Last Updated:February 08, 2026, 23:10 IST
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एसआईटी रिपोर्ट के हवाले से सांसद गौरव गोगोई और उनकी पत्नी पर पाकिस्तान कनेक्शन के संगीन आरोप लगाए हैं. सरमा ने पाकिस्तानी दूतावास की गोपनीय मुलाकातों और एलिजाबेथ के पाकिस्तान में रोजगार को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया है. उन्होंने इस प्रकरण की सीबीआई और एनआईए जांच की सिफारिश कर दी है। दूसरी ओर, गोगोई इसे राजनीतिक प्रतिशोध बता रहे हैं, जिससे असम की राजनीति में उबाल आ गया है.

सियासत के अखाड़े में जब दो पुराने दिग्गज आमने-सामने हों तो जुबानी जंग का तीखा होना लाजिमी है. असम की राजनीति में इन दिनों मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और सांसद गौरव गोगोई के बीच छिड़ा गोगोई-हेमंता विवाद महज एक राजनीतिक बयानबाजी नहीं बल्कि प्रतिष्ठा की लड़ाई बन चुका है. जहां एक ओर हिमंत कांग्रेस सांसद और उनकी पत्नी के पाकिस्तान कनेक्शन की बात कह रहे हैं वहीं, गोगोई ने भी सीएम पर पलटवार किया. आप इस विषय पर क्या सोचते हैं. न्यूज18 पर आप राय दे सकते हैं.
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसआईटी (SIT) रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि गौरव गोगोई और उनकी पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न के तार पाकिस्तान से जुड़े हो सकते हैं. हिमंत ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा संवेदनशील मामला बताते हुए पूरे प्रकरण की जांच सीबीआई (CBI) और एनआईए (NIA) से कराने की सिफारिश केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेज दी है. यह खुलासा ऐसे समय में हुआ है जब असम में राजनीतिक माहौल पहले से ही काफी गरमाया हुआ है.”
पाकिस्तानी दूतावास और ‘सीक्रेट’ मुलाकात का दावा
मुख्यमंत्री सरमा ने आरोपों की झड़ी लगाते हुए कहा कि जब वह सिंगापुर में थे, तब उन्हें कुछ ऐसी तस्वीरें मिलीं जिनमें असम के एक सांसद (गौरव गोगोई) को पाकिस्तानी दूतावास में एक युवक के साथ देखा गया. सरमा ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के इतिहास में आज तक कोई भी नेता इस स्तर पर पाकिस्तानी दूतावास से नहीं जुड़ा, जैसा गौरव गोगोई के मामले में दिख रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि गोगोई ने उच्च स्तरीय पाकिस्तानी बातचीत में हिस्सा लिया, जो किसी भी भारतीय जनप्रतिनिधि के लिए अभूतपूर्व और संदिग्ध है.
पत्नी के रोजगार और अब्दुल बासित का ‘असम कनेक्शन’
हिमंत बिस्वा सरमा ने जांच के हवाले से कुछ और चौंकाने वाले तथ्य पेश किए:
· एलिजाबेथ का पाकिस्तान प्रवास: मुख्यमंत्री ने दावा किया कि गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ 2011 से 2012 के बीच पाकिस्तान में कार्यरत थीं.
· अब्दुल बासित का दौरा: सरमा ने पूर्व पाकिस्तानी उच्चायुक्त अब्दुल बासित के असम दौरे को भी इस पूरी कड़ाई से जोड़कर देखा.
· परत-दर-परत जांच: मुख्यमंत्री के अनुसार, जब एसआईटी ने इस मामले की शुरुआती जांच की, तो परतें खुलती चली गईं और मामला बेहद संगीन पाया गया.
About the Author
पत्रकारिता में 14 साल से भी लंबे वक्त से सक्रिय हूं. साल 2010 में दैनिक भास्कर अखबार से करियर की शुरुआत करने के बाद नई दुनिया, दैनिक जागरण और पंजाब केसरी में एक रिपोर्टर के तौर पर काम किया. इस दौरान क्राइम और...और पढ़ें
First Published :
February 08, 2026, 23:10 IST

2 hours ago
