Last Updated:February 08, 2026, 14:39 IST
Jammu Kashmir News: मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को विधासभा में 1.13 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया था. इसके अगले दिन सदन में देवयानी राणा का 12 मिनट का भाषण हुआ. देवयानी ने आंकड़ों के साथ बजट में किए गए कटौती पर सवाल उठाए और शिक्षा, आपदा प्रबंधन और अन्य अहम क्षेत्रों में आवंटन घटाने को लेकर सरकार को घेरा. इस दौरान सारे विधायकों ने मेज़ थपथपाकर उनका स्वागत किया.

जम्मू-कश्मीर विधानसभा में शनिवार को एक अलग ही नज़ारा देखने को मिला. बीजेपी की विधायक देवयानी राणा ने सदन में अपना पहला भाषण दिया. जैसे ही वह बजट पर बोलने के लिए खड़ी हुईं, सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के विधायकों ने मेज़ थपथपाकर उनका स्वागत किया. यही नहीं, भाषण खत्म होने पर भी विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों ओर से तालियां और मेज़ थपथपाने की आवाज़ गूंजती रही.
देवयानी के भाषण से पहले विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर ने सदस्यों से अपील की कि पहली बार विधानसभा पहुंचीं विधायक को प्रोत्साहित किया जाए. देवयानी राणा ने हाल ही में नगरोटा विधानसभा सीट से उपचुनाव जीता है. यह सीट उनके पिता और वरिष्ठ नेता दविंदर सिंह राणा के निधन के बाद खाली हुई थी.
उमर अब्दुल्ला के करीबी थे दविंदर सिंह
दविंदर सिंह राणा लंबे समय तक नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता रहे और उमर अब्दुल्ला के करीबी सहयोगी माने जाते थे. कुछ साल पहले उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया था. अक्टूबर 2024 में हुए विधानसभा चुनावों के कुछ समय बाद ही उनका निधन हो गया था. उस वक्त उमर अब्दुल्ला ने राणा के एनसी छोड़ने को अपने राजनीतिक जीवन का ‘सबसे बड़ा अफसोस’ बताया था. राणा के निधन के बाद मुख्यमंत्री ने विधानसभा में एक भावुक भाषण भी दिया था और उनके साथ अपनी पुरानी राजनीतिक और निजी मित्रता को याद किया था.
यही वजह रही कि नगरोटा उपचुनाव के दौरान नेशनल कॉन्फ्रेंस ने देवयानी राणा के खिलाफ सिर्फ औपचारिक मुकाबला किया. खुद उमर अब्दुल्ला ने भी अपने छोटे से चुनावी भाषण में बीजेपी उम्मीदवार देवयानी राणा के खिलाफ एक शब्द नहीं कहा था.
देवयानी ने बजट पर उमर अब्दुल्ला को खूब घेरा
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को 1.13 लाख करोड़ रुपये का बजट विधानसभा में पेश किया. इसके अगले दिन सदन में देवयानी राणा का 12 मिनट का भाषण हुआ. इस दौरान पूरा सदन शांत रहा और सभी ने गंभीरता से उनकी बातें सुनीं. देवयानी राणा ने आंकड़ों के साथ बजट में किए गए कटौती पर सवाल उठाए और शिक्षा, आपदा प्रबंधन और अन्य अहम क्षेत्रों में आवंटन घटाने को लेकर सरकार को घेरा.
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन और राहत के लिए बजट आवंटन को 719 करोड़ रुपये से घटाकर 350.76 करोड़ रुपये कर दिया गया है, जो लगभग आधा है. राणा ने कहा कि जम्मू क्षेत्र में फ्लैश फ्लड, भूस्खलन और बादल फटने जैसी घटनाओं से जान-माल का भारी नुकसान हुआ है, ऐसे में आपदा प्रबंधन सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए थी, लेकिन इसके उलट बजट में कटौती कर दी गई.
देवयानी राणा ने कहा, ‘यह कटौती ऐसे साल में की गई है जब लगातार और असामान्य बारिश ने ग्रामीण इलाकों को तबाह कर दिया, खासकर नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में.’
कश्मीर पर आपदाओं की बड़ी मार
गौरतलब है कि पिछले साल अगस्त और सितंबर में जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन और फ्लैश फ्लड से दर्जनों लोगों की जान गई थी और सैकड़ों परिवार बेघर हो गए थे. वैष्णो देवी यात्रा और किश्तवाड़ की मचैल यात्रा के दौरान हुए भूस्खलन में 100 से ज्यादा श्रद्धालकों की मौत हुई थी.
बीजेपी विधायक ने सरकार से आपदा प्रबंधन और राहत के लिए बजट बढ़ाने की मांग की. इसके साथ ही उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में कटौती पर भी सवाल खड़े किए. राणा ने कहा, ‘अगर शिक्षा के बजट में पिछले साल की तुलना में 193 करोड़ रुपये कम खर्च किए जाएंगे, तो स्कूल बंद होंगे या उन्हें मर्ज किया जाएगा. ऐसे में गरीब परिवार के बच्चों का भविष्य कैसे आगे बढ़ेगा?’
देवयानी राणा ने सरकार की कुछ कल्याणकारी योजनाओं की खामियों की ओर भी ध्यान दिलाया. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि दिव्यांगों के लिए मुफ्त बस सेवा की बात तो की जा रही है, लेकिन बसों में दिव्यांगों के अनुकूल सुविधाएं ही नहीं हैं.
हालांकि बजट पर तीखी आलोचना के बावजूद, देवयानी राणा ने अपना भाषण सौहार्दपूर्ण माहौल में समाप्त किया. उनके भाषण के अंत में एक बार फिर सदन में मेज़ थपथपाई गई और सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ओर से उनकी सराहना की गई. जम्मू-कश्मीर विधानसभा में यह दृश्य राजनीति से ऊपर उठकर सम्मान और लोकतांत्रिक परंपराओं की मिसाल बन गया.
About the Author
An accomplished digital Journalist with more than 13 years of experience in Journalism. Done Post Graduate in Journalism from Indian Institute of Mass Comunication, Delhi. After Working with PTI, NDTV and Aaj T...और पढ़ें
Location :
Srinagar,Jammu and Kashmir
First Published :
February 08, 2026, 14:39 IST

2 hours ago
