Last Updated:February 03, 2026, 13:38 IST
Adani Group New Venture : अडानी समूह ने इटली की कंपनी के साथ मिलकर देश में हेलीकॉप्टर बनाने का समझौता किया है. अभी देश में 250 से भी कम हेलीकॉप्टर हैं, जबकि सेना के लिए भी इसकी जरूरत लगातार बढ़ रही है.
अडानी समूह और इटली की कंपनी मिलकर हेलीकॉप्टर बनाने जा रही. नई दिल्ली. भारतीय कंपनी अडानी समूह ने एक और बड़ा ऐलान किया है. समूह की कंपनी अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने भारत की डिफेंस लाइन को मजबूती देने के लिए इटली की कंपनी से हाथ मिलाया है. दोनों कंपनियों के ज्वाइंट वेंचर में यह विनिर्माण शुरू होगा. भारतीय सेना को अगले 10 साल में करीब 1,000 हेलीकॉप्टर की जरूरत है. इसके अलावा देश में अभी जनसंख्या के लिहाज से हेलीकॉप्टरों की संख्या काफी कम है. इसका निर्माण देश में शुरू होने से आयात के मुकाबले यह सस्ता भी पड़ेगा.
अडानी समूह और इटली की प्रमुख कंपनी लियोनार्डो ने भारत में एक एकीकृत हेलीकॉप्टर विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र स्थापित करने के लिए रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की. यह कदम ‘मेक इन इंडिया’ प्रयासों को बढ़ावा देने और देश को अधिक आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम होगा. यह विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र सैन्य मांगों को पूरा करने और हेलीकॉप्टर उत्पादन में भारत की आत्मनिर्भरता बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करेगा.
दोनों कंपनियों में हुआ करार
अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस और लियोनार्डो ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में इस साझेदारी के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए. यह साझेदारी भारतीय सशस्त्र बलों की जरूरतों को लक्षित करेगी, विशेष रूप से लियोनार्डो के उन्नत एडब्ल्यू169एम और एडब्ल्यू109 ट्रेकर हेलीकॉप्टरों के लिए ऐसा किया जाएगा. इसका मतलब कि इटैलियन कंपनी भारत के साथ अपनी तकनीक साझा करेगी और दोनों मिलकर देश में ही हेलीकॉप्टर का निर्माण करेंगे.
देश में 250 से भी कम हेलीकॉप्टर
दोनों कंपनियों ने एक साझा बयान में कहा कि यह सहयोग चरणबद्ध स्वदेशीकरण, मजबूत रखरखाव, मरम्मत और ओवरहाल (एमआरओ) क्षमताओं तथा व्यापक पायलट प्रशिक्षण की सुविधा प्रदान करेगा. भारत में हेलीकॉप्टर की उपलब्धता काफी कम है, जहां देश की जनसंख्या के हिसाब से 250 से भी कम हेलीकॉप्टर हैं. अनुमान है कि देश को अगले 10 वर्षों तक सालाना लगभग 100 हेलीकॉप्टरों की जरूरत होगी. इस तरह, एक हजार से ज्यादा हेलीकॉप्टर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा.
सेना को भी हेलीकॉप्टर की जरूरत
अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के निदेशक जीत अडानी ने कहा कि वे एक ऐसे विमानन पारिस्थितिकी तंत्र की नींव रख रहे हैं, जो नागरिक और रक्षा दोनों जरूरतों में राष्ट्र की सेवा करेगा. लियोनार्डो के साथ साझेदारी न केवल साझा विशेषज्ञता पर बल्कि साझा उद्देश्य पर आधारित है. हम मिलकर भारतीय धरती पर एक ऐसा पारिस्थितिकी तंत्र बनाएंगे जो विनिर्माण, असेंबली, प्रशिक्षण और विश्व स्तरीय सहायता को एक सूत्र में पिरोएगा.कंपनी के सीईओ आशीष राजवंशी ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा आने वाले दशक में 1,000 से अधिक हेलीकॉप्टरों की मांग के अनुमान को देखते हुए, यह साझेदारी महत्वपूर्ण है. लियोनार्डो एयरोस्पेस, रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्रों में एक प्रमुख वैश्विक कंपनी है. लियोनार्डो हेलीकॉप्टर्स के प्रबंध निदेशक जियान पिएरो कुटिलो ने कहा कि भारत एक बड़ा बाजार है और देश के सशस्त्र बलों में हेलीकॉप्टरों की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि...और पढ़ें
Location :
New Delhi,Delhi
First Published :
February 03, 2026, 13:38 IST

1 hour ago
