आज से शुरू हुई बिहार में इंटर की परीक्षा, मिनट भर की देरी से कई छात्रों का छूटा पेपर

1 hour ago

Bihar board inter exam 2026: बिहार में आज 2 फरवरी को इंटरमीडिएट परीक्षा की शुरुआत हुई है. पहले ही दिन कई जिलों में अलग-अलग हालात देखने को मिले हैं. कुछ परीक्षा केंद्रों पर सख्ती के कारण छात्राओं को परेशानी हुई है. वहीं कुछ आदर्श परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों का स्वागत कर सकारात्मक माहौल बनाया गया है. बेगूसराय और सारण जिलों से सबसे ज्यादा घटनाएं सामने आई हैं. कई छात्र और छात्राएं समय से कुछ मिनट देरी से पहुंचे थे. जिसको लेकर उनको अंदर जानें नहीं दिया गया. इसी कारण कई परीक्षार्थी केंद्र के बाहर ही रुक गए थे और निराश हो गए हैं.

लेट से पहुंचने पर नहीं दी जा रही है एंट्री
बेगूसराय जिले के बखरी बालिका उच्च विद्यालय में तीन छात्राएं सुबह 9.20 बजे पहुंचीं. वे उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चकहमीद की छात्राएं थीं. छात्राओं ने बताया कि रास्ते में रेलवे फाटक बंद था, इसी वजह से देर हो गई. उन्होंने परीक्षा में बैठने देने की गुहार लगाई. लेकिन केंद्र अधीक्षक ने नियमों का हवाला देकर उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया. इसी तरह सारण जिले में भी कई परीक्षार्थी समय से कुछ देर से पहुंचे, सभी को गेट पर ही रोक दिया गया. परीक्षार्थी गेट पीटते रहे. अंदर जाने के लिए अनुरोध करते रहे, लेकिन पुलिस और दंडाधिकारी ड्यूटी पर डटे रहे और किसी को भी प्रवेश नहीं दिया गया. गंगा सिंह महाविद्यालय केंद्र पर कुछ छात्राएं रोती हुई नजर आई हैं.

इस बार परीक्षा दो पालियों में कराई जा रही है. पहली पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से शुरू होती है और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से होगी. बोर्ड ने साफ किया है कि छात्रों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य है. पहली पाली के लिए सुबह 9 बजे गेट बंद कर दिए जाएंगे, दूसरी पाली के लिए दोपहर 1.30 बजे गेट बंद होंगे. इसके बाद किसी भी छात्र को प्रवेश नहीं मिलेगा. देर से आने वाले छात्रों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी हो सकती है. इसलिए सभी छात्रों को सलाह दी गई है कि वे कम से कम एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचें.

Add Zee News as a Preferred Source

क्या है इसका कारण?
ऐसा इसलिए हो रहा क्योंकि बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने सभी जिलों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा है कि नकल या किसी भी तरह की अनियमितता मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी. परीक्षा के दौरान बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए बोर्ड ने 24 घंटे का कंट्रोल रूम भी शुरू किया है. यह कंट्रोल रूम 1 फरवरी सुबह 6 बजे से काम कर रहा है. किसी भी समस्या या सूचना के लिए कंट्रोल रूम के नंबर 0612-2232227 और 0612-2232257 जारी किए गए हैं. इसके साथ ही हर जिले में व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाए गए हैं. इन ग्रुप के जरिए तुरंत सूचना साझा की जा रही है. ताकि किसी भी स्थिति में तेजी से कार्रवाई की जा सके.

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था भी बेहद कड़ी रखी गई है. हर केंद्र पर दो स्तर की जांच की जा रही है. छात्रों की जांच प्रवेश द्वार पर ही की जा रही है. मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ और किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह बैन हैं. बोर्ड ने साफ कहा है कि पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई होगी. छात्रों से अपील की गई है कि वे केवल जरूरी सामग्री ही लेकर आएं, और शांत मन से परीक्षा दें, नियमों का पालन करें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह सुचारू और निष्पक्ष तरीके से पूरी हो सके.

ये भी पढ़ें: ट्रंप के दावे की खुली पोल! सीनेटर वार्नर बोले- भारत-पाक ने खुद सुलझाया था विवाद, अमेरिका सिर्फ ले रहा है क्रेडिट

Read Full Article at Source