां गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी मिलीं. उनकी नाक और जीभ काटी गई थी. काफी खून बह गया था. पास ही में एक खटिया पड़ी थी. उसने फौरन पुलिस को सूचना दी और पुलिस की मदद से मां को खिलचीपुर अस्पताल लेकर पहुंचा. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया. मौके पर एक खटिया पड़ी थी. पास में काफी खून पड़ा था. पुलिस ने इस बारे में कहा कि महिला के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चलेगा. मृतका के पोते को हिरासत में लिया गया है. उससे पूछताछ की जा रही है. मृतका के बेटे ने मां के साथ रेप और हत्या का शक जताया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
Location :
Rajgarh,Madhya Pradesh
First Published :
March 05, 2026, 08:59 IST

2 hours ago
