India 6th Gen Fighter Program: दुनिया की एक बड़ी सैन्य ताकत होने के बावजूद भारत आधुनिक फाइटर जेट की रेस में चीन और पाकिस्तान से थोड़ा पीछे रह गया है. इस सच्चाई को स्वीकार करने में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए. लेकिन, ऐसा नहीं है कि देश के नीति निर्माताओं को इस बात का इल्म नहीं है. वे भी जानते हैं कि कहीं न कहीं कोई चूक हुई है. इसमें एक सबसे बड़ा कारण रहा देसी फाइटर जेट प्रोग्राम तेजस पर भरोसा करना. लेकिन, इंजन की सप्लाई में दिक्कत और कुछ अन्य अड़चनों की वजह से यह प्रोग्राम योजना के मुताबिक आगे नहीं बढ़ पाया है. हालांकि अब यह प्रोजेक्ट भी पटरी पर आ चुका है. खैर इस मसले पर हम कभी और चर्चा करेंगे.
मौजूदा वक्त में एयरफोर्स और देश के नीति-निर्माता इस बात को समझ चुके हैं कि फाइटर जेट्स के लिए और विलंब नहीं किया जा सकता है. इसी कारण रक्षा मंत्रालय ने पिछले दिनों फ्रांस से 114 राफेल विमानों की खरीद को मंजूरी दे दी. इसके साथ ही बीते साल ही भारत सरकार ने अपने पांचवीं पीढ़ी के फाइटर जेट एम्का प्रोग्राम को मंजूरी दी थी. इस प्रोग्राम पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक एम्का के प्रोटोटाइप बनाने के लिए टाटा ग्रुप की कंपनी का चुनाव भी हो चुका है. अगर सब कुछ ठीक रहा तो 2034-35 तक भारत का अपना देसी 5वीं पीढ़ी का फाइटर जेट एयरफोर्स के बेड़े में शामिल हो चुका होगा.
रूस सुखोई-57 जेट खरीदने की तैयारी
इतना ही नहीं ऐसी भी रिपोर्ट आई है कि भारत सरकार मौजूदा वक्त में 5वीं पीढ़ी के फाइटर जेट की कमी को पूरा करने के लिए अपने सबसे भरोसेमंद साथी रूस के साथ सुखोई-57 का सौदा कर सकती है. द ट्रिब्यून की एक रिपोर्ट के मुताबिक एयरफोर्स ने इसको लेकर एक प्रस्ताव रक्षा मंत्रालय को भेज दिया है. अब रक्षा मंत्रालय इस पर विचार कर रहा है. हालांकि इस फाइटर जेट के कितने यूनिट खरीदे जाएंगे इसको लेकर अभी तक कोई खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन सैन्य एक्सपर्ट बता रहे हैं कि जब तक एम्का तैयार नहीं हो जाता तब तक 5वीं पीढ़ी के जेट की कमी को पूरा करने के लिए सुखोई-57 के दो से तीन स्क्वाड्रन लिए जा सकते हैं.
दरअसल, चीन की सेना में पांचवीं पीढ़ी के फाइटर जेट जे-20 शामिल हो गया है. इतना ही नहीं उसका दूसरा 5वीं पीढ़ी का जेट जे-35 भी तैयार है. जे-35 को कई मामलों में अमेरिकी एफ-35 से बेहतर या उसकी टक्कर का विमान बताया जा रहा है. वह अपने जिगरी यार पाकिस्तान को भी पांचवीं पीढ़ी का जेट देने जा रहा है. ऐसे में भारत के सामने दोतरफा चुनौती है. इसी कारण भारत अब पांचवीं पढ़ी के लिए और इंतजार करने के मूड में नहीं है.
भारत फ्रांस के साथ और 114 राफेल लड़ाकू विमान खरीदने का सौदा करने जा रहा है. फोटो- रायटर
भारत के बेड़े में आएंगे 5-5 विमान
यानी भारतीय वायु सेना के बेड़े में फिलहाल के लिए 4.5 पीढ़ी के तेजस एमकेआई-1ए और तेजस मार्क-2, 4.5+ पीढ़ी के राफेल, फिर 5वीं पीढ़ी के एम्का को शामिल करने की पूरी योजना को मंजूरी मिल चुकी है. सुखोई-57 की खरीद की भी योजना है. लेकिन भारत का सफर यहीं थमने वाला नहीं है. भारत भविष्य के फाइटर जेट की ओर कदम बढ़ाने जा रहा है.
