Last Updated:February 14, 2026, 08:18 IST
Delhi Metro News: दिल्लीवालों के लिए बड़ी खबर है. दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर स्थित उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन का नाम अब बदलने वाला है. केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शुक्रवार को यह ऐलान किया. जानें क्या होगा नया नाम...

दिल्लीवालों के लिए बड़ी खबर है. यहां उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन को अब ‘सेवा तीर्थ भवन’ मेट्रो स्टेशन के नाम से जाना जाएगा. केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शुक्रवार को यह ऐलान किया. यह स्टेशन दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर स्थित है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ही सेवा तीर्थ कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया था, जिसके बाद मेट्रो स्टेशन का नाम बदलने का ऐलान किया है. इस नए परिसर में प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), कैबिनेट सचिवालय और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय को ट्रांसफर किया जाएगा.
अब सेवा तीर्थ कॉम्प्लेक्स से चलेगी सरकार
प्रधानमंत्री ने इसी अवसर पर कर्तव्य भवन-1 और कर्तव्य भवन-2 का भी उद्घाटन किया. इन भवनों में वित्त, रक्षा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, शिक्षा, कानून एवं न्याय, कृषि सहित कई अहम मंत्रालयों के कार्यालय काम करेंगे.
सेवा तीर्थ कॉम्प्लेक्स का नामकरण औपनिवेशिक दौर की प्रशासनिक व्यवस्था से आगे बढ़कर आधुनिक और एकीकृत शासन प्रणाली की ओर बदलाव का संकेत माना जा रहा है. उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री ने भवन पर लगे शिलापट्ट का अनावरण किया, जिस पर देवनागरी लिपि में ‘सेवा तीर्थ’ लिखा है और उसके नीचे आदर्श वाक्य ‘नागरिक देवो भव’ अंकित है.
बताया गया कि प्रधानमंत्री कार्यालय अब रायसीना हिल स्थित साउथ ब्लॉक से स्थानांतरित होकर सेवा तीर्थ में काम करेगा. इससे पीएमओ, कैबिनेट सचिवालय और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय एक ही परिसर में आ जाएंगे, जो पहले अलग-अलग स्थानों पर थे. इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, आवास और शहरी कार्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और पीएमओ के अधिकारी भी मौजूद रहे.
अधिकारियों के अनुसार, वर्ष 2014 के बाद से सरकार लगातार औपनिवेशिक प्रतीकों से दूरी बनाकर नए नाम और पहचान देने की दिशा में काम कर रही है. इसी क्रम में राजपथ का नाम कर्तव्य पथ किया गया, रेस कोर्स रोड को लोक कल्याण मार्ग नाम दिया गया और राज भवन व राज निवास जैसे नामों को बदलकर लोक भवन और लोक निवास किया गया.
हाल ही में बदले 3 मेट्रो स्टेशनों के नाम
पीएमओ की ओर से जारी बयान में कहा गया कि नया प्रशासनिक परिसर भारत की शासन व्यवस्था में एक बड़ा बदलाव है. इससे न सिर्फ सरकारी कामकाज ज्यादा सुगम और प्रभावी होगा, बल्कि नागरिकों को केंद्र में रखकर आधुनिक और सुविधाजनक प्रशासनिक ढांचा भी तैयार किया जा सकेगा.
इससे पहले हाल ही में दिल्ली के 3 मेट्रो स्टेशनों का नाम बदला गया था. इसमें पिंक लाइन पर स्थित मयूर विहार पॉकेट-1 मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर अब ‘श्री राम मंदिर मयूर विहार’ कर दिया गया है. वहीं पीतमपुरा स्टेशन का नाम बदलकर ‘मधुबन चौक’, जबकि निर्माणाधीन नॉर्थ पीतमपुरा स्टेशन को ‘प्रशांत विहार मेट्रो स्टेशन’ और प्रस्तावित पीतमपुरा नॉर्थ स्टेशन का नाम हैदरपुर गांव मेट्रो स्टेशन रखा गया है.
About the Author
An accomplished digital Journalist with more than 13 years of experience in Journalism. Done Post Graduate in Journalism from Indian Institute of Mass Comunication, Delhi. After Working with PTI, NDTV and Aaj T...और पढ़ें
Location :
New Delhi,Delhi
First Published :
February 14, 2026, 08:18 IST

1 hour ago
