नई दिल्ली. नई दिल्ली. भारत के 5 प्रमुख राज्यों में सूरज का सितम अब असहनीय होने लगा है जहां पारा 40 डिग्री के आंकड़े को पार कर गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार पश्चिमी और मध्य भारत के महाराष्ट्र (विदर्भ), गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी का तांडव शुरू हो चुका है. महाराष्ट्र का विदर्भ क्षेत्र इस समय देश का सबसे गर्म इलाका बना हुआ है जहां नागपुर समेत कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज किया गया है. 12 मार्च को गुजरात के सौराष्ट्र-कच्छ और पश्चिम राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों में भी पारा 40 डिग्री छूने का अनुमान है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, गर्म हवाओं और सीधी धूप के कारण दोपहर के समय लू जैसे हालात बन रहे हैं. केरल और कोंकण के तटीय इलाकों में भी उच्च तापमान के साथ उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. हालांकि उत्तर भारत में बारिश की आहट है.
उत्तर भारत में बारिश और आले गिरने की संभावना
उत्तर भारत के राज्यों में भारी बारिश, ओले गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 14 मार्च से आने वाले एक नए पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों तक मौसम में बड़ी हलचल देखने को मिलेगी. उत्तर भारत के राज्यों में 12 मार्च से 17 मार्च के बीच मौसम काफी बदल जाएगा. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बर्फबारी और बारिश का सिलसिला शुरू होगा.
· मैदानी राज्यों में असर: पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 14 से 16 मार्च के बीच भारी बारिश की संभावना है. इस दौरान 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
· उत्तर प्रदेश का हाल: यूपी में 15 और 16 मार्च को गरज-चमक के साथ हल्की से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. हालांकि इससे पहले लखनऊ, आगरा और कानपुर जैसे जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी.
· दिल्ली-NCR: राजधानी दिल्ली में 12 मार्च की शाम से बादल छाने शुरू होंगे. दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 33-34°C के आसपास रहेगा, जबकि 15 मार्च के आसपास बूंदाबांदी की संभावना है.
भीषण लू की चेतावनी
एक तरफ जहां बारिश का अलर्ट है, वहीं दूसरी तरफ पश्चिम और दक्षिण भारत गर्मी की चपेट में हैं:
· गुजरात: सौराष्ट्र और कच्छ में 11 से 13 मार्च के दौरान भीषण लू चलने की प्रबल संभावना है.
· राजस्थान और दक्षिण भारत: राजस्थान, केरल और तमिलनाडु में 12 और 13 मार्च को खतरनाक लू की चेतावनी जारी की गई है. राजस्थान के बाड़मेर और जोधपुर जैसे जिलों में पारा तेजी से बढ़ेगा.
· मध्य प्रदेश: खरगोन, ग्वालियर और दतिया जैसे जिलों में 12 मार्च को भीषण लू चलने का अनुमान है, जिससे दिन का पारा 36°C को पार कर सकता है.
पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत का मौसम
· भारी वर्षा: अरुणाचल प्रदेश में 12-14 मार्च और असम-मेघालय में 13-15 मार्च के बीच भारी बारिश की संभावना है.
· झारखंड और बिहार: बिहार में 15-16 मार्च को बारिश की संभावना है जबकि झारखंड में 12 मार्च और फिर 15-17 मार्च के दौरान गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.
मुख्य प्वाइंट्स
· नया पश्चिमी विक्षोभ: 14 मार्च 2026 से उत्तर-पश्चिम भारत में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ प्रवेश करेगा, जो बारिश का मुख्य कारण बनेगा.
· हवा की रफ्तार: कई राज्यों में 55 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवा के झोंके चलने की संभावना है, जिससे खड़ी फसलों को नुकसान पहुँच सकता है.
· तापमान में गिरावट: बारिश के बाद उत्तर भारत के राज्यों में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की उम्मीद है.
· हिमाचल में ओले: शिमला, मंडी और कुल्लू सहित कई जिलों में 11 और 12 मार्च को ओले की चेतावनी दी गई है.
सवाल-जवाब
दिल्ली में बारिश कब होने की संभावना है?
मौसम विभाग के चार्ट के अनुसार, दिल्ली में 14 मार्च को बादल छाएंगे और 15 मार्च की सुबह हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है.
किन राज्यों में लू का सबसे ज्यादा असर रहेगा?
12 और 13 मार्च को गुजरात (सौराष्ट्र/कच्छ), राजस्थान, मध्य प्रदेश, केरल और तमिलनाडु में भीषण लू चलने की चेतावनी है.
पहाड़ों में बर्फबारी कब होगी?
12 से 17 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई गई है.
क्या इस बारिश से दिल्ली के प्रदूषण में कमी आएगी?
हां, दिल्ली-NCR में 12 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं और संभावित बारिश के कारण एक्यूआई (AQI) में सुधार होगा.
उत्तर प्रदेश के किन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है?
यूपी के पश्चिमी हिस्सों सहित मेरठ, बरेली और आसपास के क्षेत्रों में 15-16 मार्च को बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना है.

1 hour ago
