UP News Live: 'बेटियों के सपनों को पंख दे रही सरकार', महिला दिवस पर CM योगी की पाती, लखनऊ में 12 करोड़ की हेरोइन जब्त

2 hours ago

Last Updated:March 08, 2026, 07:29 IST

उत्तर प्रदेश की बड़ी खबरों में आज सीएम योगी आदित्यनाथ ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रदेश की बेटियों को सुरक्षा और स्वावलंबन का भरोसा दिया है. वहीं, लखनऊ में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर इमरान को गिरफ्तार किया. उधर, प्रयागराज में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के विरोधी आशुतोष ब्रह्मचारी पर ट्रेन में जानलेवा हमला हुआ है. यूपी बोर्ड की परीक्षाएं भी शांतिपूर्ण ढंग से जारी हैं.

 CM योगी की नारी शक्ति को पाती, 12 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर अरेस्टZoom

उत्तर प्रदेश में आज हलचल तेज है. एक तरफ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘नारी शक्ति’ के नाम भावुक और सशक्त पत्र (पाती) लिखकर आधी आबादी के प्रति सरकार के संकल्प को दोहराया है, वहीं दूसरी तरफ लखनऊ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने नशे के सौदागरों पर बड़ी स्ट्राइक की है. शिक्षा से लेकर अपराध और आस्था के गलियारों तक, जानिए उत्तर प्रदेश की आज की हर बड़ी हलचल.

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस: ‘नारी शक्ति’ को CM योगी की पाती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सशक्त समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका सर्वोपरि है. सीएम ने कहा कि 2017 से पहले जो अपराध आम बात थे, आज उन पर लगाम लगी है. ‘एंटी रोमियो’ और ‘मिशन शक्ति’ ने अपराधियों में खौफ भरा है. प्रदेश में मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में भारी गिरावट आई है. बीसी सखी, ड्रोन दीदी और लखपति दीदी जैसी योजनाओं से महिलाएं आज स्वावलंबन का नया अध्याय लिख रही हैं. उन्होंने कहा, ‘बेटियों को डरने की जरूरत नहीं है, सरकार उनके सपनों को पंख दे रही है. मां और मातृभूमि स्वर्ग से भी बढ़कर हैं.’

लखनऊ: 12 करोड़ की हेरोइन के साथ इंटरस्टेट तस्कर गिरफ्तार
राजधानी लखनऊ में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को बड़ी कामयाबी मिली है. एएनटीएफ ने इमामबाड़े के पास से बाराबंकी निवासी इमरान को उसकी क्रेटा कार के साथ गिरफ्तार किया गया. तलाशी के दौरान कार से 12 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन बरामद हुई है. आरोपी दूसरे राज्यों में नशे की सप्लाई की फिराक में था. आरोपी के पास से मोबाइल, आधार कार्ड और नकदी भी मिली है. गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है.

प्रयागराज: आशुतोष ब्रह्मचारी पर ट्रेन में जानलेवा हमला
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ कोर्ट में केस करने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर रीवा एक्सप्रेस में जानलेवा हमला हुआ है. हमलावरों ने फतेहपुर और सिराथू के बीच धारदार हथियार से हमला किया. आशुतोष ने टॉयलेट में बंद होकर अपनी जान बचाई. आशुतोष महाराज लहूलुहान हालत में प्रयागराज पहुंचे. उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर उनकी नाक काटना चाहते थे और इस हमले के पीछे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की साजिश हो सकती है.

यूपी बोर्ड: 11वें दिन की परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न
प्रयागराज से यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने जानकारी दी कि शनिवार को 11वें दिन की परीक्षाएं सकुशल संपन्न हुईं. दोनों पालियों में कुल 62,397 परीक्षार्थी शामिल हुए. 18 फरवरी से शुरू हुई यह परीक्षा 12 मार्च तक चलेगी. कुल 15 कार्य दिवसों में परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है.

आगरा: पुलिस का मानवीय चेहरा, खुद खोदा गोवंश का गड्ढा
ताजनगरी आगरा से पुलिस की संवेदनशीलता की तस्वीर वायरल हो रही है. होली के दिन एक गोवंश की मृत्यु के बाद जब जेसीबी नहीं मिली, तो एसओ (SO) ने खुद फावड़ा उठाकर गड्ढा खोदा और अंतिम संस्कार कराया. सोशल मीडिया पर आगरा पुलिस की जमकर सराहना हो रही है.

About the Author

Rahul Goel

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त...और पढ़ें

Location :

Lucknow,Uttar Pradesh

First Published :

March 08, 2026, 07:29 IST

Read Full Article at Source