PM नरेंद्र मोदी अजमेर दौरा: मिलेंगे ये 10 बड़े तोहफे, 21 हजार युवाओं को ज्वाइनिंग लेटर, बंद किए गए 6KM रास्ते

2 hours ago

Last Updated:February 27, 2026, 15:29 IST

PM Modi Rajasthan tour: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अजेमर आ रहे हैं. 2026 में पीएम मोदी पहली बार राजस्थान के दौरे पर आ रहे हैं. इसी वजह से सीएम भजनलाल ने भारी इंतजाम किए हैं. इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी एक तरफ जहां 23 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे तो दूसरी तरफ मंच से नर्स से लेकर पटवारी तक 21 हजार 863 युवाओं को नौकरी की ज्वाइनिंग लेटर देंगे.

 राजस्थान को मिलेंगे ये 10 बड़े तोहफेZoom

अजमेर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी यानी शनिवार को राजस्थान के अजमेर आ रहे हैं. इस दौरान पीएम मोदी राजस्थान को 23 हजार करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देंगे. इसके अंतर्गत केंद्र और राजस्थान सरकार के साझा प्रयास से चल रही 43 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 2026 में पहला राजस्थान दौरा है. इस वजह से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इसके लिए विशेष तैयारियां की है. आइए एक नजर में जानते हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान को क्या-क्या सौगातें देंगे-:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश को विकास की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं. केंद्र और राजस्थान सरकार की ओर से करीब 16,686 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा. इस कार्यक्रम के दौरान शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़क और रेलवे नेटवर्क, सिंचाई व्यवस्था, ऊर्जा क्षेत्र और औद्योगिक आधारभूत ढांचे से जुड़ी कुल 43 अहम परियोजनाओं की शुरुआत की जाएगी. इन योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूती देने और विकास को गति देने का लक्ष्य रखा गया है. पीएम मोदी 4,516 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की शुरुआत और लोकार्पण करेंगे. इनमें करीब 1,207 करोड़ रुपये की लागत से बांदीकुई से जयपुर के बीच 4 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण शामिल है. इसके साथ ही दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज-14 के तहत एनएच-76 जंक्शन से एनएच-12 पर उम्मेदपुरा गांव तक 8 लेन कैरिजवे का कार्य भी किया जाएगा. प्रदेशभर में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, मजबूती और चौड़ीकरण से जुड़े कई अन्य विकास कार्य भी इन परियोजनाओं का हिस्सा हैं. स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के अपने संकल्प को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नोनेरा वृहद् पेयजल परियोजना के तहत 1,021 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले 4 पैकेजों की आधारशिला रखेंगे. इसके साथ ही परवन अकावद वृहद् पेयजल परियोजना के 2,247 करोड़ रुपये की लागत वाले 5 पैकेजों का भी शिलान्यास किया जाएगा, जिससे प्रदेश में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके. प्रधानमंत्री राजस्थान के प्रमुख नवीकरणीय ऊर्जा केंद्रों से बिजली के प्रभावी और सुगम पारेषण के लिए 3,616 करोड़ रुपये की ट्रांसमिशन प्रणाली का लोकार्पण करेंगे. इसके साथ ही विद्युत ढांचे को और मजबूत करने के उद्देश्य से 220 केवी क्षमता के पांच तथा 400 केवी क्षमता के दो नए ग्रिड सब-स्टेशनों (जीएसएस) की आधारशिला भी रखेंगे. प्रधानमंत्री जयपुर में 286 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाली सांगानेर फ्लाईओवर से चौरड़िया पेट्रोल पंप होते हुए मालपुरा गेट तक एलीवेटेड रोड परियोजना का शिलान्यास करेंगे. इसके साथ ही जोधपुर शहर में महामंदिर से अखलिया चौराहे तक करीब 1,243 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 4 लेन एलीवेटेड रोड की आधारशिला भी रखी जाएगी. वहीं बारां जिले में लगभग 322 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से मालबमोरी–मांगरोल–बारां राज्य राजमार्ग परियोजना का शिलान्यास भी कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा. करीब 8,554 करोड़ रुपये की लागत वाली 34 परियोजनाएं राज्य सरकार के अलग-अलग विभागों से जुड़ी हुई हैं. इनमें शहरी विकास, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, ऊर्जा, जल संसाधन और उद्योग विभाग समेत कई प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं. इन परियोजनाओं के जरिए राज्य में बुनियादी सुविधाओं और औद्योगिक विकास को नई गति देने का लक्ष्य है. राष्ट्रीय राजमार्ग और ऊर्जा क्षेत्र से संबंधित करीब 8,132 करोड़ रुपये की 9 अहम परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा. इनमें से 2 परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी, जबकि 7 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा. प्रधानमंत्री 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन की खुराक देकर राज्य में एचपीवी टीकाकरण अभियान की औपचारिक शुरुआत करेंगे. यह पहल सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है. अभियान का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को कम उम्र में ही टीका लगाकर भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे से सुरक्षित करना है. इसके जरिए बीमारी होने से पहले ही बचाव पर जोर दिया जाएगा, साथ ही महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वास्थ्य सेवाओं तक व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. प्रधानमंत्री राजस्थान के पश्चिमी क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति देने, निवेश आकर्षित करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से जोधपुर–पाली मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र (जेपीएमआईए) में बुनियादी ढांचे के विकास तथा पेयजल आपूर्ति से जुड़े विभिन्न कार्यों की आधारशिला रखेंगे. प्रधानमंत्री राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों और संगठनों में चयनित कुल 21,863 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. इनमें 3,320 से अधिक पटवारी (राजस्व विभाग), 2,291 संविदा कनिष्ठ तकनीकी सहायक और संविदा लेखा सहायक (ग्रामीण विकास), 2,590 पशुधन सहायक शामिल हैं. इसके अलावा स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में नियुक्तियां की जाएंगी, जिनमें 3,822 कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) और 7,357 पब्लिक हेल्थ केयर नर्स, मेडिकल लैब टेक्नीशियन, लैब टेक्नीशियन, नर्सिंग प्रभारी, नर्सिंग ट्रेनर, नर्स और नर्स ग्रेड-द्वितीय समेत अन्य पद शामिल हैं.

