'टैरिफ 0 होता तो मैच जीत जाता अमेरिका', सर्जियो गोर के घर पीयूष गोयल की गुगली

1 hour ago

Last Updated:February 10, 2026, 06:54 IST

Piyush Goyal on Tariff: अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के आवास पर आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने क्रिकेट और व्यापार को जोड़ते हुए मजाकिया टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका ने टैरिफ शून्य किया होता तो टी20 मैच का परिणाम बदल सकता था. इस दौरान भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और टैरिफ में कटौती पर भी चर्चा हुई.

'टैरिफ 0 होता तो मैच जीत जाता अमेरिका', सर्जियो गोर के घर पीयूष गोयल की गुगलीZoom

सर्जियो गोर के आवास पर पीयूष गोयल का टैरिफ मजाक चर्चा में. (फाइल फोटो PTI)

India US Relation: भारत और अमेरिका के रिश्ते एक बार फिर पटरी पर आ गए हैं. लंबे समय से चल रहे उथल-पुथल के बीच ट्रेड डील हो गई. अब कूटनीति में हल्के-फुल्के अंदाज भी नजर आ रहे हैं. अमेरिका के भारत में राजदूत सर्जियो गोर के आवास पर आयोजित एक स्वागत समारोह में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ऐसा ही माहौल बना दिया. उन्होंने क्रिकेट और व्यापार को जोड़ते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर अमेरिका ने रेसिप्रोकल टैरिफ को शून्य कर दिया होता तो शायद टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में अमेरिका की टीम भारत को हरा देती. गोयल की इस टिप्पणी ने समारोह में मौजूद मेहमानों के बीच हंसी का माहौल बना दिया और यह बयान तेजी से चर्चा का विषय बन गया.

दरअसल हाल ही में खेले गए भारत-अमेरिका टी20 मुकाबले में अमेरिकी टीम ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया था. हालांकि टीम मैच जीतने में सफल नहीं हो सकी. लेकिन टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी की सराहना हो रही है. इसी संदर्भ में पीयूष गोयल ने अमेरिकी टीम की तारीफ करते हुए कहा कि जिस देश ने हाल ही में क्रिकेट खेलना शुरू किया है उसके लिए यह प्रदर्शन शानदार है. उन्होंने यह भी बताया कि मैच के दौरान राजदूत गोर भी मौजूद थे और उन्होंने मैच के परिणाम को लेकर एक दिलचस्प टिप्पणी की थी, जिसका जवाब गोयल ने अपने खास अंदाज में दिया.

View this post on Instagram

क्रिकेट पर मजाक

समारोह के दौरान पीयूष गोयल ने बताया कि अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने मजाक में कहा था कि अमेरिका यह मुकाबला करीब 18 प्रतिशत अंतर से हार गया. इस पर गोयल ने हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब दिया कि अगर अमेरिका ने रेसिप्रोकल टैरिफ को शून्य कर दिया होता तो मैच का परिणाम बदल सकता था. गोयल की इस टिप्पणी ने कूटनीतिक कार्यक्रम को और रोचक बना दिया. उन्होंने यह भी कहा कि खेल और व्यापार दोनों देशों को जोड़ने का मजबूत माध्यम बन सकते हैं. भारत ने इस मुकाबले में अमेरिका को 162 रन का टारगेट दिया था. जवाब में अमेरिकी टीम 132 रन पर सिमट गई और भारत ने मुकाबला जीत लिया. हालांकि अमेरिकी टीम के प्रदर्शन की कई विशेषज्ञों ने सराहना की. समारोह में पीयूष गोयल ने राजदूत सर्जियो गोर की भूमिका की भी जमकर तारीफ की और कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने में उनकी व्यक्तिगत भागीदारी और नेतृत्व अहम रहा है.

पीयूष गोयल ने टैरिफ को लेकर क्या टिप्पणी की?

पीयूष गोयल ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर अमेरिका ने भारत के साथ रेसिप्रोकल टैरिफ को शून्य कर दिया होता तो शायद टी20 मैच का परिणाम अलग होता. उन्होंने यह टिप्पणी अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर की उस बात के जवाब में दी जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका मैच 18 प्रतिशत अंतर से हार गया.

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में क्या बदलाव हुए हैं?

लंबे समय तक चली बातचीत के बाद अमेरिका ने भारतीय निर्यात पर टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत करने का फैसला किया है. इससे पहले 2025 में अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाया था. इसके अलावा रूस से ऊर्जा और रक्षा खरीद को लेकर लगाए गए अतिरिक्त दंडात्मक शुल्क को भी हटाने का संकेत दिया गया है. यह समझौता भारतीय निर्यातकों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है.

इस व्यापार समझौते से भारत को क्या लाभ होगा?

इस समझौते से भारतीय उत्पादों की अमेरिकी बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी. चीन, पाकिस्तान, बांग्लादेश और वियतनाम जैसे देशों की तुलना में भारत को बेहतर स्थिति मिल सकती है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस समझौते का स्वागत करते हुए कहा कि इससे ‘मेक इन इंडिया’ उत्पादों को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा और दोनों देशों के व्यापारिक संबंध और मजबूत होंगे.

भारत-अमेरिका संबंधों में नया मोड़

भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता दोनों देशों के रिश्तों को नई मजबूती देने वाला माना जा रहा है. विशेषज्ञों का मानना है कि टैरिफ में कटौती से व्यापार बढ़ेगा और निवेश के नए अवसर खुलेंगे. इसके अलावा रणनीतिक साझेदारी भी मजबूत होगी. आने वाले समय में दोनों देश तकनीक, रक्षा और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ा सकते हैं.

About the Author

Sumit Kumar

सुमित कुमार News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वे पिछले 3 साल से यहां सेंट्रल डेस्क टीम से जुड़े हुए हैं. उनके पास जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री है. News18 हिंदी में काम करने से पहले, उन्ह...और पढ़ें

First Published :

February 10, 2026, 06:52 IST

homenation

'टैरिफ 0 होता तो मैच जीत जाता अमेरिका', सर्जियो गोर के घर पीयूष गोयल की गुगली

Read Full Article at Source