Last Updated:March 12, 2026, 14:29 IST
Nishikant Dubey Attacks On Rahul Gandhi: भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा में राहुल गांधी पर भारत को तोड़ने की साजिश और जॉर्ज सोरोस के एजेंडे का हिस्सा होने का आरोप लगाया हैं. उन्होंने कहा कि अगर चीन, रूस और अमेरिका भारत पर मिलकर हमला करे तो राहुल गांधी को बहुत खुशी मिलेगी.

Nishikant Dubey Attacks On Rahul Gandhi: भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी की आत्मा को तब सुकून मिलेगा, जब चीन, रूस और अमेरिका मिलकर भारत पर हमला करेंगे या बॉयकॉट करेंगे. दुबे ने राहुल गांधी पर भारत को तोड़ने की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया और कहा कि यह जॉर्ज सोरोस के एजेंडे का हिस्सा है. संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत में झारखंड से सांसद दुबे ने कहा कि राहुल गांधी चाहते हैं कि प्रधानमंत्री सुबह डोनाल्ड ट्रंप को गाली दें, दोपहर में व्लादिमीर पुतिन को और शाम में शी जिनपिंग को. अगर प्रधानमंत्री इन तीनों को अपमानित कर दें, तो राहुल गांधी की आत्मा को सुकून मिल जाएगा.
उन्होंने आगे कहा कि जब रूस, अमेरिका और चीन मिलकर भारत का बॉयकॉट करें या हमला करें, तो उनकी आत्मा तृप्त हो जाएगी, क्योंकि जॉर्ज सोरोस का भारत तोड़ने का एजेंडा सफल हो जाएगा. मैं हमेशा कहता हूं कि यह भारत को तोड़ने की साजिश है और राहुल गांधी उसमें शामिल हैं. दुबे ने राहुल गांधी के विदेश में दिए बयानों और घरेलू राजनीति पर भी निशाना साधा. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के श्रीलंका में भारतीय शांति सेना (IPKF) भेजने के फैसले की आलोचना की और कहा कि श्रीलंका में गृहयुद्ध चल रहा था, तब राजीव गांधी ने जबरन भारतीय सेना भेजी. नतीजा यह हुआ कि पहली बार विदेश में हमारे देश के प्रधानमंत्री पर उसी देश के सैनिकों ने हमला किया.
अनुशासनहीन और लापरवाह विपक्ष
विपक्ष पर निशाना साधते हुए दुबे ने कहा कि देश ने कभी इतनी निम्न, अनुशासनहीन और लापरवाह विपक्ष नहीं देखा. उन्होंने एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता पर बहस का जिक्र करते हुए दावा किया कि पड़ोसी देशों में स्थिति बहुत खराब है. पाकिस्तान चार दिनों से बंद है, वहां 90 प्रतिशत रेस्टोरेंट बंद हैं. बांग्लादेश में 95 प्रतिशत, श्रीलंका में 98 प्रतिशत रेस्टोरेंट बंद हैं और वहां वाहन भी नहीं चल रहे. सिंगापुर, दुबई, ओमान की स्थिति भी बुरी है. चीन की हालत भी अच्छी नहीं. ऐसे में सरकार का समर्थन करने के बजाय विपक्ष क्या कर रहा है?
दुबे ने 2004-2014 के यूपीए काल से तुलना की और कहा कि तब एलपीजी सिलेंडर के लिए लंबी कतारें लगती थीं. एलपीजी को अमीरों की सुविधा माना जाता था. आज प्रधानमंत्री ने 13 करोड़ लोगों को गैस कनेक्शन देकर गरीबों तक पहुंचाई है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इन प्रयासों का समर्थन करने के बजाय पार्टीगत राजनीति कर रहा है. दुबे के इस बयान से संसद में बहस और गरमाने की संभावना है.
About the Author
न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स...और पढ़ें
First Published :
March 12, 2026, 14:29 IST

1 hour ago