पीएम मोदी नर्स से लेकर पटवारी तक 21 हजार 863 युवाओं को देंगे नौकरी की ज्वाइनिंग लेटर

3 हजार 320 से अधिक पटवारी (राजस्व) 2 हजार 291 संविदा कनिष्ठ तकनीकी सहायक और संविदा लेखा सहायक (ग्रामीण विकास) 2 हजार 590 पशुधन सहायक 3 हजार 822 सीएचओ

7 हजार 357 पब्लिक हेल्थ केयर नर्स, मेडिकल लैब तकनीशियन, लैब तकनीशियन, नर्सिंग प्रभारी, नर्सिंग ट्रेनर, नर्स, नर्स ग्रेड-द्वितीय सहित अन्य नियुक्तियां शामिल

पीएम मोदी की अजमेर यात्रा को लेकर ट्रैफिक रूल्स में बदलाव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा को लेकर अजमेर में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है. शहर की 6 किलोमीटर रास्ते को किया सीज किया गया है. ब्यावर रोड से जयपुर वाले रास्ते पर भारी वाहनों की आवाजाही बैन होगी. गाड़ियों को मांगलियावास तिराहे से नसीराबाद रोड से गुजारा जाएगा. मकराना, रूपनगढ़ और थांवला तिराहे से जयपुर की ओर जाने वाले ट्रकों और ट्रेलरों के लिए भी अलग रास्ता तय किया गया है. गाड़ी चालकों से कहा गया है कि वे सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कायड़ और गेगल टोल प्लाजा वाले रूट पर जाने से बचें. पीएम की रैली में आने वाली गाड़ियों को ध्यान में रखकर 8000 से अधिक वाहनो की पार्किंग बनाई गई है.

सुरक्षा में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात

रैली की सुरक्षा और अन्य इंतजाम को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 10 आईपीएस, 15 आईएएस सहित सहित 70 अफसरों की तैनाती की गई है. इसके आलवा 5000 से अधिक पुलिस जवान जगह-जगह निगरानी में तैनात होंगे.

About the Author

Abhishek Kumar

अभिषेक कुमार News18 की डिजिटल टीम में बतौर एसोसिएट एड‍िटर काम कर रहे हैं. वे यहां बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तसीगढ़, उत्तराखंड की राजनीति, क्राइम समेत तमाम समसामयिक मुद्दों पर लिखते ...और पढ़ें

Location :

Ajmer,Ajmer,Rajasthan

First Published :

February 27, 2026, 15:29 IST

Read Full Article at Source