Last Updated:February 23, 2026, 14:43 IST
Jharsuguda SP Viral Video: झारसुगुड़ा सदर पुलिस स्टेशन के ठीक सामने नेशनल हाईवे-49 पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर और पुलिसकर्मियों को ले जा रही बोलेरो एसयूवी की आमने-सामने की टक्कर में पांच पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. सोमवार को जब मृतक पुलिसकर्मियों का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया, तो यह दृश्य बेहद भावुक कर देने वाला था. इस दौरान झारसुगुड़ा के एसपी जीआर राघवेंद्र खुद को रोक नहीं पाए और उनकी आंखें भर आईं.

ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में रविवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया. झारसुगुड़ा सदर पुलिस स्टेशन के ठीक सामने नेशनल हाईवे-49 पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर और पुलिसकर्मियों को ले जा रही बोलेरो एसयूवी की आमने-सामने की टक्कर में पांच पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसा रविवार सुबह करीब 3.50 बजे हुआ, जब आठ पुलिसकर्मियों की टीम एक सहकर्मी की शादी समारोह में शामिल होकर ड्यूटी पर लौट रही थी. लोहे की छड़ों या स्टोन चिप्स से लदे ट्रेलर की जोरदार टक्कर से बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. स्थानीय लोग टक्कर की आवाज सुनकर सबसे पहले मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. दमकल विभाग की टीम ने कटर की मदद से गाड़ी में फंसे घायलों को बाहर निकाला.
अंतिम विदाई में टूट गए एसपी
सोमवार को जब मृतक पुलिसकर्मियों का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया, तो यह दृश्य बेहद भावुक कर देने वाला था. इस दौरान झारसुगुड़ा के एसपी जीआर राघवेंद्र खुद को रोक नहीं पाए और उनकी आंखें भर आईं. शहीद साथियों को अंतिम सलाम करते हुए एसपी के रोने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. लोग कह रहे हैं कि यह सिर्फ एक अफसर का नहीं, बल्कि अपने जवानों को खोने का दर्द है.
View this post on Instagram
मृतक और घायल पुलिसकर्मी
इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान काशीराम भोई (एपीआर), निरंजन कुजूर (ड्रिल सब-इंस्पेक्टर), देबदत्त सा (एपीआर), लिंगराज धुरुआ (एपीआर हवलदार) और भक्तबंधु मिर्धा (होम गार्ड) के रूप में हुई है.
वहीं गंभीर रूप से घायल दुबराज मिरिग और आकाश नायक (एपीआर) तथा राजीव भारसागर (सार्जेंट) का इलाज चल रहा है. दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए बरगढ़ के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया है.
सरकार और प्रशासन का रुख
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी राघवेंद्र, एएसपी मधुसिक्ता मिश्रा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके और अस्पताल पहुंचे. ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस हादसे पर गहरा शोक जताया और मृतक पुलिसकर्मियों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की.
पुलिस ने ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है. शुरुआती जांच में ओवरस्पीडिंग और ड्राइवर की थकान जैसे पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
सड़क की बदहाली पर सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एक बार फिर एनएच-49 को चार लेन का बनाने की पुरानी मांग उठाई है. उनका कहना है कि इस सड़क से रोजाना हजारों भारी वाहन गुजरते हैं और लगातार हो रही दुर्घटनाएं प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा हैं.
इस दर्दनाक हादसे ने न सिर्फ पांच परिवारों के घरों का उजाला छीन लिया, बल्कि उस एसपी को भी तोड़ दिया, जो आमतौर पर मजबूत और संयमित दिखाई देता है. शहीद पुलिसकर्मियों को अंतिम विदाई देते वक्त एसपी की नम आंखें यही बता रही थीं कि वर्दी के पीछे भी इंसान का दिल होता है.
About the Author
An accomplished digital Journalist with more than 13 years of experience in Journalism. Done Post Graduate in Journalism from Indian Institute of Mass Comunication, Delhi. After Working with PTI, NDTV and Aaj T...और पढ़ें
First Published :
February 23, 2026, 14:43 IST

2 hours ago
