Bihar Board Class 12th Answer Key: बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) ने इंटर वार्षिक (थ्योरी) परीक्षा 2026 के ऑब्जेक्टिव टाइप प्रश्नों की आंसर-की (Answer Key) जारी कर दी है. छात्र अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आंसर-की डाउनलोड कर सकते हैं और अगर किसी उत्तर पर आपत्ति हो तो तय समय सीमा के अंदर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं.
आंसर की जारी, 6 मार्च तक दर्ज करें आपत्ति
बिहार बोर्ड ने आर्ट्स, साइंस, कॉमर्स और वोकेशनल पाठ्यक्रम के सभी थ्योरी विषयों के ऑब्जेक्टिव प्रश्नों की आंसर-की वेबसाइट पर अपलोड कर दी है. यह आंसर-की सब्जेक्ट एक्सपर्ट की टीम द्वारा तैयार की गई है. अगर किसी छात्र या संबंधित व्यक्ति को किसी प्रश्न या उत्तर पर आपत्ति है, तो वह 6 मार्च शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कर सकता है. इसके लिए इन ऑफिशियल वेबसाइट – biharboardonline.com या objection.biharboardonline.com पर जाकर लॉगिन करना होगा. तय तारीख के बाद भेजी गई आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा.
बोर्ड ने साफ कहा है कि प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा सब्जेक्ट एक्सपर्ट करेंगे. जरूरत पड़ने पर संशोधित आंसर-की भी जारी की जाएगी.
परीक्षा में 50% थे ऑब्जेक्टिव प्रश्न
इंटर की आर्ट्स, साइंस, कॉमर्स और वोकेशनल स्ट्रीम की थ्योरी परीक्षाओं में कुल अंकों का 50 प्रतिशत हिस्सा ऑब्जेक्टिव प्रश्नों का था. इन प्रश्नों के उत्तर छात्रों ने OMR शीट पर दिए थे. आपत्ति दर्ज करने के लिए छात्रों को अपना रोल कोड और रोल नंबर दर्ज करना होगा. इसके बाद वे संबंधित विषय चुनकर आपत्ति दर्ज कर सकते हैं.
इंटर की कॉपियों का मूल्यांकन शुरू
राज्य के अलग-अलग जिलों में इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच शुरू हो गई है. मुजफ्फरपुर जिले में पांच मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं, जहां पहले दिन लगभग 6 प्रतिशत कॉपियां जांची गईं, लेकिन डाटा एंट्री केवल 1 प्रतिशत कॉपियों की ही हो सकी.
चैपमैन मूल्यांकन केंद्र पर सबसे ज्यादा कॉपियां जांची गईं. यहां अंग्रेजी, उर्दू और साइकोलॉजी की 58,850 कॉपियां भेजी गई थीं, जिनमें से 3,072 कॉपियां पहले दिन जांची गईं. हालांकि, डाटा एंट्री शुरू नहीं हो सकी. जिला स्कूल केंद्र पर हिंदी की 56,171 कॉपियां आईं, जिनमें से 3 प्रतिशत कॉपियां जांची गईं और लगभग सभी की डाटा एंट्री कर दी गई.
डीएन हाईस्कूल में बायोलॉजी, केमिस्ट्री, मैथ और कंप्यूटर साइंस की 55,130 कॉपियां भेजी गईं. यहां भी 3 प्रतिशत कॉपियां जांची गईं, लेकिन डाटा एंट्री शुरू नहीं हो सकी. वहीं, मारवाड़ी हाईस्कूल में अकाउंट, फिलॉसफी, हिस्ट्री और इकोनॉमिक्स की कॉपियां जांची जा रही हैं. यहां पहले दिन 512 कॉपियां जांची गईं और सभी की एंट्री कर दी गई. इसके अलावा, मुखर्जी सेमिनरी स्कूल में भूगोल और होम साइंस की कॉपियां जांची जा रही हैं, जहां लगभग 3 प्रतिशत कॉपियों की जांच पहले दिन हुई.
कब आएगा बिहार बोर्ड 10वीं और 12वीं का रिजल्ट?
बिहार बोर्ड हर साल की तरह इस बार भी सबसे पहले मैट्रिक और इंटर का रिजल्ट जारी करने की तैयारी में है. संभावना है कि मार्च के अंत तक 10वीं और 12वीं का परिणाम घोषित किया जा सकता है. छात्र अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट – biharboardonline.bihar.gov.in, biharboardonline.com और onlinebseb.in पर देख सकेंगे. इस साल इंटर परीक्षा के लिए 13,17,846 छात्र रजिस्टर्ड हैं, जबकि मैट्रिक परीक्षा में 15,12,963 छात्र शामिल हुए हैं. अब छात्रों को आंसर-की पर आपत्ति दर्ज करने और मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है. इसके बाद रिजल्ट जारी किया जाएगा.

1 hour ago
