Last Updated:February 28, 2026, 17:17 IST
Mohan Yadav: मध्य प्रदेश में एचवीपी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया जा रहा है. इस ऐतिहासिक पहल को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बेटियों और महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए अहम बताया है. राज्य सरकार ने लगभग 8 लाख किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया है.

HPV Vaccination In Madhya Pradesh: मध्यप्रदेश में बेटियों और महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए राज्यव्यापी HVP टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया. इस अवसर पर वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत बेटियों को कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाने की दिशा में ठोस कदम उठा रहा है और यह अभियान उसी संकल्प का हिस्सा है. कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री स्वास्थ्य राजेंद्र शुक्ला, विधायक भगवान दास सबनानी महापौर सुश्री मालती राय और स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी मौजूद थे.
सीएम मोहन यादव ने कही ये बात
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार सदैव महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य, सम्मान और सुरक्षित भविष्य के प्रति प्रतिबद्ध रही है. सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है और इससे बचाव के लिए एचपीवी टीका अत्यंत प्रभावी उपाय है. इसी उद्देश्य से राज्य में व्यापक स्तर पर टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है.
8 लाख किशोरियों के टीकाकरण का रखा गया है लक्ष्य
सरकार ने लगभग 8 लाख किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसके लिए केंद्र से 7 लाख 58 हजार 500 से अधिक वैक्सीन डोज प्राप्त हो चुके हैं. यह टीका 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की पात्र बालिकाओं को लगाया जाएगा तथा उन्हें केवल एक डोज दी जाएगी. बाजार में लगभग 4000 रुपए कीमत वाला यह टीका चिन्हित शासकीय संस्थानों में निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा. अभियान अगले तीन माह तक चलेगा.
मिशन मधुहारी की भी हो रही शुरुआत
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के तहत ‘मिशन मधुहारी’ की शुरुआत की जा रही है, जिसके अंतर्गत टाइप-1 मधुमेह से पीड़ित बच्चों और युवाओं के लिए सभी जिला अस्पतालों में साप्ताहिक क्लिनिक संचालित होंगे, जहां इंसुलिन, जांच और विशेषज्ञ परामर्श एक ही स्थान पर मिलेगा. अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपनी बेटियों के उज्ज्वल और कैंसर-मुक्त भविष्य के लिए उनका टीकाकरण अवश्य कराएं और इस अभियान को सफल बनाएं.
टीकाकरण के लिए अभिभावक की सहमति जरूरी
टीकाकरण के राज्यस्तरीय अभियान का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री स्वास्थ्य राजेंद्र शुक्ला की अध्यक्षता में भोपाल के डॉ. कैलाशनाथ काटजू अस्पताल से किया गया. कार्यक्रम में बताया गया कि एचपीवी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाएं टीकाकरण के लिए पात्र होंगी. साथ ही अभियान शुरू होने के 90 दिनों के भीतर 15 वर्ष की होने वाली बालिकाएं भी पात्र मानी जाएंगी. यह टीकाकरण पूर्णतः स्वैच्छिक है तथा अभिभावक की सहमति अनिवार्य होगी. निर्धारित अनुसार 0.5 मि.ली. की एकल खुराक इंट्रामस्कुलर इंजेक्शन के माध्यम से दी जाएगी. टीकाकरण के पश्चात बालिका को 30 मिनट तक अवलोकन में रखा जाएगा.
Location :
Bhopal,Madhya Pradesh
First Published :
February 28, 2026, 17:17 IST

1 hour ago
