Last Updated:February 03, 2026, 13:59 IST
श्रीनगर के एसकेआईएमएस सौरा में फर्जी पीडब्ल्यूडी सर्टिफिकेट से एमबीबीएस सीट पाने पर बांदीपुरा के दो लोगों पर ईओडब्ल्यू ने मामला दर्ज किया, जांच जारी है.
फर्जी प्रमाणपत्र बनवाकर मेडिकल में एडमिशन लिया था.श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने फर्जी शारीरिक विकलांगता प्रमाण पत्र (पीडब्ल्यूडी सर्टिफिकेट) का इस्तेमाल कर मेडिकल कॉलेज में प्रवेश हासिल करने के मामले में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. एजेंसी के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि बांदीपुरा जिले के अजास निवासी एक छात्र ने जाली दस्तावेजों के आधार पर श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसकेआईएमएस) सौरा में एमबीबीएस की सीट हासिल की. छात्र ने खुद को ‘दिव्यांग व्यक्ति’ (पीडब्ल्यूडी) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) का बताया था, जबकि जांच में पता चला कि वह शारीरिक रूप से पूरी तरह सक्षम है.
प्रवक्ता ने कहा कि ईओडब्ल्यू को इस संबंध में विश्वसनीय सूचना मिली थी. इसके बाद श्रीनगर स्थित आर्थिक अपराध शाखा ने प्रारंभिक जांच शुरू की. जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी छात्र ने बांदीपुरा जिले के सुंबल क्षेत्र के आशम निवासी एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर फर्जी पीडब्ल्यूडी प्रमाण पत्र बनवाया. इस जाली दस्तावेज के सहारे छात्र को एमबीबीएस कोर्स में दाखिला मिल गया.
प्रवक्ता ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. जांच अभी जारी है और आगे के सबूत जुटाए जा रहे हैं. इस तरह के फर्जीवाड़े से मेडिकल शिक्षा में आरक्षण का दुरुपयोग हो रहा है, जिससे योग्य और जरूरतमंद छात्रों के अधिकार प्रभावित होते है.
ईओडब्ल्यू ने ऐसे मामलों पर सख्त नजर रखने की बात कही है और लोगों से फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल की सूचना देने की अपील की है. यह मामला जम्मू-कश्मीर में मेडिकल प्रवेश प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाता है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई होगी.
About the Author
Sharad Pandeyविशेष संवाददाता
करीब 20 साल का पत्रकारिता का अनुभव है. नेटवर्क 18 से जुड़ने से पहले कई अखबारों के नेशनल ब्यूरो में काम कर चुके हैं. रेलवे, एविएशन, रोड ट्रांसपोर्ट और एग्रीकल्चर जैसी महत्वपूर्ण बीट्स पर रिपोर्टिंग की. कैंब्रिज...और पढ़ें
Location :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
February 03, 2026, 13:59 IST

1 hour ago
