Alexei Navalny Killed: ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी समेत यूरोप के पांच देशों ने रूस पर आरोप लगाया है कि मास्को की सरकार ने विपक्ष के नेता और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के कट्टर आलोचक एलेक्सी नवेलनी को जहर देकर मारा था. इन देशों ने एक सामूहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि नवेलनी के शरीर में एपिबेटिडाइन नाम के जहरीले पदार्थ पाया गया था. ये दक्षिणी अमेरिका के डार्ट मेढ़क में पाया जाने वाला वो जहर है जो रूस में आसानी से नहीं मिलता है. ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, 'हम जानते हैं कि रूस की सरकार ने अब नवेल्नी को टारगेट करने के लिए इस जानलेवा जहर का इस्तेमाल किया था'.
पांच देशों का संयुक्त बयान
वहीं पांचों देशों ने अपने संयुक्त बयान में कहा, 'रूस के पास इस खतरनाक जहर की उपलब्धता होने के साथ उनके पास ऐसा करने का मोटिव और मौका दोनों था. इन देशों ने आरोप लगाया कि रूस की सरकार अपने विरोधियों को ठिकाने लगाने के लिए केमिकल हथियारों का इस्तेमाल कर रही है जो अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन है'.
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ब्रिटिश विदेश सचिव कूपर ने कहा, 'रूस ने नवेलनी को एक खतरे के तौर पर देखा. इस तरह के जहर का इस्तेमाल करके रूसी सरकार ने दिखाया कि उसके पास कितने घटिया और खतरनाक हथियार हैं और राजनीतिक विरोध से क्रेमलिन को कितना डर लगता है.
नवेलनी की विधवा का बयान
नवेलनी की वाइफ यूलिया ने शनिवार को ये दावा करते हुए सनसनी मचा दी कि 2024 में आर्कटिक जेल में उनके पति की हत्या जहर देकर की गई. म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस में यूलिया ने कहा, 'दो साल पहले जब मैं इस स्टेज पर आई थी तब मैंने कहा था नवेलनी की मौत में प्रेसिडेंट का था, तब मुझे पक्का यकीन था कि उनकी मौत सामान्य न होकर वेल प्लान्ड कोल्ड ब्लडेड मर्डर था. हालांकि तब ये सिर्फ शब्द थे, लेकिन आज यकीन हो गया कि विज्ञान के जरिए जहर बनाकर किसी को भी खत्म किया जा सकता है.
कौन थे नवेलनी?
नवेलनी ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ बड़े पैमाने पर सरकार विरोधी प्रदर्शन करके भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी. उन्हें 19 साल कैद की सजा सुनाई गई थी. नवेलनी समर्थकों ने कहा था कि सजा राजनीतिक आरोपों से प्रेरित थी. फरवरी 2024 में उनकी संदिग्ध स्थितियों में मौत हो गई थी. तभी से पूरा पश्चिमी जगत रूस सरकार और पुतिन पर हमलावर है.

1 hour ago
