SSC CHSL टीयर-1 परीक्षा 2025 का रिजल्ट जारी, 39000+ अभ्यर्थी टीयर-2 के लिए हुए क्वालीफाई, जानें किस कैटेगरी की कितनी Cut-Off

1 hour ago

SSC CHSL 2025 Tier 1 Result: देशभर के लाखों युवाओं का इंतजार अब खत्म हो गया है. कर्मचारी चयन आयोग ने SSC CHSL 2025 टीयर 1 परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है. इसके साथ ही उन उम्मीदवारों की लिस्ट भी सामने आ गई है, जिन्हें अब अगले चरण यानी टीयर 2 (Tier 2) परीक्षा में बैठने का मौका मिलेगा. टीयर 1 परीक्षा 12 नवंबर से 30 नवंबर 2025 के बीच कंप्यूटर आधारित मोड में अलग-अलग शिफ्ट में हुई थी, इसलिए रिजल्ट नॉर्मलाइजेशन की प्रक्रिया के बाद जारी किया गया है.

नॉर्मलाइजेशन क्या होता है और क्यों जरूरी है?

जब परीक्षा कई शिफ्ट में होती है, तो हर शिफ्ट का पेपर एक जैसा नहीं होता. कोई पेपर थोड़ा आसान हो सकता है तो कोई थोड़ा कठिन. इससे किसी छात्र को फायदा या नुकसान न हो, इसलिए आयोग एक खास फार्मूला अपनाता है. इस प्रक्रिया को नॉर्मलाइजेशन कहा जाता है. ध्यान रहे SSC ने पहले से तय नियमों के अनुसार सभी अभ्यर्थियों के नंबरों को बराबरी पर लाकर मेरिट लिस्ट तैयार की है.

मिनिमम पासिंग मार्क्स कितने थे?

टीयर 1 परीक्षा पास करने के लिए आयोग ने न्यूनतम अंक तय किए थे.

– सामान्य वर्ग के लिए 30 प्रतिशत अंक जरूरी थे.
– OBC और EWS वर्ग के लिए 25 प्रतिशत अंक अनिवार्य थे.
– SC, ST और अन्य वर्गों के लिए कम से कम 20 प्रतिशत अंक जरूरी थे.

ध्यान रहे कि ये सिर्फ पास होने की शर्त है. असली चयन कटऑफ के आधार पर हुआ है.

अलग-अलग पदों के लिए अलग कट-ऑफ

SSC CHSL के तहत कई तरह की नौकरियां भरी जाती हैं, जैसे – एलडीसी (LDC), जेएसए (JSA), क्लर्क कम टाइपिस्ट, डेटा एंट्री ऑपरेटर (DEO). हर पद की जिम्मेदारी अलग होती है, इसलिए आयोग ने अलग-अलग मेरिट लिस्ट जारी की है और हर पद के लिए अलग कट-ऑफ तय की है.

LDC और JSA पदों की कट-ऑफ

LDC, JSA और क्लर्क टाइपिस्ट पदों के लिए सबसे ज्यादा उम्मीदवार चुने गए हैं.

– सामान्य वर्ग की कट-ऑफ 144.25858 रही.
– OBC की 143.83055 रही.
– EWS की 141.42492 रही.
– SC की 125.40250 रही.
– ST की 115.25399 रही.

इस कैटेगरी में कुल 37,520 उम्मीदवारों को टीयर 2 के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है. यहां सबसे ज्यादा प्रतियोगिता देखने को मिली.

DEO साइंस स्ट्रीम के लिए ज्यादा हाई कट-ऑफ

DEO Grade A (साइंस से जुड़े विभागों) के लिए कट-ऑफ काफी ज्यादा रही.

– सामान्य वर्ग की कट-ऑफ 169.54438 रही.
– OBC की 169.49507 रही.
– SC की 157.72055 रही.
– ST की 152.78518 रही.

इस कैटेगरी में केवल 614 उम्मीदवारों का चयन हुआ है. इससे साफ है कि यहां मुकाबला काफी कड़ा रहा.

DEO अन्य पदों की कटऑफ

DEO के बाकी पदों के लिए अलग लिस्ट जारी की गई.

– सामान्य वर्ग की कट-ऑफ 165.26551 रही.
– OBC की कटऑफ भी लगभग इसी के आसपास रही.
– EWS के लिए 163.76792 अंक तय हुए.
– SC की 158.63390 और ST की 150.43132 रही.

इस लिस्ट में कुल 1,767 उम्मीदवारों को टीयर 2 के लिए योग्य घोषित किया गया है.

कुछ उम्मीदवारों का रिजल्ट रोका गया

आयोग ने बताया कि 2 उम्मीदवारों का रिजल्ट डिबारमेंट या उम्मीदवारता रद्द होने की वजह से जारी नहीं किया गया. वहीं, 10 उम्मीदवारों का परिणाम फिलहाल रोका गया है. इन मामलों में कुछ कानूनी या प्रशासनिक कारण लंबित हैं. हालांकि, उन्हें अस्थायी रूप से टीयर 2 में बैठने की अनुमति दी गई है.

आंसर-की में बदलाव के बाद तैयार हुआ रिजल्ट

टीयर-1 परीक्षा के बाद कई उम्मीदवारों ने Answer Key पर आपत्तियां दर्ज कराई थीं. आयोग ने इन आपत्तियों की जांच की और जहां जरूरत लगी वहां सुधार किया गया. फाइनल रिजल्ट संशोधित फाइनल आंसर-की के आधार पर तैयार किया गया है. जल्द ही आयोग सभी उम्मीदवारों के अंक और फाइनल आंसर की अपनी वेबसाइट पर अपलोड करेगा.

अब आगे क्या होगा?

अब जिन उम्मीदवारों का चयन हुआ है, उनकी नजर टीयर-2 परीक्षा पर है. आयोग जल्द ही टीयर-2 परीक्षा का शेड्यूल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी करेगा. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर वेबसाइट देखते रहें. टीयर-2 परीक्षा ही अंतिम चयन की दिशा तय करेगी, इसलिए अब प्रतियोगिता और भी ज्यादा कठिन होने वाली है.

Read Full Article at Source