Last Updated:February 05, 2026, 16:09 IST
Gold/Silver Price : सोने और चांदी की कीमतों में आज एक बार फिर गिरावट दिख रही है. चांदी का वायदा भाव 27 हजार रुपये टूटकर एक बार फिर 2.50 लाख रुपये से नीचे आ गई हैं. सोने के वायदा भाव में भी आज सवा फीसदी की गिरावट दिख रही है.

नई दिल्ली. सोने और चांदी के भाव तो जैसे किसी रोलर-कोस्टर पर सवार हैं. जब तक आप इनके ऊपर जाने का हिसाब लगाते हैं, वापस धड़ाम से नीचे गिर जाते हैं और जब तक आप भाव नीचे आने पर खरीदने की सोचते हैं तो कई हजार रुपये चढ़कर पहुंच से दूर हो जाते हैं. अब कल की ही बात ले लीजिए, चांदी का भाव 14 हजार रुपये प्रति किलोग्राम चढ़ गया था और आज दोपहर में ही इसका वायदा भाव 27 हजार रुपये टूटकर 2.42 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गया है. चांदी की कीमतों में आज 10 फीसदी की गिरावट दिख रही है, जबकि सोने में भी सवा एक फीसदी की नरमी आई है.
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कमजोर रुझानों और मजबूत अमेरिकी डॉलर के बीच वायदा कारोबार में चांदी और सोने की कीमतों में दो सत्र की तेजी के बाद गुरुवार को 10 फीसदी तक भारी गिरावट आती है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर मार्च में आपूर्ति वाले चांदी के अनुबंधों की कीमत 26,850 रुपये या 10 फीसदी टूटकर 2,42,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई. पिछले सत्र में चांदी की कीमत 2,68,850 रुपये प्रति किलोग्राम थी.
सोने की कीमतों में भी गिरावट
इसी तरह, अप्रैल में आपूर्ति वाले अनुबंधों के लिए सोने की कीमत बुधवार के बंद भाव 1,53,046 रुपये प्रति 10 ग्राम की तुलना में 2,310 रुपये या 1.51 फीसदी फिसलकर 1,50,736 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई. ऑगमोंट की शोध प्रमुख रेनिशा चैनानी ने कहा कि सोने और चांदी ने हाल की बढ़त को गंवा दिया, जिससे दो दिन की तेजी का सिलसिला टूट गया क्योंकि कीमती धातुओं के बाजारों में नए सिरे से बिकवाली का दबाव और बढ़ी हुई अस्थिरता लौट आई. अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी और सोने के वायदा भावों में घरेलू व्यापार में देखी गई गिरावट का ही प्रभाव नजर आया.
ग्लोबल मार्केट में कितनी टूट चांदी
कॉमेक्स बाजार में मार्च में सप्लाई होने वाली चांदी 8.85 डॉलर या 10.48 फीसदी की गिरावट आई और यह 75.55 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई. दिन के दौरान इसमें 13 फीसदी से अधिक की गिरावट आई और यह 73.38 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के निचले स्तर पर पहुंच गई थी. इंडसइंड सिक्योरिटीज के वरिष्ठ अनुसंधान विश्लेषक जिगर त्रिवेदी ने कहा कि कीमती धातुओं पर नए सिरे से बिकवाली का दबाव और बढ़ती अस्थिरता से चांदी की कीमतों में 14 फीसदी तक की गिरावट आई और यह करीब 73 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई. इससे दो सत्र की तेजी का सिलसिला टूट गया. हालांकि, ऐसी उम्मीद थी कि गिरावट आने पर खरीदार खरीदारी के लिए आगे आएंगे लेकिन हालिया तेजी के टिक न पाने के कारण चांदी तथा अन्य धातुओं की कीमतों में गिरावट जारी रहने के आसार हैं.
सोना भी ग्लोबल मार्केट में टूटा
दूसरी ओर, अप्रैल में सप्लाई वाले सोने की कीमत 80 डॉलर या 1.61 फीसदी टूटकर 4,870.9 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई. पिछले सत्र में इसकी कीमत तो एक बार 5,000 डॉलर प्रति औंस का आंकड़ा पार कर गई थी. त्रिवेदी ने फेडरल रिजर्व के सख्त रुख और ब्याज दरों में कटौती की धीमी गति की उम्मीदों के चलते डॉलर के मजबूत होने को बिकवाली का कारण बताया.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि...और पढ़ें
Location :
New Delhi,Delhi
First Published :
February 05, 2026, 16:09 IST

1 hour ago
