Last Updated:February 20, 2026, 16:34 IST
बेंगलुरु से एक शख्स ने कर्ज चुकाने के लिए अपने अपाहिज पड़ोसी के सामने उसकी पत्नी की हत्या कर दिया. एक कर्ज में डूबे शख्स ने महज सोने के गहनों के लिए अपनी बुजुर्ग पड़ोसन की बेरहमी से हत्या कर और सोने के गहने लेकर फरार हो गया.

कर्ज का बोझ इंसान को किस हद तक अंधा और हैवान बना देता है. इसका उदाहरण बेंगलुरु के नेलमंगला में देखने को मिला. एक 43 साल के शख्स ने अपने ₹8 लाख के कर्ज को चुकाने के लिए एक ऐसी घिनौनी साजिश रची, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है. आरोपी ने अपनी 60 वर्षीय पड़ोसन आर. शोभा की उनके घर के भीतर ही चाकू मारकर हत्या कर दी. सबसे दर्दनाक बात यह रही कि यह पूरी वारदात शोभा के 70 वर्षीय पति रंगनाथ के सामने हुई, जो पिछले 14 सालों से गर्दन के नीचे से लकवाग्रस्त (Paralysed) हैं और अपनी व्हीलचेयर से हिलने तक में असमर्थ हैं.
पुलिस ने बताया कि ये वारदात बुधवार दोपहर की है. आरोपी एन. शिवकुमार पिछले 10 साल से इस दंपत्ति को जानता था. उसे पता था कि शोभा के पास काफी सोने के गहने हैं. उसे यह भी पता था कि शोभा हर दोपहर अपने बीमार पति को धूप दिलाने के लिए बाहर ले जाती हैं. उस वक्त अक्सर घर का दरवाजा खुला रहता था. बुधवार को शिवकुमार इसी ताक में बैठा था. जैसे ही शोभा अपने पति को व्हीलचेयर पर लेकर बाहर निकलीं, शिवकुमार चोरी के इरादे से घर में घुस गया.
पति के सामने पत्नी की हत्या
किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. शोभा और रंगनाथ उम्मीद से जल्दी घर के अंदर वापस आ गए. शोभा ने शिवकुमार को अलमारी की तलाशी लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया. पकड़े जाने के डर और पुलिस के खौफ में शिवकुमार ने आव देखा न ताव, किचन से चाकू उठाया और रंगनाथ की आंखों के सामने ही शोभा की गर्दन पर वार कर दिया. रंगनाथ, जो अपनी पत्नी को बचाने के लिए तड़प रहे थे, लकवे के कारण अपनी जगह से हिल भी नहीं पाए और बेबसी में अपनी पत्नी को दम तोड़ते देखते रहे.
बेखौफ था कातिल
शोभा की हत्या करने के बाद शिवकुमार ने उनके गले से मंगलसूत्र और हाथों से दो सोने की चूड़ियां उतारीं और मौके से फरार हो गया. शाम करीब 6 बजे जब रंगनाथ के फिजियोथेरेपिस्ट पुरुषोत्तम घर पहुंचे, तो उन्होंने शोभा को खून से लथपथ बेजान पाया. पुलिस के आने पर जो नजारा दिखा, वह और भी हैरान करने वाला था. आरोपी शिवकुमार पुलिस के आने के बाद बाहर भीड़ में खड़ा होकर तमाशा देख रहा था.
CCTV फुटेज ने खोला राज
नेलमंगला टाउन पुलिस ने जब इलाके के CCTV फुटेज खंगाले, तो उन्हें एक बिना गियर वाले स्कूटर (Gearless Scooter) पर एक संदिग्ध व्यक्ति दोपहर में घर आता और 30 मिनट बाद तेजी से भागता हुआ दिखाई दिया. पुलिस ने पहचान की कि वह कोई और नहीं बल्कि पड़ोस की तीसरी गली में रहने वाला किराना दुकान मालिक शिवकुमार ही था.
जब पुलिस उसके घर पहुंची, तो वह अपनी पत्नी और छोटी बेटी के साथ बड़े आराम से रात का खाना खा रहा था. पहले तो उसने मुकरने की कोशिश की, लेकिन जब पुलिस ने उसे CCTV फुटेज दिखाए, तो उसके पास कोई जवाब नहीं था. कड़ी पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने उसके घर से चोरी किए गए गहने और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है.
सोने का लालच
शिवकुमार ने पुलिस को बताया कि वह बुरी आदतों और व्यापार में घाटे के कारण ₹8 लाख के कर्ज में डूबा था. उसे पता था कि शोभा एक सुनार परिवार से ताल्लुक रखती हैं और हमेशा गहने पहनती हैं. उसने सोचा था कि गहने चुराकर वह अपना सारा कर्ज चुका देगा, लेकिन एक छोटी सी चोरी अब एक जघन्य हत्याकांड में बदल चुकी है. शोभा और रंगनाथ का कोई बच्चा नहीं था और वे 2014 से इस इलाके में रह रहे थे.
About the Author
दीप राज दीपक 2022 में न्यूज़18 से जुड़े. वर्तमान में होम पेज पर कार्यरत. राजनीति और समसामयिक मामलों, सामाजिक, विज्ञान, शोध और वायरल खबरों में रुचि. क्रिकेट और मनोरंजन जगत की खबरों में भी दिलचस्पी. बनारस हिंदू व...और पढ़ें
Location :
Bangalore,Karnataka
First Published :
February 20, 2026, 16:34 IST

1 hour ago
