Perfume Day Special : एक शीशी परफ्यूम खरीदने के लिए बेचना पड़ेगा घर, हजारों रुपये की पड़ती है एक बूंद

1 hour ago

Last Updated:February 17, 2026, 12:51 IST

Perfume Day 2026 : हर साल 17 फरवरी का दिन परफ्यूम डे के रूप में मनाया जाता है. आज के दिन लोग रिश्‍तों की खुशबू महकाने के लिए एक-दूसरे को परफ्यूम गिफ्ट करते हैं. आपने भी परफ्यूम जरूर खरीदे होंगे, लेकिन क्‍या आपको पता है कि दुनिया का सबसे महंगा परफ्यूम कौन सा है और इसकी कीमत कितनी है. कुछ परफ्यूम की कीमत इतनी होती है कि उसे खरीदने के लिए आपको घर तक बेचना पड़ सकता है.

यह तो आपको भी पता होगा कि ज्‍यादातर परफ्यूम की कीमत 5 हजार से लेकर 25 हजार तक होती है. कुछ अल्‍टा लग्‍जरी परफ्यूम भी हैं, जिसकी कीमत लाख रुपये तक जा सकती है. लेकिन, अगर आपसे कहा जाए कि दुनिया में कुछ परफ्यूम की छोटी सी शीशी खरीदने के लिए आपको 1 करोड़ रुपये से भी ज्‍यादा खर्च करने पड़ सकते हैं तो हैरान होना लाजिमी है.

अगर दुनिया के सबसे महंगे परफ्यूम की बात करें तो इसमें पहले नंबर पर आता है शुमुख. नबील परफ्यूम्स द्वारा दुबई में लॉन्च किया गया शुमुख दुनिया के सबसे महंगे परफ्यूम्स में से एक माना जाता है. इसकी कीमत लगभग 12.9 लाख डॉलर यानी करीब 11.7 करोड़ रुपये बताई जाती है. 3 लीटर की इस बोतल को 3,500 से ज्यादा हीरे, मोती, सोना और चांदी से सजाया गया है. इसकी खुशबू में अगरवुड (ऊद), चंदन, कस्तूरी, तुर्की गुलाब और एम्बर शामिल हैं. हालांकि, इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का कहना है कि इसकी कीमत का बड़ा हिस्सा हाथ से बनी ज्वेलरी से सजी बोतल की वजह से है.

सबसे महंगे परफ्यूम की लिस्‍ट में दूसरे पायदान पर है DKNY गोल्डन डिलिशियस मिलियन डॉलर फ्रेगरेंस बॉटल. इसे साल 2011 में लॉन्च किया गया, जो लिमिटेड एडिशन DKNY के गोल्डन डिलिशियस परफ्यूम का खास वर्जन था. इसकी कीमत 10 लाख डॉलर (करीब 9 करोड़ रुपये) बताई जाती थी. सेब के आकार की इस बोतल को दुनिया भर से लाए गए करीब 3,000 कीमती पत्थरों से सजाया गया था. अंदर की खुशबू ब्रांड के रेगुलर फॉर्मूले जैसी ही थी, लेकिन जेमस्टोन कारीगरी ने इसकी कीमत बढ़ा दी.

Add News18 as
Preferred Source on Google

लिस्‍ट में तीसरा नाम आता है क्लाइव क्रिश्चियन नंबर 1 इम्पीरियल मैजेस्टी का. इस एडिशन की सिर्फ 10 बोतलें बनाई गई थीं. हर बोतल बकारा क्रिस्टल की थी, जिसमें पांच कैरेट का हीरा और 18 कैरेट सोने का कॉलर लगा था. शुरुआत में इसकी कीमत 2.15 लाख डॉलर प्रति बोतल बताई गई थी, जो मौजूदा एक्सचेंज रेट के हिसाब से करीब 1.9 करोड़ रुपये होती है. इसकी कीमत भी महंगे हीरों और सोने के जड़ाऊ की वजह से बढ़ जाती है.

महंगे परफ्यूम की इस लिस्‍ट में अगला नाम आता है बकारा लेस लार्म्स सैक्रे डि थेब्स का. 1990 के दशक में बना यह लिमिटेड एडिशन परफ्यूम पिरामिड के आकार की क्रिस्टल बोतल में पेश किया गया था. इसमें लोबान और गंधरस की खुशबू थी, जो प्राचीन धार्मिक परंपराओं से प्रेरित थी. सीमित संख्या में उत्पादन और हाथ से बनी क्रिस्टल डिजाइन ने इसकी कीमत बढ़ा दी, जो करीब 56 लाख रुपये बताई जाती है.

अगर आप सोच रहे हैं कि इन परफ्यूम में ऐसा क्‍या है जो इनकी कीमत करोड़ों तक जाती है तो हीरे, सोना, प्लेटिनम और खास क्रिस्टल वर्क अक्सर परफ्यूम से ज्यादा बोतल को कीमती बना देते हैं. इसके अलावा ऊद, नेचुरल एम्बरग्रीस और हाई-ग्रेड गुलाब का तेल परफ्यूम इंडस्ट्री की सबसे महंगी कच्ची सामग्री में शामिल हैं, जो इसमें इस्‍तेमाल होते हैं. कुछ एडिशन बहुत कम संख्या में बनाए जाते हैं, जिससे उनकी एक्सक्लूसिविटी और रीसेल वैल्यू बढ़ जाती है.

भारत में परफ्यूम के बाजार की बात करें तो अब तक करीब 12 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. खास बात यह है कि परफ्यूम उद्योग 15 फीसदी से भी ज्‍यादा तेजी से ग्रोथ कर रहा है. अनुमान है कि यह साल 2030 तक बढ़कर 4 अरब डॉलर यानी करीब 36 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा. दुनिया के सबसे प्रीमियम परफ्यूम ब्रांड में शामिल क्लाइव क्रिश्चियन नंबर 1 इंपीरियल मैजेस्टी परफ्यूम ने भी भारत में अपने कारोबार के विस्‍तार को लेकर रणनीति बनाई है.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

First Published :

February 17, 2026, 12:51 IST

Read Full Article at Source