Job Hunting after 50: इंटरव्यू में आधी उम्र का बॉस पूछेगा सवाल, तैयार नहीं रहे तो हाथ से निकल जाएगी नौकरी

1 hour ago

Last Updated:February 08, 2026, 12:45 IST

Job Hunting after 50: 50 की उम्र के बाद नौकरी तलाशना मुश्किल नहीं, बल्कि नई स्ट्रैटेजी की मांग है. इस उम्र में अपने दशकों के अनुभव को मॉडर्न स्किल्स के साथ जोड़ना जरूरी है. रिज्यूमे अपडेट करने से लेकर नेटवर्किंग तक, करियर की दूसरी पारी शुरू करने की पूरी गाइड यहां पढ़ें.

इंटरव्यू में आधी उम्र का बॉस पूछेगा सवाल, तैयार नहीं रहे तो नहीं मिलेगी नौकरीZoom

Job Hunting after 50: इस उम्र में करियर की नई पारी शुरू करना मुश्किल है, नामुमकिन नहीं

नई दिल्ली (Job Hunting after 50). 50 की उम्र पार करने के बाद नई नौकरी ढूंढना पहाड़ चढ़ने जैसा महसूस हो सकता है. अक्सर लोग सोचते हैं कि इस पड़ाव पर करियर का अंत हो गया है या कंपनियां केवल युवाओं को मौका देना चाहती हैं. लेकिन असलियत इसके बिल्कुल उलट है. कई कंपनियां जोश के साथ-साथ ‘अनुभव’ को भी उतनी ही अहमियत दे रही हैं. इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 50 के बाद जॉब हंटिंग केवल नई नौकरी तलाशना नहीं है, बल्कि खुद को फिर से ब्रांड करने का मौका है.

इन दिनों कंपनियां ऐसे अनुभवी लोगों के लिए तरस रही हैं, जो मुश्किल वक्त में कंपनी को संभाल सकें. दिक्कत आपकी उम्र में नहीं, बल्कि ‘पैकेजिंग’ में है. अगर आप खुद को अपडेट करने के बजाय पुराने रुतबे में ही जीते रहे तो रास्ता मुश्किल होगा. लेकिन अगर आपने खुद को ‘री-ब्रांड’ कर लिया तो यकीन मानिए, 50 की यह दूसरी पारी आपके करियर का सबसे बड़ा जैकपॉट साबित हो सकती है. जानिए 50 की उम्र में नई नौकरी कैसे ढूंढ सकते हैं.

50 के बाद करियर की नई पारी कैसे शुरू करें?

50 की उम्र पार करने के बाद जॉब मार्केट में उतरना आसान नहीं है. एक तरफ बरसों का तजुर्बा है और दूसरी तरफ डर कि कहीं सफेद बाल और उम्र का यह आंकड़ा आपकी काबिलियत पर भारी न पड़ जाए. सच यही है कि आज का जॉब मार्केट बेरहम है. यहां आपकी पुरानी उपलब्धियों के मेडल नहीं, बल्कि यह देखा जाता है कि आप आज के ‘एआई’ वाले दौर में कितने फिट हैं. अगर आप अभी भी वही पुराना 10 पन्नों का रिज्यूमे लेकर घूम रहे हैं तो यकीन मानिए, आपका ईमेल सीधे ‘ट्रैश’ में जा रहा है.

1- जरूरी है रिज्यूमे की सर्जरी

अपने रिज्यूमे को पुराने इतिहास की किताब न बनने दें. रिक्रूटर्स को आपकी 20 साल पुरानी उपलब्धियों से ज्यादा इस बात में दिलचस्पी है कि आपने पिछले 5-10 सालों में क्या कमाल किया है. अपने रिज्यूमे को छोटा रखें और उसमें आधुनिक टूल्स (जैसे AI, क्लाउड) के साथ अपने काम को जोड़कर दिखाएं.

2. ‘एज बायस’ को दें मात

कई अनुभवी लोग नई उम्र के लोगों को अपने बॉस के तौर पर स्वीकार नहीं कर पाते हैं. इसलिए इंटरव्यू में स्पष्ट करें कि आप अपने से आधी उम्र के मैनेजर के साथ काम करने में सहज हैं. अपनी ‘सीखने की इच्छा’ पर जोर दें. दिखाएं कि आपका दिमाग 25 साल के युवा जैसा तेज है और अनुभव 50 साल जैसा गहरा.

3. नेटवर्किंग: पुराने रिश्ते, नई मंजिल

इस उम्र में जॉब पोर्टल से ज्यादा आपका बरसों का कमाया हुआ ‘नेटवर्क’ काम आता है. अपने पुराने सहकर्मियों, क्लाइंट्स और दोस्तों को बताएं कि आप नई चुनौतियों के लिए तैयार हैं. लिंक्डइन पर एक्टिव रहें और अपनी इंडस्ट्री के ट्रेंड्स पर अपनी राय साझा करें.

4. स्किल्स को करें ‘रीबूट’

जॉब इंटरव्यू में ऐसा कभी न कहें कि हमारे समय में यह नहीं होता था. इसके बजाय दिखाएं कि आपने हाल ही में कौन सी नई स्किल्स सीखी हैं. ऑनलाइन कोर्सेज और डिजिटल टूल्स की जानकारी आपको भीड़ से अलग खड़ा कर देगी.

5. काम आएगा फ्लेक्सिबल अप्रोच

हो सकता है कि नई शुरुआत में आपको पद या सैलरी से थोड़ा समझौता करना पड़े. इसे पीछे हटना नहीं, बल्कि नई शुरुआत की तरह देखें. एक बार जब आप अपनी काबिलियत साबित कर देंगे तो आपका पुराना रुतबा खुद-ब-खुद वापस आ जाएगा.

About the Author

Deepali Porwal

With more than 10 years of experience in journalism, I currently specialize in covering education and civil services. From interviewing IAS, IPS, IRS officers to exploring the evolving landscape of academic sys...और पढ़ें

First Published :

February 08, 2026, 12:45 IST

homecareer

इंटरव्यू में आधी उम्र का बॉस पूछेगा सवाल, तैयार नहीं रहे तो नहीं मिलेगी नौकरी

Read Full Article at Source