Olympic 2026: इटली के मिलान शहर में 2026 शीतकालीन ओलंपिक के खिलाफ हुआ विरोध प्रदर्शन शनिवार देर रात हिंसक हो गया. सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, दिनभर शांतिपूर्ण रहा मार्च रात होते-होते प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पों में बदल गया, जिसके बाद पुलिस को आंसू गैस और पानी की बौछारों का इस्तेमाल करना पड़ा. यह हिंसा ऐसे समय पर हुई है, जब इतालवी अधिकारी उत्तरी इटली में रेलवे लाइनों पर संदिग्ध तोड़फोड़ की अलग-अलग घटनाओं की जांच कर रहे हैं.
सड़कों पर उतरे सैकड़ों लोग
सीएनएन के अनुसार, हजारों लोग 2026 शीतकालीन ओलंपिक के विरोध में मिलान की सड़कों पर उतरे थे. प्रदर्शनकारियों ने ओलंपिक से जुड़ी निर्माण परियोजनाओं को लेकर पर्यावरणीय नुकसान, साथ ही खेलों की मेजबानी से होने वाले आर्थिक और सामाजिक बोझ पर सवाल उठाए. यह मार्च अनसस्टेनेबल ओलंपिक्स कमेटी के बैनर तले आयोजित किया गया था, जिसमें पर्यावरण संगठनों, छात्रों, आवास अधिकार कार्यकर्ताओं, श्रमिक संघों, फिलिस्तीन समर्थक नेटवर्क और ट्रांसफेमिनिस्ट समूहों सहित मिलान, लोम्बार्डी और उत्तरी इटली के अन्य इलाकों से लोग शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने इतालवी सरकार की सत्तावादी सुरक्षा नीतियों और नस्लीय अल्पसंख्यकों के प्रति उसके रवैये की भी आलोचना की.
पुलिस ने किया लाठी चार्ज
जानकारी के अनुसार, दोपहर तक प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा. लोग कंधे से कंधा मिलाकर मार्च करते रहे, लेकिन रात के समय में जब मार्च ओलंपिक विलेज के पास पहुंचा जिसे पुलिस ने भारी सुरक्षा घेरे में रखा था तब हालात बिगड़ने लगे. कुछ प्रदर्शनकारियों ने खिलाड़ियों के आवास की दिशा में पटाखे और धुआं छोड़ने वाले बम फेंके, हालांकि वे इमारतों तक नहीं पहुंचे. बाद में, जब मार्च वाया बेनाको होते हुए पियाजाले कोरवेट्टो की ओर मुड़ा तो एक छोटे समूह ने पुलिस पर पटाखे फेंके. इसके जवाब में पुलिस ने पहले लाठियां चलाईं और फिर आंसू गैस व पानी की बौछारों का सहारा लिया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कई प्रदर्शनकारी हिंसा में शामिल नहीं थे और चौक के मुख्य हिस्से में ही मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें: माफी नहीं मांगूंगा मैंने कोई गलती नहीं की... ओबामा को बंदर बताने वाले वीडियो पर अड़े ट्रंप
ये झड़पें 2026 शीतकालीन ओलंपिक के आधिकारिक उद्घाटन के एक दिन बाद हुईं. ओलंपिक का उद्घाटन मिलान के सैन सिरो स्टेडियम में भव्य समारोह के साथ किया गया था, जिसमें इतालवी गायक एंड्रिया बोसेली और अमेरिकी गायिका मारिया कैरी ने प्रस्तुति दी थी. इस बीच, सीएनएन ने यह भी बताया कि शनिवार को उत्तरी इतालवी शहर बोलोग्ना में रेलवे नेटवर्क बुरी तरह प्रभावित हुआ. इटली के परिवहन मंत्री के मुताबिक, रेल बुनियादी ढांचे पर संभावित सोची-समझी साजिश की जांच की जा रही है, जिससे समन्वित तोड़फोड़ की आशंका और गहरा गई है.

1 hour ago