छठी पीढ़ी के फाइटर जेट पर भी काम
दरअसल, भारत और फ्रांस के बीच अब छठी पीढ़ी के फाइटर जेट पर भी काम शुरू होने जा रहा है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक भारत अब फ्रांस के साथ छठी पीढ़ी के फाइटर के विकास और निर्माण की संभावना तलाश रहा है. इसको लेकर फ्रांस में फ्यूचर कम्बैट एयर सिस्टम (FCAS) प्रोग्राम चल रहा है. इस प्रोग्राम को फ्रांस, जर्मनी और स्पेन ने 2017 में शुरू किया था. मीडिया में रिपोर्ट यह है कि अब भारत को भी इस प्रोग्राम में भागीदार बनाने के लिए शुरुआती बातचीत हो चुकी है.
दरअसल, बीते आठ साल में इस प्रोजेक्ट पर बहुत कम डेवलपमेंट हुआ है. प्रोजेक्ट को लीड करने के मसले पर इन तीनों देशों के बीच गहरे मतभेद खुलकर सामने आए हैं. काम के बंटवारे और एयरक्राफ्ट के बेसिक डिजाइन को लेकर भी मतभेद उभरे हैं. ऐसे में इसकी पूरी संभावना है कि फ्रांस और जर्मनी इस प्रोजेक्ट से निकल जाएं और वे अगल-अलग रास्ते पर चलें. यहीं पर भारत के लिए एंट्री की संभावना बन रही है.
भविष्य के इस छठी पीढ़ी के फाइटर जेट में मैन्ड-अनमैन्ड टीमिंग, कम्बैट क्वलाउड नेटवर्किंग, एडवांस प्रोपल्शन और स्टील्थ जैसे फीचर होंगे. अगर भारत इस प्रोजेक्ट में शामिल होता है तो उसे अपने देसी एम्का प्रोजेक्ट को भी आगे बढ़ाने में काफी सहायता मिलेगी.
FCAS प्रोग्राम पर करीब 10 लाख करोड़ रुपये की लागत आने की उम्मीद है. फोटो- रायटर
10 लाख करोड़ का प्रोजेक्ट
एफसीएएस एक 100 अरब यूरो यानी करीब 10 लाख करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट है. इसको 2040 तक डेवलप करने का लक्ष्य है. उधर चीन और अमेरिका भी अपने-अपने छठी पीढ़ी के फाइटर जेट पर काम कर रहे हैं. जापान भी कुछ अन्य देशों के साथ मिलकर छठी पीढ़ी का जेट प्रोग्राम चला रहा है. भविष्य के ये विमान पूरी तरह एआई बेस्ड होंगे. यानी ये केवल एक फाइटर जेट नहीं बल्कि आसमान में एक वर्चुअल एआई बेस्ड वार रूम की तरह काम करेंगे.
इस प्रोजेक्ट में मुख्य रूप से तीन कंपनियां हैं. फ्रांस की दसॉल्ट एविएशन, जर्मनी और स्पेन की एयरबस की सबसिडरी और स्पेन की इंद्रा शामिल हैं. इसमें दसॉल्ट को डिजाइन, एयरबस को ड्रोन और क्लाउड टेक्नोलॉजी और इंद्रा को सेंसर डेवलप करना था. लेकिन, दसॉल्ट ने प्रोजेक्ट में 80 फीसदी हिस्सेदारी की डिमांड कर दी, जबकि जर्मनी बराबर की हिस्सेदारी चाहता है.
भारत के लिए अच्छा मौका कैसे?
दरअसल, फ्रांस की तरह ही भारत को भी भविष्य के फाइटर जेट की जरूरत है. दोनों की जरूरतें करीब-करीब एक जैसी है. ऐसे में भारत को इस जेट की संभावित डिजाइन से कोई दिक्कत नहीं आएगी. इसके साथ ही राफेल और सैफ्रान इंजन को लेकर दोनों देशों के बीच सहयोग काफी मजबूत हुआ है. यानी भारत और फ्रांस एक मजबूत और भरोसेमंद रक्षा साझेदार के रूप में उभरे हैं. ऐसे में इस गठबंधन की संभावना से कोई इनकार नहीं कर सकता.

3 hours ago
